)
कपिल शर्मा के फेमस शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में शाहिद कपूर, मीरा राजपूत और ईशान खट्टर का स्वागत करने के बाद शो में तीन नए मेहमान आने वाले हैं. हाल ही में रिलीज हुए शो के नए ट्रेलर में एक्टर पंकज त्रिपाठी, शिक्षक डॉ. विकास दिव्यकीर्ति और कॉमेडियन जाकिर खान नजर आने वाले हैं, जो कपिल के साथ अपने रिश्तों के बारे में बात करेंगे और हंसी-मजाक करते नजर आएंगे.
हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर की शुरुआत कपिल शर्मा द्वारा तीनों मेहमानों के स्वागत से होती है. पंकज त्रिपाठी बताते हैं कि उनकी और विकास की पहली मुलाकात एक क्लासरूम में हुई थी. जब कपिल उनसे पूछते हैं कि क्या वे यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, तो पंकज इस बात को स्वीकार करते हैं कि वे इस परीक्षा की तैयारी करना चाहते थे. इस पर कपिल शर्मा मजाक करते हैं और कहते हैं कि, 'हम सभी यूपीएससी की तैयारी करना चाहते थे.'
वहीं, जाकिर खान ने विकास के साथ अपने जुड़ाव के बारे में भी बताया और एक मजेदार कमेंट करके सबको हंसा दिया. उन्होंने कहा, 'यह शायद सुनने में थोड़ा अजीब लगे, लेकिन मैं विकास सर के साथ काफी सोया हूं.' उनकी यह बात सुनकर दर्शक ठहाके लगाकर हंस पड़े. ट्रेलर में सुनील ग्रोवर भी नजर आते हैं, जो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पैरोडी करते हुए 'सरल बिहारी वाजपेयी' के रूप में दिखाई दे रहे हैं. पूर्व प्रधानमंत्री जैसा उनका लुक और उनके हाव-भाव देखकर दर्शक हैरान रह गए.
फैंस आने वाले एपिसोड के लिए काफी ज्यादा एक्साइटेड हैं. एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट में लिखा, 'एपिसोड के लिए बहुत एक्साइटेड हूं.' दूसरे यूजर ने लिखा, 'एकदम दमदार कोलैब.' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'यह बहुत मजेदार होने वाला है.' कुल मिलाकर फैंस अपकमिंग एपिसोड के लिए काफी ज्यादा एक्साइटेड हैं.
Gyaan se lekar comedy aur cinema tak, iss baar Kapil ki mehfil mein sab kuch milega!🤩 Watch Pankaj Tripathi, Dr. Vikas Divyakirti and Zakir Khan on The Great Indian Kapil Show on 7th November 2026 at 8 PM, streaming only on Netflix. @KapilSharmaK9 @TripathiiPankaj #VikasDivyakirti @Zakirism @WhoSunilGrover #ArchanaPuranSingh @sherryontopp @Krushna_KAS @kikusharda @GoswamiAnukalp @beingu_studios #GurjotSingh
— Netflix India (@NetflixIndia) November 4, 2026
बीते एपिसोड में शाहिद कपूर, मीरा और ईशान खट्टर नजर आए थे. कपूर परिवार ने शो पर काफी मजे किए. मीरा ने बताया था कि शाहिद को हमेशा इस बात की खबर रहती है कि उनके आस-पास क्या हो रहा है. उन्होंने कहा कि जब शाहिद और ईशान के बीच गंभीर सिनेमा को लेकर बातचीत खत्म हो जाती है, तब वह भी उस चर्चा में शामिल हो जाती हैं. इस पर शाहिद ने मीरा की पसंद की बातचीत को लेकर उन्हें चिढ़ाया और पूछा, 'तुम्हें किस तरह की बातचीत पसंद है? जैसे- 'फिल्म इंडस्ट्री में क्या चल रहा है? ताजा गॉसिप क्या है?'
जब अर्चना पूरन सिंह ने पूछा कि उनमें से किसे गपशप (गॉसिप) करना ज्यादा पसंद है, तो शाहिद ने उनसे अंदाजा लगाने को कहा. मीरा ने बीच में ही कहा, 'उन्हें सब पता होता है, लेकिन वह कभी कुछ बताते नहीं हैं.' उन्होंने आगे कहा, 'मैं गपशप नहीं करती.'
'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' एक कॉमेडी टॉक शो है, जिसे कपिल शर्मा होस्ट करते हैं. इस शो में फिल्म, मनोरंजन, खेल और अन्य क्षेत्रों की मशहूर हस्तियां आती हैं, जो कपिल और उनकी टीम के साथ बातचीत करती हैं, कॉमेडी स्केच में हिस्सा लेती हैं और मजेदार पल बिताती हैं.