App

दिवाली पर तमिलनाडु CM विजय ने दी सौगात, 224 प्रोड्यूसर्स को मिले 15.68 करोड़ रुपये; 2015 से था इंतजार

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने दिवाली से पहले राज्य के 224 फिल्म प्रोड्यूसर्स को बड़ी राहत दी है. सरकार ने 15.68 करोड़ रुपये की फिल्म सब्सिडी जारी की है. यह रकम 2015 से लंबित थी, जिसके मिलने से लंबे समय से इंतजार कर रहे मेकर्स को राहत मिली है.

दिवाली पर तमिलनाडु CM विजय ने दी सौगात, 224 प्रोड्यूसर्स को मिले 15.68 करोड़ रुपये; 2015 से था इंतजार
Image Credit: CM विजय का फिल्म इंडस्ट्री को तोहफा

दिवाली के मौके पर तमिल फिल्म जगत को एक बड़ा तोहफा देते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने 224 फिल्मों के निर्माताओं को सब्सिडी के तौर पर 15.68 करोड़ रुपये जारी किए हैं. चेन्नई के चेपॉक में आयोजित एक कार्यक्रम में इस फैसले की घोषणा की गई. बताया जा रहा है कि ये फंड पिछले सात सालों से लंबित थे. चुने गए प्रत्येक निर्माता को 7 लाख रुपये का चेक दिया गया.

यह राशि 2015 से 2022 के बीच बनी उन फिल्मों के लिए है, जिन्हें रिटायर जस्टिस एसके कृष्णन की अध्यक्षता वाली एक समिति ने चुना था. अम्मा क्रिएशन्स के प्रोड्यूसर टी शिवा ने इस कदम का स्वागत किया और फंड जारी कराने के लिए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय और मंत्री राजमोहन अरुमुगम का धन्यवाद किया. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में इस ऐलान को फिल्म जगत से जुड़े लोगों के लिए दिवाली का तोहफा बताया.

फिल्ममेकर्स को CM विजय की बड़ी सौगात

उन्होंने तमिल में लिखा, 'तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री, श्री जोसेफ विजय का तहे दिल से शुक्रिया, जिन्होंने 224 फिल्मों के लिए लगभग 16 करोड़ रुपये की सब्सिडी तुरंत जारी कर दी है.' उन्होंने आगे लिखा, 'यह मामला सात सालों से अटका हुआ था, लेकिन अब इससे इन 224 प्रोड्यूसर्स के जीवन में नई उम्मीद जगी है और एक नई शुरुआत हुई है. मैं माननीय मंत्री का भी दिल से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस काम को पूरा करने के लिए पूरी लगन और तेजी से प्रयास किए!'

साथ ही निर्माता ने इसे उन लोगों के लिए दिवाली का तोहफा बताया, जिनकी आजीविका फिल्म इंडस्ट्री पर निर्भर है. उन्होंने लिखा, 'यह सिर्फ एक सब्सिडी नहीं है, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई परिवारों के लिए दिवाली का एक तोहफा है. लाभ पाने वालों में 90% ऐसे लोग हैं, जिनकी आजीविका फिल्म निर्माण के कारण छिन गई थी. इसमें कोई शक नहीं कि यह मदद उनके जीवन में एक नई शुरुआत लाएगी. 224 निर्माताओं और उनके परिवारों की ओर से, बहुत-बहुत धन्यवाद!'

 

 

CM विजय ने जारी की 15.68 करोड़ की सब्सिडी

एक रिपोर्ट के मुताबिक, चेपॉक में आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री राजमोहन ने सब्सिडी दी गई. इसके लिए चुनी गई फिल्में 2015 से 2022 के बीच बनी थीं. 'अम्मा क्रिएशन्स' के बैनर तले 'दैव वाक्कु', 'अरविंदन', 'सरोजा' और 'अरवान' जैसी फिल्मों को सपोर्ट करने वाले शिवा ने सरकार के इस फैसले को निर्माताओं और उनके परिवारों की मदद की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है.

इस योजना का उद्देश्य कम बजट वाली तमिल फिल्मों के निर्माण को बढ़ावा देना है. खासकर उन फिल्मों को जो सामाजिक रूप से प्रासंगिक विषयों पर आधारित हों. कार्यक्रम में बोलते हुए राजमोहन ने उदाहरण के तौर पर भारथिराजा की फिल्म 'करुथम्मा' (1994) का जिक्र किया, जिसने कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ जागरूकता फैलाई थी. उन्होंने इसे ऐसी फिल्मों का उदाहरण बताया जो सामाजिक बुराइयों को चुनौती दे सकती हैं. उन्होंने उन निर्माताओं की भी तारीफ की जो व्यावसायिक पहलुओं के साथ-साथ सार्थक कहानी कहने को भी प्राथमिकता देते हैं. मंत्री ने आगे कहा कि भविष्य में तमिल सिनेमा के लिए राज्य पुरस्कार पूरी तरह से योग्यता और ईमानदारी के आधार पर दिए जाएंगे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Swati Singh

Swati Singh

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More