OPINION: आखिर क्या था Bhojpuri Bawaal का असली खेल? ‘लॉकअप’-‘अलायंस’ के बाद क्यों यूथ के बीच करने लगा था ट्रेंड; JioHotstar से मिली पहचान
Bhojpuri Bawaal Reality Show Truth: पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव जब एक साथ बिना किसी बनावटी ड्रामे के कैमरे के सामने आए, तो हंगामा होना तय था. चलिए बताते कैसे ‘भोजपुरी बवाल’ ने पारंपरिक टीवी शोज के सारे नियम तोड़कर OTT पर तहलका मचा दिया था.
भोजपुरी सिनेमा की दुनिया हमेशा से ही अपने गानों, धमाकेदार डायलॉग्स और जबरदस्त स्टारडम के लिए जानी जाती रही है. यहां के सितारों की फैन फॉलोइंग ऐसी है कि उनके एक इशारे पर थिएटर के बाहर मेला लग जाता है, लेकिन इस चमक-दमक के पीछे एक ऐसी दुनिया भी है, जो गॉसिप, विवादों और आपसी खींचतान से भरी रहती है. अब तक दर्शक अपने इन पसंदीदा सितारों को सिर्फ फिल्मों, यूट्यूब वीडियोज या स्टेज शो में ही देखते आए थे, लेकिन हाल ही में एक ऐसा शो आया, जिसने इन सितारों की जिंदगी के दरवाजे सीधे आम जनता के लिए खोल दिए.
इस शो का नाम था ‘भोजपुरी बवाल’. जब इस शो का ऐलान हुआ, तो लोगों को लगा कि ये भी ‘बिग बॉस’, ‘लॉकअप’ या ‘अलायंस’ जैसा ही कोई गेम शो होगा. लोगों ने सोचा कि यहां भी सितारे एक घर में बंद होंगे, एक-दूसरे पर चिल्लाएंगे और गेम जीतने के लिए टास्क करेंगे, लेकिन जब शो स्क्रीन पर आया, तो उसने सबको हैराव कर दिया. ये शो न तो किसी बंद कमरे का खेल था और न ही इसमें किसी को बाहर निकालने का चक्कर. यहां कोई एलिमिनेशन नहीं था, न ही कोई ट्रॉफी जीतने की रेस थी. शो का मकसद सिर्फ एक था भोजपुरी सितारों की असली जिंदगी सबके सामने रखना.
शो का कॉन्सेप्ट: क्या था इसका असली खेल?
इस शो की शुरुआत 2 अगस्त को Colors TV और JioHotstar पर हुई थी और इसका ग्रैंड फिनाले 5 सितंबर को हुआ था. भले ही शो खत्म हो गया, लेकिन अभी तक इस शो के कुछ वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. टीवी पर आने वाले ज्यादातर रियलिटी शोज में एक तय फॉर्मूला चलता है.
कुछ कंटेस्टेंट्स को इकट्ठा किया जाता है, उन्हें मुश्किल टास्क दिए जाते हैं और फिर ऑडियंस से वोट मांगकर एक-एक को बाहर कर दिया जाता है, लेकिन ‘भोजपुरी बवाल’ ने इस पुराने ढर्रे को पूरी तरह खारिज कर दिया. मेकर्स ने इसे एक ‘फॉलो रियलिटी’ फॉर्मेट का नाम दिया. इसका सीधा मतलब ये था कि सितारे अपनी नॉर्मल लाइफ जी रहे थे और कैमरे उनके पीछे-पीछे घूम रहे थे. वे सुबह उठकर क्या करते हैं, परिवार के साथ उनका कैसा बर्ताव है और विवादों के बीच वे खुद को कैसे संभालते हैं, यही इस शो की कहानी थी.
इसमें सितारों के घर, काम और पर्सनल लाइफ को कैद किया गया. वे अपने किचन में कैसे काम करते हैं, अपने स्टाफ से कैसे पेश आते हैं और राजनीति या काम को लेकर उनके दिमाग में क्या चल रहा होता है, सब कुछ कैमरे में दर्ज हो रहा था. इसी वजह से इसे एक डॉक्यु-सीरीज जैसा फील मिला, जिसके देखने में काफी मजा आया.
क्या स्क्रिप्टेड था ‘भोजपुरी बवाल’?
जब भी कोई रियलिटी शो आता है, तो सबसे पहला सवाल यही उठता है कि क्या ये सब स्क्रिप्टेड है? क्या सितारों को पहले से बता दिया गया था कि उन्हें कब लड़ना है और कब हंसना है? ‘भोजपुरी बवाल’ को लेकर भी ये सवाल खूब उछला. शो के मेकर्स और प्रोमो में बार-बार यही दावा किया गया कि ये शो 100 फीसदी अनस्क्रिप्टेड और अनफिल्टर्ड है.
उनका कहना था कि हमने सितारों को कोई डायलॉग लिखकर नहीं दिए और न ही कोई झूठी सिचुएशन बनाई, जो कुछ भी कैमरे में कैद हुआ, वो एकदम नेचुरल था, लेकिन सवाल ये उठता है कि लोगों के मन में शो को लेकर ये सवाल क्यों उठा था? दरअसल, इस शो में पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव नजर आए थे.
शो के शुरुआत से ही आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी के बीच काफी तू-तू-मैं-मैं देखने को मिली थी, जिसको कई लोगों ने स्क्रिप्टेड तक बता दिया था, जिसके बाद शो को लेकर ये सवाल सोशल मीडिया पर उठने लगे थे, क्योंकि शो में और भी लोग थे, लेकिन किसी के बीच में भी इस तरह की नोकझोंक देखने को नहीं मिली थी. ऐसे में लोगों को मानना ये था कि शो की TRP और ओटीटी व्यूअरशिप बढ़ाने के लिए इन दोनों एक्ट्रेस को ऐसा करने के लिए कहा गया है.
वो 5 चेहरे, जिन्होंने शो में लगा दी आग
दोनों एक्ट्रेस कई फिल्मों में साथ नजर आ चुकी हैं, लेकिन कभी इनके बीच इस तरह का तनाव देखने को नहीं मिला, जिसने लोगों को कंफ्यूज कर दिया. हालांकि, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को समझने वाले लोग जानते हैं कि एडिटिंग टेबल पर चीजों को थोड़ा बहुत चटपटा जरूर बनाया जाता है. कौन सा सीन पहले दिखाना है और कौन सा बाद में, ये बात डायरेक्टर तय करता है, लेकिन इस शो को लेकर ऐसा कोई मजबूत सबूत नहीं मिला, जिससे ये कहा जा सके कि ये पूरी तरह स्क्रिप्टेड था.
साथ ही मेकर्स और भोजपुरी स्टार्स ने इसे अनस्क्रिप्टेड शो ही बताया. मेकर्स ने कास्टिंग में ऐसा दांव खेला कि देखने वाले दंग रह गए. इस शो की सबसे खास बात ये थी कि भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के उन चेहरों को एक साथ लाना, जिनके बारे में सोशल मीडिया पर आए दिन कोई न कोई चर्चा गर्म रहती है. सबसे बड़ा नाम था पावर स्टार पवन सिंह का.
पवन सिंह की सिंगिंग और अदाकारी के करोड़ों दीवाने हैं, लेकिन उनकी पर्सनल लाइफ भी हमेशा सुर्खियों में रही है. शो में उनका होना ही टीआरपी की सबसे बड़ी गारंटी था. दूसरा नाम था दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ का. निरहुआ सिर्फ एक बड़े एक्टर ही नहीं हैं, बल्कि वे राजनीति में भी एक्टिव हैं. जमीन से उठकर स्टारडम की ऊंचाइयों तक पहुंचने का उनका सफर हमेशा से लोगों को लुभाता रहा है.
तेज प्रताप याद-पवन सिंह का भौकाल
तीसरा नाम था भोजपुरी क्वीन आम्रपाली दुबे का. भोजपुरी सिनेमा में आम्रपाली की अपनी एक अलग क्लास और बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है. पर्दे पर उनकी खूबसूरती और समझदारी की हमेशा तारीफ होती है. चौथी शख्सियत थीं काजल राघवानी. सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाली काजल अपनी बेबाकी के लिए जानी जाती हैं. उनके करियर और निजी जिंदगी से जुड़े कई सवाल हमेशा हवा में तैरते रहते हैं और पांचवां सबसे हैरान करने वाला नाम और चेहरा था राजनेता तेज प्रताप यादव का.
बिहार की राजनीति के सबसे फेमस और रंगीन मिजाज चेहरों में गिने जाने वाले तेज प्रताप की एंट्री ने इस शो को सिर्फ एंटरटेनमेंट नहीं बल्कि पॉलिटिकल रंग भी दे दिया. शो के दौरान अगर किसी चीज ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, तो वे दोनों थे पवन सिंह और तेज प्रताप यादव. दोनों ही अपनी-अपनी फील्ड के दिग्गज हैं और दोनों का ही अंदाज बिल्कुल जुदा है. कई एपिसोड्स में दिखाया गया कि कैसे राजनीति और स्टारडम आपस में टकराते हैं.
मीडिया के सामने दिए जाने वाले बयानों के पीछे की असली सच्चाई क्या होती है, ये इन दोनों के जरिए लोगों तक पहुंची. जब कैमरे इन दोनों के रोजमर्रा के फैसलों को रिकॉर्ड कर रहे थे, तो टेंशन और ड्रामा अपने आप पैदा हो रहा था. पवन सिंह को लेकर मीडिया में जो भी बातें चलती हैं, उन पर उनका खुद का क्या नजरिया है, ये शो में देखने को मिला. वहीं, तेज प्रताप का देसी अंदाज लोगो को भाया.
काजल राघवानी का दर्द और आम्रपाली-निरहुआ की बॉन्डिंग
एक तरफ जहां राजनीति और स्टारडम का टकराव देखने को मिला, तो वहीं दूसरी तरफ इंडस्ट्री में स्टार्स के बीच एक दूसरों के रिश्तों की परतें भी खुल नजर आईं. काजल राघवानी के हिस्से में वो सब दिखा, जो सोशल मीडिया की चकाचौंध के पीछे छिप जाता है. अक्सर इंटरनेट पर ट्रोलिंग और अफवाहों का शिकार होने वाले कलाकार अंदर से कैसा महसूस करते हैं, काजल के जरिए ये सब सामने आया.
कई मौकों पर वे काफी इमोशनल हुईं और उन्होंने अपने संघर्षों को खुलकर बयां किया. दूसरी ओर, निरहुआ और आम्रपाली दुबे की जोड़ी ने शो को एक सुकून भरा मोड़ दिया. दोनों ने साथ में दर्जनों सुपरहिट फिल्में दी हैं और दोनों की केमिस्ट्री जगजाहिर है. शो में दिखा कि वे सिर्फ को-स्टार नहीं, बल्कि एक-दूसरे के कितने पक्के दोस्त हैं.
निरहुआ का अपने गांव और खेती-बाड़ी से जुड़ाव, तो आम्रपाली का उनके साथ एक सहज और सच्चा दोस्ताना, दर्शकों को काफी पसंद आया.
इसने शो में हंगामे के बीच एक पारिवारिक ठहराव देने का काम किया. इस दौरान लोगों को ये भी पता चला कि आम्रपाली दुबे मां बनना चाहती हैं और एक बच्चा गोद लेना चाहती हैं. फिलहाल, एक्ट्रेस सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में नजर आ रही हैं और काफी अच्छा खेल रही हैं.
जेन-जी और नए दौर के दर्शकों को क्यों भाया ये शो?
अब सवाल आता है कि आखिर क्यों ये शो आते ही युवाओं के बीच इतना फेमस हो गया? आज की यंग जनरेशन टीवी पर चलने वाले पुराने सास-बहू के ड्रामे या झूठे झगड़ों से ऊब चुका है. सोशल मीडिया पर रील्स और व्लॉग्स देखने वाली नई पीढ़ी को कुछ ऐसा चाहिए जो सच्चा लगे. ‘भोजपुरी बवाल’ इसी नब्ज को पकड़ने में कामयाब रहा. वैसे भी आज कल की जनरेशन में डेली सोप की जगह कुछ इंटरेस्टिंग देखने की होड़ मची है और वो मजा रियलिटी शोज में उन्हें मिल रहा है.
ऐसा ही कुछ ‘भोजपुरी बवाल’ के साथ देखने को मिला. पहली वजह इस शो का रॉ और रीयल लुक हो सकता है. जहां भोजपुरी सितारों ने पहली बार दर्शकों के सामने आकर अपने और अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में खुलकर बात की. ये जेन-जी को बहुत रीलेटेबल लगा. दूसरी वजह इसका व्लॉग जैसा फॉर्मेट था. आज हर कोई यूट्यूब पर अपने पसंदीदा स्टार्स के लाइफस्टाइल व्लॉग्स देखता है.
ये शो किसी महंगे और बड़े बजट के सेलिब्रिटी व्लॉग जैसा ही लग रहा था, जिसमें एक साथ कई बड़े सितारे मौजूद थे. तीसरा वजह थी सोशल मीडिया पर इसके क्लिप्स का वायरल होना. शो के छोटे-छोटे हिस्से कटकर इंस्टाग्राम और यूट्यूब शॉर्ट्स पर तैरने लगे. इससे उन लोगों ने भी इस शो को देखना शुरू किया, जो आमतौर पर भोजपुरी सिनेमा नहीं देखते थे.
ओटीटी और टीवी का बड़ा गठजोड़
अब तक माना जाता था कि भोजपुरी कंटेंट सिर्फ यूट्यूब के फ्री वीडियोज या कुछ चुनिंदा लोकल चैनलों तक ही सीमित था. बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भोजपुरी को वो जगह नहीं मिलती थी, जो साउथ या हिंदी सिनेमा को मिलती है, लेकिन इस शो ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया. इसे जियो हॉटस्टार जैसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म और कलर्स टीवी जैसे नेशनल चैनल पर एक साथ जगह मिली, जिसने ये साबित कर दिया कि अगर कंटेंट को अच्छी पैकेजिंग के साथ पेश किया जाए, तो रीजनल सिनेमा में भी नेशनल लेवल का दम होता है.
शुरुआत में ही इसके यूट्यूब प्रोमो को लगभग 1.7 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले थे. भले ही मेकर्स ने कुल व्यूअरशिप का पूरा डेटा जारी न किया हो, लेकिन सोशल मीडिया पर हुई चर्चा और बज से ये साफ हो गया था कि इसे देखने वालों की तादाद बहुत बड़ी थी.
क्या बदल गई भोजपुरी इंडस्ट्री?
अब सवाल उठता है कि क्या इस एक शो से पूरी भोजपुरी इंडस्ट्री की तस्वीर बदल जाएगी? इसका जवाब है कि बदलाव रातों-रात नहीं आता, लेकिन ये शो उस दिशा में एक बहुत मजबूत कदम जरूर है. भोजपुरी सिनेमा पर अक्सर ये आरोप लगता रहा है कि वहां सिर्फ एक ही तरह की फिल्में और गाने बनते हैं. बजट की कमी और लिमिटेड सोच की वजह से कलाकार बड़े एक्सपेरिमेंट करने से बचते थे, लेकिन ‘भोजपुरी बवाल’ ने ये दिखाया कि रिस्क लेने पर दर्शक साथ देते हैं.
इसने भोजपुरी कलाकारों को सिर्फ एक डांसर या एक्शन हीरो के सांचे से बाहर निकाला. लोगों ने जाना कि वे भी आम इंसानों की तरह सोचते हैं, परेशान होते हैं और अपनी जिंदगी में कई तरह के दबाव झेलते हैं. अगर गौर से देखा जाए, तो ‘भोजपुरी बवाल’ की सबसे बड़ी ताकत इसका कोई तड़क-भड़क वाला सेट नहीं, बल्कि इसका सच था. जब तक टीवी पर बनावटी चीजें दिखाई जाती रहेंगी, तब तक लोग उनसे ऊबते रहेंगे.
इस शो ने बिना किसी टास्क, बिना किसी कैदी वाले फॉर्मूले और बिना किसी वोटिंग के ये साबित कर दिया कि अगर आपके पास दिखाने के लिए असली जिंदगी की कहानियां हैं, तो लोग खुद-ब-खुद स्क्रीन से चिपक जाएंगे. पवन सिंह का स्वैग, निरहुआ की सादगी, आम्रपाली की समझदारी, काजल की बेबाकी और तेज प्रताप का अनोखा अंदाज सबने मिलकर इस शो को 2026 का सबसे यूनिक और पॉपुलर रियलिटी शो बना दिया.