एक्ट्रेस स्मिता जयकर ने अपने फिल्मी करियर में कई बड़े स्टार्स के साथ स्क्रीन शेयर की और कई यादगार किरदार निभाए. उन्होंने शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म 'देवदास' में उनकी मां का रोल किया था, जिसे आजतक लोगों का प्यार मिलता रहा. स्मिता हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन के पॉडकास्ट का हिस्सा बनीं, जहां उन्होंने अपनी क्लासिक फिल्म 'परदेश' से जुड़ा एक ऐसा खुलासा किया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया. एक्ट्रेस ने फिल्म के डायरेक्टर सुभाष घई और लीड एक्ट्रेस महिमा चौधरी के बीच हुए चर्चित विवाद को लेकर खुलकर बात की.
स्मिता जयकर ने उस विवाद को याद करते हुए बताया कि महिमा बहुत ही अच्छी और प्यारी एक्ट्रेस हैं, लेकिन उस समय वो बुरी तरह टूट चुकी थी. उन्होंने बताया कि सेट पर महिमा से ज्यादा बातचीत नहीं हुई, क्योंकि दोनों का साथ में कोई सीन या डायलॉग नहीं था. स्मिता ने बताया कि जब आप किसी को पूरे मन से वरशिप करते हैं और आपको पता चलता है कि वो इंसान वैसा नहीं है, तो आप पूरी तरह से टूट जाते हैं और ऐसा ही महिमा के साथ हुआ.

'परदेश' के दौरान सुभाष घई और महिमा के बीच लीगल फाइट भी देखने को मिली, इस दौरान डायरेक्टर द्वारा एक्ट्रेस पर कॉन्ट्रैक्ट ब्रीच के आरोप लगाए गए. वहीं महिमा ने अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि उन्हें सेट पर लगातार बुली किया जा रहा था और सुभाष घई के कारण ही उन्हें फिल्म 'सत्या' से बिना बताए बाहर कर दिया गया. स्मिता ने इस विवाद को याद करते हुए बताया कि एक महिला रिश्ते में पुरुष से ज्यादा जुड़ जाती है, लेकिन एक दिन अचानक जब आप उसे छोड़ देते हैं, तो फीलिंग बहुत अलग होती है.

स्मिता ने सुभाष घई और महिमा चौधरी के बीच कनेक्शन के बारे में बात करते हुए कहा, 'मुझे सच नहीं मालूम, लेकिन हर कोई उनके रिश्ते के बारे में बात करता था, लोगों ने कहा कि वो दोनों एक रिश्ते में हैं. हर कोई जानता है इसके बारे में, सभी बात करते हैं, तो जब दोनों के बीच बात नहीं बनीं, तो वो एक न्यूकमर एक्ट्रेस थीं, उस समय हो सकता है कि वो एक मेंटल ट्रामा से गुजर रही हों.' स्मिता ने आगे कहा कि सभी ने बाद में एक्ट्रेस की हालत देखी है, वो उस विवाद केल बाद बिल्कुल गायब हो गई थीं.

महिमा चौधरी को अपनी पहली ही फिल्म 'परदेस' के दौरान बड़ी सफलता मिली, लेकिन इस दौरान उन्होंने कई मुश्किलों का सामना किया. फिल्म के निर्देशक सुभाष घई के साथ हुए मतभेद इतने बढ़ गए थे कि महिमा को इंडस्ट्री में काम मिलने में मुश्किलें आने लगीं. कई बड़े फिल्ममेकर्स ने उनसे दूरी बना ली और यहां तक कि उन्हें कल्ट क्लासिक फिल्म 'सत्या' से भी हाथ धोना पड़ा.

एक्ट्रेस ने इस पूरी घटना को याद करते हुए सुभाष घई पर कई आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा, 'ये बहुत मुश्किल समय था क्योंकि घई ने सभी प्रोड्यूसर्स को पर्सनल मैसेज भेजकर कहा था कि वो एक्ट्रेस के साथ काम न करें.' महिमा ने कहा कि फिल्ममेकर ने एक ऐड भी जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि अगर कोई एक्ट्रेस के साथ काम करना चाहता है, तो उसे पहले उनसे कॉन्टैक्ट करना होगा, नहीं तो ये उनके कॉन्ट्रैक्ट के खिलाफ होगा. जबकि ऐसा कोई कॉन्ट्रैक्ट नहीं था.
महिमा ने इस पूरी घटना और विवाद को याद करते हुए कहा था कि उस मुश्किल दौर में इंडस्ट्री के कई लोगों ने उनसे किनारा कर लिया था. लेकिन सिर्फ सलमान खान, संजय दत्त, डेविड धवन और राजकुमार संतोषी ये चार लोग ही उनके सपोर्ट में आगे आए थे और उन्हें स्ट्रॉन्ग रहने की सलाह दी थी.