)
Vidyut Jammwal Viral Video: बॉलीवुड इंडस्ट्री के एक्शन स्टार विद्युत जामवाल अक्सर अपने स्टंट्स और फिटनेस के लिए जाने जाते हैं. उनकी फिल्मों का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार रहता है, लेकिन इस बार उन्होंने कुछ ऐसा किया कि वहां मौजूद लोग कुछ देर के लिए समझ ही नहीं पाए कि आखिर एक्टर को क्या हुआ. हाल ही में विद्युत जामवाल की हॉलीवुड फिल्म 'स्ट्रीट फाइटर' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट हुआ. इस इवेंट में वे करीब 15 मिनट तक एकटक बैठे रहे. इस दौरान न तो उन्होंने अपनी आंखें झपकाईं और न ही सांस ली. उन्हें देखने के बाद पहले तो वहां बैठी ऑडियंस समझ नहीं पाई कि क्या हुआ उन्हें. कुछ को लगा कि वह किसी तरह का मेडिटेशन कर रहे हैं, लेकिन जैसे-जैसे समय बीता, तो हर किसी की नजरें टिकी रह गईं.
करीब 15 मिनट बाद उनके पैरों में हल्की कंपन दिखाई देने लगी और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे. तभी वहां मौजूद लोगों को अंदाजा हुआ कि विद्युत जामवाल इतने लंबे समय से अपनी सांस रोककर बैठे हुए थे. इस नजारे को देखने के बाद फैंस और मीडिया हैरान रह गए. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखने के बाद फैंस हैरान हो गए हैं.
दरअसल, हॉलीवुड फिल्म 'स्ट्रीट फाइटर' में विद्युत जामवाल धल्सिम का किरदार निभा रहे हैं. इस फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है. इस इवेंट के दौरान विद्युत ने अपने किरदार और हॉलीवुड सफर के बारे में बताया कि बचपन में उन्होंने वीडियो गेम नहीं खेले, क्योंकि उनका ध्यान स्पोर्ट्स में काफी ज्यादा था. उनके मुताबिक, शायद यही वजह रही कि आगे चलकर उन्हें 'स्ट्रीट फाइटर' में काम करने का मौका मिला. विद्युत जामवाल ने आगे बताया कि उन्होंने पूरी जिंदगी इस किरदार के लिए काफी मेहनत की और फिल्म में काम करने के दौरान उन्हें 50 सेंट, WWE रेसलर्स और कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला.
एक्टर ने आगे बताया कि फिल्म के डायरेक्टर ने उनके पुराने काम को बेहद करीब से देखा था. उन्होंने पिछली फिल्में देखने के बाद ही धल्सिम के किरदार के लिए चुना है. किरदार की तैयारी में उनके लिए सबसे बड़ा सवाल सिर मुंडवाने का था, लेकिन मेकर्स ने शानदार प्रोस्थेटिक्स तैयार किए और फिर इसकी जरूरत नहीं पड़ी.
वहीं विद्युत जामवाल ने हॉलीवुड और बॉलीवुड फिल्मों में काम करने के तरीके पर बात करते हुए बताया कि हॉलीवुड में समय की पाबंदी है. वहां बड़ा से बड़ा स्टार भी तय समय पर सेट पर पहुंच जाता है. सेट पर करीब 300 लोग काम करते हैं और सभी तय समय के मुताबिक सेट पर पहुंच जाते हैं. विद्युत जामवाल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर कोई एक मिनट भी लेट आता है तो प्रोडक्शन की तरफ से फोन आ जाता है कि कहीं वह अस्पताल तो नहीं है.
बता दें कि विद्युत जामवाल की फिल्म 'स्ट्रीट फाइटर' 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. फिल्म में नोआ सेंटिनियो, एंड्रयू कोजी, कैलिना लियांग, WWE स्टार रोमन रेंस यानी जो अनोआई, डेविड डेस्टमालचियन, कोडी रोड्स, एरिक आंद्रे, एंड्रयू शुल्ज, 50 सेंट और जेसन मोमोआ जैसे सितारे नजर आएंगे.