एक होटल, सेक्स रैकेट और TV एक्ट्रेस! ठाणे पुलिस ने छापेमारी कर कराया रेस्क्यू; रेड में क्या-क्या हुआ?
ठाणे पुलिस ने एक होटल में छापेमारी के दौरान कथित सेक्स रैकेट से जुड़ा मामला सामने आने पर एक TV एक्ट्रेस को रेस्क्यू किया. इस कार्रवाई के बाद होटल में चल रही गतिविधियों को लेकर सवाल उठे हैं. जानिए पुलिस को कैसे मिली जानकारी और रेड के दौरान क्या हुआ.
महाराष्ट्र के ठाणे जिले की पुलिस ने एक ह्युमन ट्रैफिकिंग और सेक्स रैकेट से जुड़ा एक मामले का भंडाफोड़ किया है. बताया जा रहा है कि इस रेड में एक कथित टीवी एक्ट्रेस को भी बचाया गया है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. खबरों की मानें तो यह गिरोह मनोरंजन जगत से जुड़ी महिलाओं को जबरन सेक्स रैकेट में धकेलता था.
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके पुरुष साथी की तलाश जारी है. एक NGO से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 8 अक्टूबर को मीरा-भायंदर रोड पर स्थित एक होटल में एक नकली ग्राहक भेजा. पुलिस के मुताबिक, बाद में उन्होंने वहां छापा मारा और एक महिला को पकड़ा, जिसकी पहचान तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी के तौर पर हुई है. वह कथित तौर पर महिलाओं को वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर करने के बदले पैसे ले रही थी.
होटल में छिपा था सेक्स रैकेट का राज
पुलिस ने बिना ज्यादा जानकारी दिए यह भी बताया कि हिंदी सीरियल और वेब सीरीज में काम करने वाले एक एक्ट्रेस को भी बचाया गया. फिलहाल, मुंबई के रेस्क्यू फाउंडेशन में सुरक्षा के तहत रखा गया. पुलिस के मुताबिक, कुरैशी और एक अन्य व्यक्ति ने कथित तौर पर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की महिलाओं, खासकर टीवी सीरियल, वेब सीरीज और फोटो शूट में काम करने वाली महिलाओं को वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर किया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की रहने वाली और अभी मुंबई के जोगेश्वरी में रह रही कुरैशी को गिरफ्तार किया गया और उस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 (मानव तस्करी) और अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया. इसमें यह भी कहा गया कि उसके पुरुष साथी की तलाश की जा रही थी.