)
साउथ सिनेमा के सबसे पसंदीदा कपल सूर्या और ज्योतिका की शादी को 20 साल हो चुके हैं. हाल ही में उन्होंने अपनी 20वीं सालगिरह को बेहद खास अंदाज में सेलिब्रेट किया. दोनों ने 11 सितंबर 2006 को शादी की थी और अब 20 साल बाद उसी तारीख को एक बार फिर शादी रचाई. इस बार ये शादी किसी पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से नहीं, बल्कि क्रिश्चियन तौर-तरीकों से हुई. इस प्राइवेट सेरेमनी में सिर्फ परिवार और बेहद करीबी लोग ही शामिल हुए. दोनों ने एक-दूसरे को फिर से अपना जीवनसाथी मानते हुए नई कसमें खाईं और अपने रिश्ते को नया मुकाम दिया.
इस खास मौके की झलक खुद एक्ट्रेस ज्योतिका ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो के जरिए साझा की है. वीडियो में ज्योतिका व्हाइट कलर के खूबसूरत गाउन में अपने बेटे के साथ चर्च की तरफ कदम बढ़ाती नजर आ रही हैं. वहीं, दूसरी ओर उनकी बेटी अपने पिता सूर्या के साथ खड़ी दिख रही हैं. सूर्या ने इस मौके पर व्हाइट सूट जैकेट के साथ ब्लैक पैंट पहनी हुई थी. जैसे ही दोनों ने एक-दूसरे को वचनों के साथ अंगूठियां पहनाईं, माहौल काफी इमोशनल हो गया. वीडियो में उनकी पुरानी और नई शादी की खूबसूरत यादों को भी पिरोया गया है.
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए ज्योतिका ने एक लंबा और इमोषनल कैप्शन भी लिखा, जिसने सभी का ध्यान खींचा. उन्होंने इसे 20 साल के प्यार, तकरार और एक बार फिर ली गई कसमों का जश्न बताया. ज्योतिका ने कहा कि ये कोई परफेक्ट शादी का जश्न नहीं है, बल्कि ये उन कमियों, समझौतों, एक-दूसरे को समझने और अनगिनत कुर्बानियों का जश्न है, जिन्होंने उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया है. उन्होंने लिखा कि जो सपना कभी हकीकत से कोसों दूर लगता था, आज वही उनकी असल जिंदगी बन चुका है और वे इसे पूरी जिंदगी जीना चाहती हैं.
ज्योतिका ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि वे हमेशा खुश रहने और जिंदगी के सिर्फ अच्छे पहलू को देखने की कसम खाती हैं. जिंदगी अपने आप में एक बड़ा तोहफा है, खासकर तब जब जीवनसाथी आपकी खुद से भी ज्यादा इज्जत करे और कभी शिकायत न करे. ज्योतिका का मानना है कि दुनिया में कोई भी चीज मुकम्मल नहीं होती, जैसे इतना बड़ा आसमान भी कभी जमीन को पूरी तरह छू नहीं पाता. इसलिए कमियों को कैसे भरना है, ये इंसान के अपने हाथ में होता है. वे अपने पति और बच्चों के प्यार के लिए हमेशा शुक्रगुजार रहती हैं.
एक्ट्रेस ने रिश्ते की सच्चाई बयां करने के लिए ईंटों के मकान का उदाहरण दिया. उन्होंने लिखा कि सबसे मजबूत और आलीशान घरों में भी कभी न कभी सीलन, दीमक या टूट-फूट देखने को मिलती है और समय-समय पर उनकी मरम्मत करनी पड़ती है. शादी का रिश्ता भी बिल्कुल ऐसा ही होता है. उन्होंने अच्छी सेहत बनाए रखने और एक मुस्कुराती हुई मां बनने की कसम खाई. उनका कहना है कि वे बच्चों के लिए सिर्फ काम करने वाली मां नहीं, बल्कि वे मां बनना चाहती हैं, जिसकी मुस्कान देखकर बच्चे अपने अम्मा-अप्पा के प्यार भरी जिंदगी से इंस्पिरेशन ले सकें.
नोट के आखिरी हिस्से में ज्योतिका ने सीधे अपने पति और एक्टर सूर्या को एड्रेस करते हुए अपनी दिल की बात लिखी. उन्होंने कहा कि वे हमेशा वही थोड़ी नासमझ पत्नी बनी रहना चाहती हैं, जो बात-बात पर लड़ती है और फिर खुद ही मान जाती है, ताकि हर बार रिश्ते में और नजदीकी आ सके. उन्होंने सूर्या के साथ अपनी दोस्ती को सबसे अनमोल बताया और कहा कि एक ही इंसान में पति, बच्चों का पिता, बेस्ट फ्रेंड और गपशप का साथी मिलना किस्मत की बात होती है. उन्होंने आने वाले अगले 20 सालों के खूबसूरत सफर के लिए भी एक-दूसरे का हाथ थामा.