)
कई बार रास्ते में हुई छोटी सी घटना किसी की जिंदगी बचाने की वजह बन जाती है. अमेरिका के मैसाचुसेट्स में रहने वाले ब्रैंडन मैकसॉर्ली के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. वह छुट्टियों के मौसम से पहले कुछ एक्स्ट्रा कमाई के लिए उबर ईट्स के साथ डिलीवरी का काम कर रहे थे.
CBS न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें कार्वर इलाके में एक ऑर्डर मिला. ग्राहक ने टायलेनॉल दवा और जिंजर एल का ऑर्डर दिया था. ब्रैंडन को इतना तो समझ आ गया था कि घर में कोई बीमार है, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि वहां पहुंचकर उन्हें किसी की जान बचाने का मौका मिलेगा और वह सोशल मीडिया के स्टार बन जाएंगे.
CBS न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रैंडन जब ऑर्डर लेकर बताए गए पते पर पहुंचे तो उन्हें घर के अंदर से किसी की बहुत धीमी आवाज सुनाई दी. शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद कोई उन्हें वहां से चले जाने के लिए कह रहा है. लेकिन आवाज कुछ अलग थी और उन्हें लगा कि मामला ठीक नहीं है. चूंकि ऑर्डर में दवा थी, इसलिए उसे सीधे दरवाजे पर छोड़ना भी आसान नहीं था. दवा देने से पहले ग्राहक की पहचान करना जरूरी था. ब्रैंडन ने दरवाजा खटखटाया और महिला के मोबाइल पर फोन भी किया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला.
CBS न्यूज को ब्रैंडन ने बताया कि घर के अंदर मौजूद महिला शायद किसी तरह घिसटकर सामने वाले हिस्से तक पहुंची थी. तभी उन्हें फिर से आवाज सुनाई दी. इस बार महिला कह रही थी, 'प्लीज हेल्प, मैं गिर गई हूं.' आवाज बहुत धीमी थी, लेकिन ब्रैंडन समझ गए कि महिला को तुरंत मदद की जरूरत है. उन्होंने बिना देर किए इमरजेंसी नंबर 911 पर कॉल किया और मदद पहुंचने तक वहीं रुकने का फैसला किया.
कार्वर के इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज के प्रमुख माइकल रयान ने बताया कि बुजुर्ग महिला करीब 45 मिनट से फर्श पर पड़ी हुई थी. अगर ब्रैंडन समय पर वहां नहीं पहुंचते तो उन्हें काफी देर तक इसी हालत में रहना पड़ सकता था. अधिकारियों के अनुसार, महिला के पास न तो मोबाइल फोन था और न ही लाइफ अलर्ट जैसी कोई इमरजेंसी सुविधा थी. ऐसे में अगर ब्रैंडन ने उसकी आवाज नहीं सुनी होती तो मदद पहुंचने में और देर हो सकती थी.
फोन पर सूचना मिलने के बाद इमरजेंसी टीम और पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने घर के अंदर जाकर महिला तक पहुंच बनाई और उसे जरूरी मेडिकल मदद दी. कार्वर पुलिस प्रमुख मैथ्यू रेनर ने ब्रैंडन की तारीफ करते हुए कहा कि उनके मन में कुछ गड़बड़ होने का एहसास हुआ और उन्होंने उस पर ध्यान दिया. कई बार किसी छोटी सी बात को नजरअंदाज कर दिया जाता है, लेकिन ब्रैंडन ने ऐसा नहीं किया.
इस घटना के बाद ब्रैंडन की सोशल मीडिया से लेकर हर तरफ तारीफ हो रही है. हालांकि, वह खुद को हीरो मानने के लिए तैयार नहीं हैं. उनका कहना है कि वह बस सही समय पर सही जगह मौजूद थे. उन्हें खुशी है कि वह महिला की मदद कर सके. ब्रैंडन के लिए यह एक सामान्य डिलीवरी हो सकती थी. दवा पहुंचाते, ऑर्डर पूरा करते और अगली डिलीवरी के लिए निकल जाते. लेकिन घर से आती उस हल्की सी आवाज ने उन्हें रुकने पर मजबूर कर दिया.
इस घटना की सबसे खास बात यही है कि ब्रैंडन ने महिला की आवाज को अनसुना नहीं किया. वह चाहते तो दरवाजे पर रिंग देने और फोन करने के बाद ऑर्डर छोड़कर आगे बढ़ सकते थे. लेकिन उन्हें कुछ ठीक नहीं लगा और उन्होंने मदद के लिए फोन कर दिया. कई बार किसी मुश्किल में फंसे व्यक्ति को बचाने के लिए बड़े इंतजाम नहीं, बल्कि आसपास मौजूद किसी सतर्क इंसान की जरूरत होती है. ब्रैंडन ने उस दिन यही साबित किया. उनकी एक कोशिश से बुजुर्ग महिला को समय पर मदद मिल सकी.