करण जौहर के मशहूर कैंपस का रंग-रूप अब पूरी तरह बदलने जा रहा है. 14 साल पहले जिस स्टाइलिश कॉलेज और ग्लैमरस दुनिया से दर्शकों की पहचान हुई थी, वो अब एक नए और बेहद खौफनाक रूप में लौट रही है. धर्माटिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही नई वेब सीरीज ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ का पहला लुक सामने आ चुका है. ये नई सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर 13 नवंबर को स्ट्रीम होगी. इस बार कॉलेज के पुराने दिनों जैसी कलरफुल दुनिया देखने को नहीं मिलेगी, बल्कि इस बार कहानी में सस्पेंस, डार्क सीक्रेट और अजीबोगरीब घटनाओं देखने को मिलेगी.
इस सीरीज से शनाया कपूर अपना ओटीटी डेब्यू करने जा रही हैं. सीरीज में वे डबल रोल में नजर आने वाली हैं. रीमा माया के डायरेक्शन में बनी ये सीरीज पुराने प्यार-मोहब्बत और दोस्ती वाले माहौल को किनारे रखकर एक डार्क थ्रिलर की दुनिया में ले जाती है. हाल ही में सीरीज का एक टीजर जारी किया गया है, जिसकी शुरुआत में सब कुछ परफेक्ट और अच्छा दिखाई देता है, जहां शनाया बेहद ग्लैमरस लग रही हैं और बैकग्राउंड में ‘इश्क वाला लव’ गाना सुनाई देता है, लेकिन तभी एक पल में सब कुछ बदल जाता है. शनाया खून से लथपथ और डरी-सहमी नजर आती है और फिर एक डरावना सीन आता है.
इस सीरीज का पहला लुक शेयर करते हुए करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर लिखा कि इस हफ्ते पुरानी यादें ताजा हो रही हैं. उन्होंने बताया कि ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ फ्रैंचाइजी के 14 साल पूरे होने पर वे इस सफर को बिल्कुल अलग और नए अंदाज में आगे ले जा रहे हैं. करण ने साफ कहा कि इस बार का सफर बेहद रॉ, खूनी, बेबाक और पूरी तरह पागलपन से भरा होने वाला है. उन्होंने दर्शकों को वॉर्निंग देते हुए इस सीरीज के लिए तैयार रहने को कहा. करण की इस पोस्ट के बाद से ही फैंस के बीच इस थ्रिलर कॉलेज ड्रामा को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है.
ओटीटी की दुनिया में अपनी इस नई शुरुआत को लेकर शनाया कपूर भी काफी एक्साइटेड हैं. उन्होंने कहा कि ये प्रोजेक्ट उनके लिए सिर्फ एक काम नहीं, बल्कि एक बहुत बड़ा स्टेटमेंट है. इस तरह के डीप और डार्क किरदार को निभाना उनकी अपनी पसंद थी, ताकि ऑडियंस की पुरानी उम्मीदों को बदला जा सके. शनाया के मुताबिक उनका ये रोल कई गलतियों और कमियों से भरा हुआ है, जो पर्दे पर बिल्कुल असली नजर आता है. उन्होंने माना कि इस अजीब और डरावनी दुनिया का हिस्सा बनना उनके लिए सबसे ज्यादा मुश्किल और उतना ही शानदार एक्सपीरियंस साबित हुआ है.

इस सीरीज से जुड़ी सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि शनाया कपूर इसमें डबल रोल निभाती दिख सकती हैं. करण जौहर ने खुद इस बात का साफ इशारा दिया है. करण ने कहा कि जब वे इस नए सफर को देखते हैं, तो उन्हें राख से दोबारा उड़ने वाला फीनिक्स नजर आता है. साल 2012 में उन्होंने कुछ बड़े सपनों के साथ शुरुआत की थी, लेकिन अब वे अपने ही बनाए सारे नियम तोड़ रहे हैं. रीमा के अनोखे डायरेक्शन और शनाया के दमदार डबल रोल के साथ वे कुछ बेहद खास पेश कर रहे हैं, जहां पहला लुक तो सिर्फ एक छोटी सी शुरुआत भर है.
साल 2012 में आई फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ ने आलिया भट्ट, वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा को एक रात में स्टार बना दिया था. इसके बाद 2019 में टाइगर श्रॉफ, अनन्या पांडे और तारा सुतारिया के साथ दूसरा पार्या आया, जिसमें भी सेम ही कहानी दिखाई गई थी, लेकिन अब बड़े पर्दे की चमक-दमक छोड़कर मेकर्स ने घर-घर तक पहुंचने वाले स्ट्रीमिंग स्पेस को चुना है. ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ 13 नवंबर को जियोहॉटस्टार पर दस्तक देगी, जहां सेंट टेरेसा कॉलेज की ये खूनी खेल दर्शकों को अपनी जगह से बांधकर रखेगा.