SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: आरोपियों को मुंबई ले जा रही थी पुलिस, रास्ते में कोई करने लगा पीछा? लौटना पड़ा कोटा

टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने वाले आरोपियों को लेकर मुंबई जा रही पुलिस टीम को रास्ते में अचानक अपना फैसला बदलना पड़ा. सिक्योरिटी में खतरे और पीछा किए जाने की आशंका के चलते टीम वापस कोटा लौट आई. अब राजस्थान पुलिस के सुरक्षा घेरे में नया प्लान तैयार किया जा रहा है.

Written By Vandana Saini
Published: Oct 20, 2026, 05:38 AM IST | Updated: Oct 20, 2026, 08:29 AM IST
Image Credit: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में नया अपडेट
Join

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में पकड़े गए तीन आरोपियों को मुंबई ले जा रही पुलिस टीम के साथ रास्ते में एक अजीब घटना हुई. सोमवार की शाम जब मुंबई पुलिस की टीम इन आरोपियों को गाड़ी में बैठाकर रवाना हुई, तो बीच रास्ते में कुछ ऐसा हुआ कि सबको तुरंत वापस लौटना पड़ा. सूत्रों के मुताबिक पुलिस टीम को ये लगा कि कोई संदिग्ध गाड़ी उनका लगातार पीछा कर रही है. किसी भी तरह के खतरे या अनहोनी से बचने के लिए अधिकारियों ने आगे बढ़ने के बजाय गाड़ी को पास के एक थाने में रोक दिया. हालात को देखते हुए ये फैसला लिया गया कि रात में सफर करना सिक्योर नहीं होगा, इसलिए पूरी टीम आरोपियों के साथ वापस कोटा लौट आई.

द इंडियन एक्सप्रेस को सूत्रों ने बताया कि पुलिस टीम पूरी तरह मुस्तैद थी, लेकिन संदिग्धों की हरकतें देखकर कोई जोखिम नहीं उठाया गया. कोटा लौटने के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने पूरे मामले की समीक्षा की. अब ये तय हुआ है कि जब तक रास्ते की पूरी सुरक्षा पुख्ता नहीं हो जाती, तब तक टीम मुंबई के लिए रवाना नहीं होगी. जानकारी के मुताबिक अब राजस्थान पुलिस की एक स्पेशल टीम मुंबई पुलिस की गाड़ियों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए एस्कॉर्ट करेगी. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की हिफाजत और कानून व्यवस्था बनाए रखना पहली प्रायोरिटी है, इसलिए पूरी तसल्ली होने के बाद ही अगला सफर शुरू किया जाएगा.

चलती ट्रेन से पकड़े गए तीन आरोपी

इस पूरे मामले की शुरुआत सोमवार की सुबह हुई, जब राजस्थान पुलिस और मुंबई पुलिस ने मिलकर एक बड़ा ऑपरेशन चलाया. दोनों राज्यों की पुलिस को इनपुट मिला था कि टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले तीनों आरोपी पुणे से जयपुर जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हैं. कोटा स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी की और तीनों को धर दबोचा. पकड़े गए आरोपियों के नाम फूल सिंह, ऋतिक महतो और रिहाब रहीसुद्दीन बताए गए हैं. पुलिस का कहना है कि मुंबई में फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद ये तीनों तुरंत वहां से भाग निकले थे और दिल्ली होते हुए नेपाल बॉर्डर पार करने की फिराक में थे.

टाइगर श्रॉफ पर हमले से भड़के विद्युत जामवाल, फैंस को लगाई फटकार; मुंबई पुलिस से भी पूछे सवाल

कोर्ट से मिली दो दिन की कस्टडी

कोटा के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस सुभाष चंद्र मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद लीगल प्रोसेस पूरा किया गया. आरोपियों का सरकारी अस्पताल में मेडिकल टेस्ट कराया गया और फिर उन्हें कोटा की लोकल कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने मुंबई पुलिस की अर्जी पर सुनवाई करते हुए तीनों आरोपियों की दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दी. इसके बाद कागजी कार्रवाई पूरी करके आरोपियों को ऑफिशियली मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया. पुलिस का इरादा था कि इन्हें जल्द से जल्द मुंबई लाकर क्राइम ब्रांच के सामने पेश किया जाए, ताकि हमले की असल साजिश और इसमें शामिल दूसरे लोगों के बारे में डिटेल से पूछताछ की जा सके.

सिक्योरिटी को लेकर अब नया प्लान

रास्ते में पीछा किए जाने की घटना के बाद अब पुलिस की ओर से सिक्योरिटी अरेंजमेंट्स को पहले से ज्यादा सख्त किया जा रहा है. राजस्थान पुलिस के सीनियर अफसर खुद इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं. कोटा से मुंबई तक के रूट पर पड़ने वाले सभी जिलों की पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है. माना जा रहा है कि अब ये टीम एक हैवी सिक्योरिटी और हथियारों से लैस जवानों के साथ ही आगे का सफर तय करेगी. पुलिस ये भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर रास्ते में पीछा करने वाले लोग कौन थे और उनका मकसद क्या था. क्या वे आरोपियों पर हमला करना चाहते थे या उन्हें छुड़ाने की कोई साजिश थी.

महाराष्ट्र में तेज हुई सियासी बहस

बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ पर हुए इस जानलेवा हमले के बाद से महाराष्ट्र की राजनीति में भी काफी भारी गर्माहट देखी जा रही है. पिछले कुछ समय में मुंबई और आसपास के इलाकों में हुई बड़ी वारदातों के बाद अब विपक्ष सरकार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर घेर रहा है. नेताओं का कहना है कि जब मशहूर हस्तियां ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या होगा. पुलिस प्रशासन पर आरोपियों को सुरक्षित मुंबई पहुंचाने और इस पूरी साजिश की तह तक जाने का भारी दबाव है. यही वजह है कि पुलिस अब किसी भी लेवल पर जरा सी भी ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है और फूंक-फूंक कर कदम रख रही है.

आरोपियों को मुंबई ले जाने की तैयारी

खबरों की मानें तो पुलिस आज तीनों आरोपियों को मुंबई लेकर जा सकती है. इन तीनों को अभी रेलवे कालोनी थाने में काफी मजबूत सिक्योरिटी के बीच रखा गया है. थाने के बाहर का पूरा माहौल किसी छावनी जैसा नजर आ रहा है, जहां भारी संख्या में पुलिस बल और कमांडो तैनात दिख रहे हैं. असल में कल रात सिक्योरिटी वजहों के चलते मुंबई पुलिस ने इनको यहां से ले जाने की बात टाल दी थी. अब माना जा रहा है कि आज सुबह होते ही पुलिस टीम तीनों को साथ लेकर मुंबई के रास्ते निकल सकती है. पुलिस का पूरा ध्यान इसी पर है कि रास्ते में कोई परेशानी न आए.

सोनीपत से एक युवक हिरासत में

टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस के हाथ एक अहम सुराग लगा है. पुलिस टीम ने सोनीपत से समीर नाम के एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. अभी के लिए पुलिस ने उसे सिर्फ शक के आधार पर बैठाया है. दरअसल, टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने वाले आरोपी रेहान के साथ समीर का पुराना लिंक सामने आया है. ये दोनों पहले भी ‘आर्म्स एक्ट’ के एक पुराने मामले में एक साथ आरोपी रह चुके हैं. इसी पुराने तालमेल को देखते हुए पुलिस अब समीर से लगातार सवाल-जवाब कर रही है, ताकि इस पूरे मामले का सच सामने आ सके.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES