App

'मुंबई में आखिर हो क्या रहा है?', टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी पर क्या बोले बॉलीवुड सेलेब्स

मुंबई में टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना के बाद बॉलीवुड सितारों ने चिंता जताई है. अमाल मलिक, रवि किशन, शत्रुघ्न सिन्हा समेत कई हस्तियों ने इस घटना पर प्रतिक्रिया दी. कुछ सितारों ने मुंबई की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की.

'मुंबई में आखिर हो क्या रहा है?', टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी पर क्या बोले बॉलीवुड सेलेब्स
Image Credit: AI

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना पर सिंगर अमाल मलिक ने चिंता जाहिर की है. सिंगर ने मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों से एक्टर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की.

​​अमाल मलिक ने टाइगर श्रॉफ के लिए एक मैसेज शेयर किया गया. उन्होंने टाइगर को उन सबसे दयालु लोगों में से एक बताया जिन्हें वे जानते हैं. उन्होंने इस घटना पर हैरानी जताई. अमाल मालिक ने लिखा, 'टाइगर ने अपनी पहली फिल्म से लेकर अब तक हर पीढ़ी का मनोरंजन किया है. मुझे समझ नहीं आ रहा कि जिस इंसान ने कभी जानबूझकर किसी का बुरा नहीं किया, जो मेरे जानने वाले सबसे दयालु लोगों में से एक है, उसे ऐसी स्थिति से क्यों गुजरना पड़ रहा है?'

अमाल ने आगे कहा, 'अपना ख्याल रखना भाई. तुम्हें पता है कि मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूं.' अमाल ने मुंबई पुलिस, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को टैग किया. उन्होंने उनसे अभिनेता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने की अपील की. उन्होंने लिखा, 'मुंबई में आखिर हो क्या रहा है? कृपया उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें.'

मीका सिंह ने शेयर किया पोस्ट 

सिंगर मीका सिंह ने इस में इस पर चिंता जताते हुए कहा कि इस शहर को लंबे समय से देश की सबसे सुरक्षित जगहों में से एक माना जाता रहा है, खासकर महिलाओं के लिए. उन्होंने लिखा, "मुंबई को हमेशा भारत के सबसे सुरक्षित शहरों में से एक माना गया है, जहां लोग (खासकर महिलाएं) देर रात तक बेझिझक घूम-फिर सकते हैं, काम कर सकते हैं और सफर कर सकते हैं. लेकिन टाइगर श्रॉफ के साथ हुई इस घटना ने हमारी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है."

 

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 

 

रवि किशन ने कहा, 'यह बहुत दुखद है. जिन्होंने यह किया है, उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जाना चाहिए. इससे हम सभी को कुछ राहत मिलेगी.' उन्होंने आगे कहा, 'अभी तक मेरी टाइगर से बात नहीं हुई है, लेकिन मैं उनसे जल्द ही बात करूंगा. टाइगर अभी ठीक हैं, उनके ड्राइवर को चोट लगी है. उम्मीद करते हैं कि वे भी जल्द से जल्द ठीक हो जाएं और हमलावरों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए.'

एक्टर मुकेश ऋषि ने इस घटना को निंदनीय बताया. उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, 'यह घटना बहुत शर्मिंदा करने वाली है. मैं जैकी दादा की बहुत इज्जत करता हूं, वे बेहतरीन इंसान हैं और हर किसी के भले के बारे में सोचते रहते हैं. उनके बेटे पर फायरिंग होना बहुत निंदनीय है, वो भी ऐसे समय में जब वह फुटबॉल खेलकर घर लौट रहा था.' 

अभिनेता का मानना है कि टाइगर श्रॉफ पर ऊपर वाले का हाथ है, जिससे वह बच गए और उन्हें गंभीर चोट नहीं लगी. हालांकि, उन्होंने ड्राइवर के प्रति संवेदना भी व्यक्त की. उन्होंने कहा, "समझ में नहीं आता है कि आखिरकार हमलावरों को चाहिए क्या. वे लोग समझते नहीं हैं कि जब इस तरह की घटनाएं होती हैं तो लोग दूसरे देशों में बसने के लिए चले जाते हैं. यह हमारे लिए कोई अच्छी बात नहीं है."

अशोक पंडित बोले- इंडस्ट्री में डर का माहौल

फिल्म निर्देशक अशोक पंडित ने टाइगर के पिता अभिनेता जैकी श्रॉफ और उनके पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना के बाद परिवार बेहद सदमे में होगा. निर्देशक ने कहा, 'मैं फिल्म इंडस्ट्री, नेशनल इंस्टीट्यूट और इंडस्ट्री एंड एम्प्लॉइज, डायरेक्टर्स एसोसिएशन और प्रोड्यूसर्स ग्रुप की ओर से हमारी इंडस्ट्री के एक बड़े सेलिब्रिटी टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं. मैं भगवान का शुक्रगुजार हूं कि कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ और टाइगर सुरक्षित है. हम सब इस मुश्किल घड़ी में जैकी श्रॉफ और उनके पूरे परिवार के साथ खड़े हैं. कोई भी समझ सकता है कि जैकी और उनका पूरा परिवार इस वक्त किस सदमे से गुजर रहा होगा. उन्होंने कभी सोचा भी नहीं होगा कि उनके बेटे के साथ ऐसा कुछ होगा.'

उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में बढ़ रही असुरक्षा की भावना पर भी चिंता जताई और बताया कि टाइगर श्रॉफ पर हमला फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद हुआ है. अशोक पंडित ने कहा, "पूरी फिल्म इंडस्ट्री में असुरक्षा और डर का माहौल बना हुआ है. हाल के दिनों में यह हमारी इंडस्ट्री पर दूसरा हमला है, इससे कुछ महीने पहले रोहित शेट्टी के घर पर भी हमला हुआ था. उनके घर पर गोलियां चलाई गई थीं. मैं इंडस्ट्री की ओर से हमारे माननीय मुख्यमंत्री, उद्योग विभाग और मुंबई पुलिस से अपील करता हूं कि इस मुद्दे पर कुछ गंभीर कदम उठाए जाने चाहिए क्योंकि एक बार अगर डर ने हमारी इंडस्ट्री को घेर लिया, तो हमारे लिए आगे काम करना बहुत मुश्किल हो जाएगा. दिनदहाड़े कोई हथियार लेकर आता है, किसी पर गोली चलाता है और भाग जाता है. और वो जगह जुहू पुलिस स्टेशन से सिर्फ दो मिनट की दूरी पर है."

शत्रुघ्न सिन्हा बोले-क्या हो रहा है? 



एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा ने इस मामले पर चिंता जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "क्या हो रहा है???? रविवार को टाइगर श्रॉफ पर हुआ हमला चौंकाने वाला, चिंताजनक, धमकियां और फायरिंग." उन्होंने आगे लिखा, "वे सबसे योग्य पिता जैकी श्रॉफ के बेटे हैं. टाइगर किस्मत से बच गए और उन्हें चोट नहीं आई लेकिन उनके बेचारे ड्राइवर को गंभीर चोटें आई हैं. माननीय मुख्यमंत्री महाराष्ट्र देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इस गंभीर मामले को लेकर बेहद चिंतित लग रहे हैं. जय हिंद."

एक्ट्रेस पवित्रा पुनिया ने भी टाइगर के लिए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "टाइगर श्रॉफ के साथ जो हुआ, वह बहुत डरावना और दिल दहला देने वाला लगा. वो पल ऐसा था, जब डर से मेरा पूरा शरीर कांप गया. भोलेनाथ और माता रानी की कृपा से वह सुरक्षित हैं." उन्होंने मुंबई पुलिस पर आश्वासन जताते हुए लिखा, "हम सभी को अपनी न्याय व्यवस्था, मुंबई पुलिस, राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर पूरा भरोसा है और हम सभी जानते हैं कि मुंबई पुलिस सबसे अच्छी है. जय हिंद. जय महाराष्ट्र."

 

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 

 

टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी

बता दें कि यह गोलीबारी की घटना 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा नरसी पार्क के पास एक फुटबॉल क्लब के बाहर हुई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, टाइगर को गोली नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए. इस घटना ने मनोरंजन जगत के लोगों के बीच चिंता पैदा कर दी है. कई मशहूर हस्तियों ने अभिनेता के प्रति अपना समर्थन जताया है और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Swati Singh

Swati Singh

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More