App

'ईठा' के लिए श्रद्धा कपूर ने बढ़ाया 10-12 किलो वजन, 25 दिन तक बांधे 8 किलो के घुंघरू; सूज गए थे पैर

फिल्म 'ईठा' में अपने किरदार को जीवंत बनाने के लिए श्रद्धा कपूर ने कड़ी मेहनत की है. एक्ट्रेस ने इसके लिए 10-12 किलो वजन बढ़ाया और 25 दिनों तक 8 किलो के भारी घुंघरू पहनकर रिहर्सल की. इस दौरान लगातार डांस करने से उनके पैर भी सूज गए थे.

'ईठा' के लिए श्रद्धा कपूर ने बढ़ाया 10-12 किलो वजन, 25 दिन तक बांधे 8 किलो के घुंघरू; सूज गए थे पैर
Image Credit: सोशल मीडिया

बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर जल्द ही बड़े पर्दे पर वापसी हो रही है. उनकी अगली फिल्म 'ईठा', 4 दिसंबर को रिलीज होगी. इस फिल्म में एक्ट्रेस ने मशहूर लावणी आर्टिस्ट विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभाया है. बताया जा रहा है कि यह फिल्म उनकी जिंदगी और सफर पर आधारित है. इसी बीच फिल्म रिलीज से पहले श्रद्धा कपूर के फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन की खूब चर्चा हो रही है. हाल ही में वैभवी मर्चेंट ने इस बारे में बात की है.

'वैरायटी इंडिया' से बात करते हुए वैभवी ने बताया, 'श्रद्धा ने लक्ष्मण उतेकर के साथ कैरेक्टर वर्कशॉप से ​​शुरुआत की. इसके बाद उन्होंने दो लावनी कलाकारों स्वर्गीय शकुंतला नागरकर और अक्षय मालवणकर के साथ डांस वर्कशॉप कीं. कैंसर से जूझने और इलाज कराने के बावजूद शकुंतला ताई ने 7 से 10 दिनों की एक वर्कशॉप ली. इसमें उन्होंने सिखाया कि दर्शकों से कैसे जुड़ना है और 1940-50 के दशक के भारी-भरकम पारंपरिक घुंघरुओं को पहनकर कैसे परफॉर्म करना है. लक्ष्मण ने फिल्म की शूटिंग उल्टे क्रम में करने का फैसला किया. यानी पहले दूसरे हाफ और क्लाइमैक्स गाने की शूटिंग की गई. इसका मतलब यह था कि श्रद्धा को उस हिस्से के लिए तैयार करना था, जिसके लिए उनका वजन लगभग 10 से 12 किलो बढ़ चुका था. वजन बढ़ने से तेजी से मूवमेंट करते समय घुटनों और पिंडलियों पर ज्यादा दबाव पड़ता है और स्टैमिना पर भी असर पड़ता है. इसलिए, हमने बहुत कड़ी रिहर्सल और कंडीशनिंग की, जिसमें हर एक घंटे का हिसाब रखा गया.'

श्रद्धा कपूर ने 25 दिन तक सहा दर्द

कोरियोग्राफर ने आगे बताया, 'क्लाइमेक्स सीक्वेंस की शूटिंग के दूसरे दिन लंच से ठीक पहले श्रद्धा को गंभीर चोट लग गई. दिन की गर्मी से गर्म हुए फर्श पर नंगे पैर नाचने की वजह से फ्रिक्शन हुआ और खतरा बढ़ गया. इससे सभी का मनोबल डगमगा गया था, लेकिन छह हफ्ते से दो महीने के ब्रेक और सख्त फिजियोथेरेपी के बाद हम नए सिरे से फोकस के साथ लौटे. इसके बाद हर लावनी परफॉर्मेंस के साथ हमने वार्म-अप, कूल-डाउन और फिजियो प्रोटोकॉल को अनिवार्य रूप से शामिल कर लिया.'

वहीं, इस फिल्म के लिए वह हर दिन लगभग आठ घंटे तक अपने दोनों पैरों में 4-4 किलो के घुंघरू पहनकर प्रैक्टिस करती थीं. हालांकि, इस मेहनत के कारण उन्हें कई फिजिकल चुनौतियों का सामना करना पड़ा. लंबे समय तक प्रैक्टिस करने से उनके पैरों में सूजन आ जाती थी. एक गाने की शूटिंग के दूसरे दिन ही उनकी मांसपेशियों में खिंचाव यानी मसल टियर आ गया. चोट लगने के बावजूद वह जल्द से जल्द ठीक होकर वापस सेट पर लौटने के लिए उत्सुक थीं.

पुणे में फिल्म के गाने 'जी जी रे जी' के लॉन्च के दौरान फिल्म निर्माता लक्ष्मण उतेकर ने श्रद्धा की तैयारियों के बारे में बात की. मीडिया से बात करते हुए निर्देशक ने बताया था कि श्रद्धा ने एक मशहूर कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर का किरदार निभाने के लिए महाराष्ट्र के पारंपरिक तमाशा और लावणी नृत्य सीखने में कितनी लगन दिखाई. लक्ष्मण उतेकर ने बताया कि इस गाने को मढ़ आइलैंड पर बने एक भव्य सेट पर शूट किया गया था और इसे वैभवी मर्चेंट ने कोरियोग्राफ किया था. हालांकि, इस सीक्वेंस को सही ढंग से फिल्माने के लिए हफ्तों की तैयारी की जरूरत पड़ी. श्रद्धा ने हर गाने के लिए 25 दिनों तक रिहर्सल की, जिसमें वह रोजाना आठ घंटे तक 8 किलो वजन के घुंघरू पहनकर प्रैक्टिस करती थीं.

'ईठा' की रिलीज डेट और विठाबाई नारायणगांवकर की कहानी

'ईठा' मशहूर मराठी लोक कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की कहानी है. यह फिल्म उनके जीवन और पारंपरिक कला रूप पर उनके प्रभाव को बड़े पर्दे पर दिखाती है. हाल ही में जारी फुटेज से पता चलता है कि कैसे यह फिल्म 'तमाशा' की दुनिया और विठाबाई के शानदार प्रदर्शन को जीवंत कर देती है. लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित और दिनेश विजन, लक्ष्मण उतेकर व करिश्मा शर्मा द्वारा निर्मित यह फिल्म 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Swati Singh

Swati Singh

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More