SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Exclusive PART 1: डूबते सूरज को भी अर्घ्य, दुनिया में ऐसा कहीं नहीं... छठ पर मशहूर गायिका तृप्ति शाक्य संग खास इंटरव्यू, यूथ को दी बड़ी सलाह

मशहूर गायिका तृप्ति शाक्य ने जी न्यूज डिजिटल के साथ एक खास इंटरव्यूज में यूथ को संगीत से जुड़ने, क्लासिकल रियाज करने और अपने अपकमिंग छठ और वेडिंग सॉन्ग्स के बारे में खुलकर बताया है. चलिए जानते हैं कि आखिर उन्होंने किन मुद्दों पर बात की.

Written By Alkesh Kushwaha
Published: Nov 13, 2026, 09:59 AM IST | Updated: Nov 13, 2026, 10:10 AM IST
Image Credit: भजन गाकर दिलों पर राज करने वाली तृप्ति शाक्य का इंटरव्यू (AI Image)
Join

संगीत की दुनिया की जानी-मानी और सुमधुर आवाज तृप्ति शाक्य ने जी न्यूज के साथ एक खास इंटरव्यू में यूथ से जुड़ी कई दिलचस्प बातें शेयर की हैं. उन्होंने बताया कि कैसे आज की युवा पीढ़ी पुराने भजनों को अपने स्टाइल में गाकर पसंद कर रही है और एक सफल सिंगर बनने के लिए क्लासिकल म्यूजिक सीखना कितना जरूरी है. इसके अलावा उन्होंने आने वाले छठ पर्व और अपने नए गानों के प्रोजेक्ट्स पर भी खुलकर चर्चा की है.

सवाल- आज की युवा पीढ़ी भी आपके भजनों को बहुत पसंद करती है. उन्हें इस पारंपरिक संगीत से जोड़े रखने के लिए क्या प्रयास होने चाहिए?

जवाब- हमारा एफर्ट यही होना चाहिए कि आज के लोगों के टेस्ट को समझकर उसी हिसाब से क्रिएटिविटी करें. ऐसे गाने बनाने चाहिए, जिससे आज की जनरेशन अपने आप कनेक्ट हो और सुनना पसंद करे. जैसे ‘कभी राम बनके कभी श्याम बनके’ या हमारे सनातन के जितने भी ट्रेडिशनल सांग्स हैं, बहुत सारे ऐसे भजन हैं जो सदियों से लोग गाते आ रहे हैं.

पहले भी लोग इन्हें गाते थे और आज की जनरेशन भी वही भजन गा रही है. वे कोई नया गीत नहीं गा रहे, बल्कि उन्हीं पुराने भजनों को अपने स्टाइल में गा और सुन रहे हैं. चाहे कोई भी भजन हो- जैसे ‘कभी राम बनकर’ या ‘मनिहारी का भेष बनाया’ वे भजनों को अपने तरीके से पेश कर रहे हैं, लेकिन मूल रूप से गा वही पुराने भजन रहे हैं. हमारी जो सांस्कृतिक धरोहर है और ट्रेडिशनल भजनों का जो भंडार है, हम उसी को नए-नए तरीकों से और नया संगीत डालकर प्रेजेंट करते हैं, जो हर वर्ग के लोगों को पसंद आए. हम हमेशा से यही प्रयास करते हैं.

सवाल- आज के दौर के उभरते हुए नए गायकों को आप अपने लंबे अनुभव से क्या सबसे जरूरी सलाह देना चाहेंगी?

जवाब- देखिए, मैं सबको एक ही एडवाइस देती हूं कि अगर आपको सिंगर बनना है, कामयाब सिंगर बनना है, तो संगीत सीखना बहुत जरूरी है. बिना सीखे, बिना संगीत की शिक्षा ग्रहण किए कोई भी सफल गायक नहीं बन सकता. संगीत सीखा नहीं और सफल हो गए, ऐसे बहुत कम लोग होते हैं. वो इक्का-दुक्का कलाकार ही थे, जिन्होंने बिना संगीत सीखे इस दुनिया में बड़ा नाम स्थापित किया. सबको ऐसी ब्लेसिंग नहीं मिलती. लेजेंड्स ही होते हैं, कुछ ही लोग ऐसे होते हैं जो इतने ब्लेस्ड होते हैं.

सफल होने के लिए संगीत की शिक्षा जरूर लेनी चाहिए. क्लासिकल म्यूजिक सीखना अनिवार्य है. बिना उसके आप सिंगिंग के बारे में सोच भी नहीं सकते. सिंगिंग के साथ-साथ अपना रियाज हमेशा परमानेंट बनाए रखना बहुत जरूरी है. उसके बिना आप संगीत की दुनिया में कामयाबी हासिल करने की सोच भी नहीं सकते.

सवाल- अभी छठ पर्व आने वाला है, क्या इस पर कुछ नया काम कर रही हैं?

जवाब- मैं हर साल छठ पर एक-दो नए भजन गाती हूं और अपने चैनल पर भी रिलीज करती हूं. अलग-अलग सीरीज और दो-तीन कंपनियों के बैनर तले इस बार मेरे तीन-चार छठ गीत रिलीज हुए हैं. छठ का पर्व अपने आप में बहुत बड़ा पर्व है और जिस प्रकार से आज यह ग्लोबल हो चुका है, यह इस बात को दर्शाता है कि यह कितना पावन और महान पर्व है.

आमतौर पर लोग उगते सूरज को प्रणाम करते हैं, लेकिन छठ एक ऐसा अनोखा त्योहार है जिसमें डूबते सूरज को भी अर्घ्य दिया जाता है. यही बात इस त्योहार को बेहद खास बनाती है. अगर मुझसे कोई पूछे कि छठ का सबसे अच्छा गाना मुझे कौन सा लगता है... तो जब वो गाने बजते हैं, तो लोग खुद-ब-खुद खिंचे चले आते हैं. जैसे ही वह गाना बजता है, सब वहां आ जाते हैं. गुनगुनाते हुए सुनाती हूं- ‘कांच ही बांस के बहंगिया...’ यह गाना अपने आप में अनूठा है.

 

 

सवाल- आपके और कौन से प्रोजेक्ट्स हैं जो अभी आने वाले हैं या उन पर काम कर रही हों?

जवाब- अभी मैंने बहुत सारे नए गाने रिकॉर्ड किए हैं, जिन्हें एक-एक करके रिलीज करना है. शादियों के सीजन के लिए मैंने बन्ना-बन्नी का एक बहुत प्यारा गाना बनाया है, जिसे छठ के बाद रिलीज करूंगी- ‘हाय मेरी बन्नी लाखों की!’ यह थोड़ा मस्ती और मजाक वाला गाना है, जिसे रिलीज करने का पूरा प्लान है. इसके अलावा हमारे सीजनों और त्योहारों के हिसाब से गाने होते हैं; जैसे ही कोई त्योहार आता है, हम उस पर नया गाना बनाते हैं. इस दिवाली पर भी मैंने अपना एक नया गाना रिलीज किया था. इसके अलावा प्रभु श्री राम और श्री कृष्ण के बहुत सारे भजन लाइन-अप हैं, जो आने वाले समय में एक-एक करके सभी रिलीज होंगे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES