App

नाना पाटेकर का वो आखिरी वादा जो अधूरा रह गया, शेखर सुमन का छलका दर्द; कहा- तीन दिन पहले ही तो बात हुई थी...

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. शेखर सुमन और नंदिता दास ने उनके साथ हुई आखिरी बातचीत को याद करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है.

नाना पाटेकर का वो आखिरी वादा जो अधूरा रह गया, शेखर सुमन का छलका दर्द; कहा- तीन दिन पहले ही तो बात हुई थी...
Image Credit: नाना पाटेकर का 75 की उम्र में निधन, बॉलीवुड में पसरा मातम

Nana Patekar Passes Away: भारतीय सिनेमा के सबसे दमदार और बेबाक अभिनेताओं में शुमार नाना पाटेकर अब हमारे बीच नहीं रहे. 75 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया है. इस खबर के सामने आते ही पूरे फिल्म जगत और देश भर में शोक की लहर दौड़ गई है. जी न्यूज से बात करते हुए शेखर सुमन और नंदिता दास जैसे दिग्गज कलाकारों ने नाना पाटेकर के जाने पर गहरा दुख जताया है और उनके साथ बिताए पलों को याद किया है. नाना पाटेकर अपनी शानदार एक्टिंग, कड़क आवाज और बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते थे. उनका जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक ऐसा नुकसान है जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता.

शेखर सुमन ने नाना पाटेकर के लिए क्या कहा?

जी न्यूज से खास बातचीत में शेखर सुमन काफी इमोशनल नजर आए. उन्होंने बताया कि शेखर ने उन्हें अपने शो में आने का इनविटेशन दिया था. नाना जी ने बहुत प्यार से जवाब दिया था कि वो गणेश चतुर्थी के बाद जरूर शो में आएंगे. अभी तीन दिन पहले ही उनकी नाना पाटेकर से फोन पर बात हुई थी. शेखर सुमन ने बताया कि नाना जी ने फोन पर कहा था कि वो फिलहाल गोवा में एक प्रोजेक्ट की शूटिंग कर रहे हैं. जैसे ही फ्री होंगे, तुरंत मुंबई आकर उनके शो में शामिल होंगे. शेखर ने बताया कि नाना पाटेकर अक्सर पुणे में ही रहा करते थे और मुंबई बहुत कम आते थे.

"उनकी सच्चाई-ईमानदारी उनके काम में दिखती थी"

शेखर सुमन ने नाना पाटेकर की शख्सियत की तारीफ करते हुए कहा कि वो बहुत ही सच्चे और ईमानदार इंसान थे. उनकी बेबाकी उनके हर रोल में साफ झलकती थी. एक व्यक्ति के तौर पर उनका मिजाज और अंदाज सबसे अलग था. जब भी कोई उनसे मिलता था, तो उनकी सादगी का कायल हो जाता था. शेखर ने दुख जताते हुए कहा कि नाना पाटेकर की कमी इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों को हमेशा खलेगी.

नंदिता दास को लगा गहरा झटका

नाना पाटेकर के जाने की खबर सुनकर एक्ट्रेस और डायरेक्टर नंदिता दास भी बेहद भावुक हो गईं. उन्होंने बताया कि उन्हें इस बात का यकीन ही नहीं हो रहा है. उन्हें एक पत्रकार के जरिए यह दुखद जानकारी मिली. नंदिता ने कहा कि हालांकि उन्हें नाना जी के साथ कभी किसी फिल्म में सीधे काम करने का मौका नहीं मिला, लेकिन उनके बीच बहुत अच्छी बॉन्डिंग थी.

नंदिता दास ने याद किया कि एक बार नाना पाटेकर ने खुद उन्हें फोन किया था और साथ में काम करने की इच्छा जताई थी लेकिन साथ काम करने का मौका नहीं मिला. उन्होंने नंदिता से कहा था कि उन्होंने गोवा में एक बहुत ही खूबसूरत जगह बनाई है और उन्हें वहां जरूर आना चाहिए. नंदिता ने कहा कि नाना पाटेकर जब भी मिलते थे, बहुत दिल खोलकर बातें करते थे. वो अपनी लाइफ में आने वाले हर इंसान को हमेशा याद रखते थे और बहुत इज्जत देते थे.

पुणे में होगा अंतिम संस्कार

नाना पाटेकर के अंतिम दर्शन और विदाई को लेकर भी जानकारी सामने आ चुकी है. उनका अंतिम संस्कार पुणे में किया जाएगा. उनके सभी करीबी और फैंस उन्हें आखिरी विदाई देने की तैयारी कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर सुबह से ही नाना पाटेकर के पुराने डायलॉग्स, वीडियोज और फोटोज ट्रेंड कर रहे हैं. युवा फैंस भी उनके आइकॉनिक रोल्स को याद करके उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More