)
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की नई स्पाई कॉमेडी फिल्म ‘उड़ता तीर’ सिनेमाघरों में ऑडियंस के बीच अपनी जगह बनाने की पूरी कोशिश कर रही है. फिल्म ने पहले वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छी कमाई की और शनिवार-रविवार को इसकी कमाई में अच्छा उछाल भी देखने को मिला, लेकिन जैसे ही पहला सोमवार आया, फिल्म की कमाई की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई. शुक्रवार को नॉर्मल शुरुआत करने के बाद वीकेंड ने फिल्म को संभाला जरूर था, लेकिन वीकडेज में टिके रहना हर फिल्म के लिए एक बड़ी परीक्षा साबित होता है.
मंगलवार यानी रिलीज के 5वें दिन भी फिल्म के कलेक्शन में हल्की गिरावट देखने को मिली. सिनेमाघरों में चल रहे कड़े मुकाबले के बीच सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि ये फिल्म आगे कितना दम दिखा पाती है. ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘उड़ता तीर’ अभी भी बॉक्स ऑफिस पर हिम्मत से डटी हुई है. देशभर में करीब 5,852 शोज के साथ चल रही इस फिल्म ने 5वें दिन लगभग 3.10 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. मंगलवार को थिएटर्स में ऑडियंस की मौजूदगी 18% दर्ज की गई. हालांकि, ये कमाई सोमवार के मुकाबले 8.9% कम थी.

इसके साथ ही फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन अब 25.85 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. 23 अक्टूबर को रिलीज हुई फिल्म ‘उड़ता तीर’ का डायरेक्शन आकाश ए कौशिक ने किया, जो बतौर डायरेक्ट उनकी पहली फिल्म है. इससे पहले वे ‘हाउसफुल 4’, ‘भूल भुलैया 2’ और ‘भूल भुलैया 3’ जैसी सुपरहिट फिल्मों की कहानियां लिख चुके हैं. इस फिल्म की कहानी एक पाकिस्तानी जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार आयुष्मान खुराना ने निभाया है. एक बड़े धमाके के बाद वो अपनी याददाश्त खो बैठता है. जब उसकी आंख खुलती है, तो उसे पक्का यकीन हो जाता है कि वो भारतीय काउंटर-टेररिज्म स्क्वाड का अफसर है.
इस फिल्म का प्रोडक्शन धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट ने मिलकर किया है. फिल्म में आयुष्मान खुराना के अपोजिट सारा अली खान नजर आ रही हैं. इनके अलावा फिल्म में दिग्गज और मंझे हुए कलाकारों की एक लंबी फौज देखने को मिल रही है, जिनमें राहुल बोस, राम कपूर, सुहैल नय्यर, गुलशन ग्रोवर, स्वर्गीय मुकुल देव, रघुवीर यादव, बिजेंद्र काला, सुप्रिया पिलगांवकर और संदीप आनंद जैसे बड़े नाम शामिल हैं. इन सभी कलाकारों ने मिलकर फिल्म की कॉमिक टाइमिंग और स्क्रीन प्रजेंस को काफी मजबूत बनाया है, जो दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने का काम कर रही है.
अपने एक हालिया इंटरव्यू में आयुष्मान खुराना ने फिल्म की प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा के साथ काम करने का अपना एक्सपीरियंस साझा किया. उन्होंने बताया कि कहानियों के चुनाव को लेकर उन दोनों की सोच एकदम मिलती-जुलती है. आयुष्मान ने कहा कि, ‘गुनीत और मैं जब कंटेंट की बात करते हैं तो हम दोनों एक ही जैसी सोच रखते हैं. मैं हमेशा से भीड़ से अलग और अनोखा सिनेमा करने की तरफ आकर्षित रहा हूं. वहीं गुनीत ने अपनी अलग तरह की कहानियों को दुनिया भर के मंच तक पहुंचाया है और ऑस्कर में भारत का नाम रोशन किया है. यही तालमेल इस फिल्म को खास बनाता है’.
आयुष्मान खुराना ने ये भी बताया कि गुनीत मोंगा के साथ उनका जुड़ाव इस प्रोजेक्ट से काफी पुराना है. पुरानी यादों को ताजा करते हुए एक्टर ने कहा, ‘गुनीत ने ही मेरा सबसे पहला ऑडिशन लिया था, इसलिए हमारा रिश्ता बहुत पुराना है. हम तभी से लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहे और एक-दूसरे के करियर के सफर को देखते रहे. अब आखिरकार इतने सालों बाद हम दोनों को एक साथ काम करने का बेहतरीन मौका मिला है. ‘उड़ता तीर’ के जरिए हम दोनों एक ऐसी मनोरंजक फिल्म लेकर आए हैं जिसमें देशभक्ति, एक्शन और कॉमेडी का बेहतरीन मेल देखने को मिलता है’.