हिंदी भाषा को लेकर शिव राजकुमार का बयान बना मुसीबत, ट्रोलिंग के बाद एक्टर ने दी सफाई, विवाद बढ़ने पर मांगी माफी
एक्टर शिव राजकुमार ने अपने हिंदी भाषा बयान को लेकर माफी मांगी है. आइए जानते हैं क्या था पूरा मामला? आखिर एक्टर ने ऐसा क्या बोला कि मांगनी पड़ी माफी?
कन्नड़ एक्टर शिव राजकुमार के एक बयान पर उन्हें जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था. अब एक्टर ने अपने उस बयान में माफी मांगी है. दरअसल ओरिजिनल मॉन्स्टर फिल्म के एक इवेंट के दौरान एक्टर शिव राजकुमार ने बोला- मैंने हिंदी को राष्ट्रीय भाषा बोला था. यह भाषाओं में से एक है. हमारी कन्नड़ भाषा हमारे लिए हमेशा से जरूरी है. मुझे नहीं पता था, मैं भारत की भाषाओं को लेकर कन्फ्यूज हो गया था. मैं माफी मांगता हूं, मुझे नहीं पता था. उनकी भाषा हिंदी और हमारी भाषा कन्नड़ है. उनकी भाषा उनके लिए जरूरी है और हमारी भाषा हमारे लिए जरूरी है.
हिंदी भाषा पर दिया था ये बयान
दरअसल एक्टर ने ओरिजिनल मॉन्स्टर के टाइटल लॉन्च इवेंट में हिंदी भाषा को लेकर बयान दिया था. पैन इंडिया फिल्म में हिंदी डायलॉग बोलने को लेकर उनसे सवाल किया गया था. इसके जवाब में उन्होंने बोला क्यों? हिंदी मेरी दूसरी भाषा है. मैं हिंदी बोल सकता हूं. आपको क्या लगा? ये आसान भाषा है, राष्ट्रीय भाषा है. हम जानते हैं. एक्टर का विवाद इसलिए भी सामने आया, क्योंकि लंबे समय से साउथ में भाषा विवाद जारी है. कर्नाटक में बड़ी संख्या में लोग हिंदी और इंग्लिश भाषा के बढ़ते चलन का विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि कर्नाटक में कन्नड़ भाषा को प्राथमिकता देनी चाहिए.
सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग
उनके इस बयान पर सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोलिंग हुई. कुछ यूजर्स ने सोशल मीडिया पर हिंदी को राष्ट्रीय भाषा बताने पर उनको ट्रोल किया. वहीं कुछ लोगों ने उनके इस बयान का बचाव भी किया. ट्रेलिंग के बाद एक्टर ने आखिरकार अपने बयान पर माफी मांग ली है.
एक्टर की अपकमिंग फिल्म
शिव राजकुमार ओरिजिनल मॉन्स्टर फिल्म में नजर आएंगे. फिल्म का डायरेक्टशन आर.चंद्रू कर रहे हैं. फिल्म की कहानी 1990 के दशक से लेकर 2000 के बीच के हिंसा, ताकत, पैसे और इंसानी फितरत पर आधारित है. फिल्म को कन्नड़ और हिंदी दोनों ही भाषा में बनाया जा रहा है. शिव राजकुमार इस फिल्म से अपना हिंदी डेब्यू करेंगे.
कन्नड़ भाषा को लेकर इन सेलेब्स का बयान बन चुका है विवाद
किच्चा सुदीप और अजय देवगन विवाद
साल 2022 में किच्चा सुदीप ने हिंदी के राष्ट्रीय भाषा माने जाने को लेकर सवाल उठाया था. अजय देवगन ने एक्टर के जवाब देते हुए पूछा कि अगर हिंदी राष्ट्रीय भाषा नहीं है तो साउथ की फिल्में हिंदी में क्यों डब होती है?
कमल हासन
साल 2025 में कमल हासन ने कन्नड़ भाषा को तमिल से निकली भाषा बताया था. उनके इस बयान का कर्नाटक में काफी विरोध हुआ था.