रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के करियर की सबसे बड़ी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर उनके फैंस और बाकी लोगों के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है. बस लोग इसके बड़े पर्दे पर रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं. ये मेगा बजट फिल्म इस साल दीवाली के खास मौके पर यानी 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. फिल्म को लेकर लोगों में ऐसा जबरदस्त क्रेज है कि मेकर्स ने रिलीज से 16 दिन पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है. आमतौर पर किसी भी बड़ी फिल्म के टिकट चंद रोज पहले बुक होना शुरू होते हैं, लेकिन यहां मामला बिल्कुल अलग है.
सिनेमाघरों के बाहर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए ये बड़ा फैसला लिया गया है, ताकि हर कोई अपनी सीट पक्की कर सके. टिकट काउंटर्स खुलते ही सीटों की बुकिंग तेजी से शुरू हो गई है और इसके साथ ही टिकट के दाम भी आसमान छू रहे हैं. सबसे बड़े ऑनलाइन टिकट प्लेटफॉर्म बुक माय शो की ताजा जानकारी के मुताबिक मुंबई में इस वक्त फिल्म का सबसे महंगा टिकट बिका है. ये टिकट मेसन आईनॉक्स: जियो वर्ल्ड प्लाजा, बीकेसी का है, जहां लोग सबसे शानदार अनुभव के लिए भारी रकम खर्च कर रहे हैं.

Pita shri aur mata shri kripaya meko maaf kardo 😭🙏🏻🙏🏻🙏🏻🙏🏻🙏🏻🙏🏻🙏🏻 . Aur @malhotra_namit movie achi honi chahiye bc . 5k ke tickets zindagi me nahi socha tha book karunga #Ramayana https://t.co/3DiagqXdhw
— itsaryan (@ItSAryanZz22) October 20, 2026
यहां हिंदी 3डी इनसिग्निया वाले शाम 7:10 बजे के शो के एक टिकट का बेस प्राइस 2,620 रुपये रखा गया है, जो फीस जोड़कर 2,690 रुपये बैठता है. फिल्म देखने वालों की भारी दीवानगी को ध्यान में रखकर थिएटर्स ने शो के समय में बड़ा बदलाव किया है. ‘रामायण’ के लिए सुबह 6 बजे से ही शो शुरू हो जाएंगे और ये सिलसिला देर रात तक चलेगा.
मुंबई के गोरेगांव में मौजूद मिराज सिनेमाज में सबसे पहला शो सुबह 6 बजे रखा गया है. इसके अलावा कई सिनेमाघरों ने रात 11:59 बजे के शो भी अभी से लिस्ट कर दिए हैं. अमूमन आधी रात के शो रिलीज के बाद भारी डिमांड पर जोड़े जाते हैं, लेकिन इस फिल्म के जबरदस्त माहौल को देखकर सिनेमाघर मालिकों ने ये कदम पहले दिन से ही उठा लिया.
फिल्म रिलीज से ठीक पहले लोगों के बीच एक बड़ा सवाल ये भी उठ रहा है कि क्या उन्हें फिल्म एक दिन पहले देखने को मिलेगी? सामने आई ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो मेकर्स ने 4 नवंबर 2026 को ‘रामायण’ के खास पेड प्रिव्यू रखने की पूरी तैयारी कर ली है. हालांकि, ऑफिशियली आम जनता के लिए एडवांस बुकिंग 5 नवंबर की रिलीज के लिए ही खोली गई है. देश के कई बड़े शहरों और मल्टीप्लेक्स में अभी टिकट बुकिंग पूरी तरह शुरू होना बाकी है. ऐसे में आने वाले दिनों में टिकट के दाम और नए रिकॉर्ड बना सकते हैं.
ये फिल्म सिर्फ अपने बजट के साथ-साथ अपनी बेहद बड़ी स्टारकास्ट को लेकर भी सुर्खियों में है. रणबीर कपूर भगवान राम के अवतार में, साई पल्लवी माता सीता के किरदार में और यश लंकापति रावण के किरदार में नजर आएंगे. इनके साथ-साथ फिल्म में रवि दुबे, सनी देओल, अरुण गोविल, लारा दत्ता, इंदिरा कृष्णन, सोनल झा, रकुल प्रीत सिंह, काजल अग्रवाल, कुणाल कपूर और आदिनाथ एम. कोठारे जैसे बेहतरीन कलाकारों की टोली भी नजर आने वाली है. हर एक किरदार के लिए कलाकारों का चयन काफ सोच-समझकर किया गया है.
साल 2026 की सबसे मोस्ट अवेटेड फिल्म होने के नाते ‘रामायण पार्ट 1’ से पूरे देश को बहुत भारी उम्मीदें हैं, जिस तरह से 16 दिन पहले टिकट खिड़की खुली है और रिकॉर्ड तोड़ कीमतों पर सीटें बुक हो रही हैं, उसने साफ हिंट दे दिया है कि बॉक्स ऑफिस पर बड़ा तूफान आने वाला है. अब हर किसी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बाकी शहरों में बुकिंग खुलने के बाद क्या कोई टिकट 2,690 रुपये से भी ज्यादा महंगा बिकेगा. दर्शकों के इस बेमिसाल प्यार और उत्साह को देखकर लग रहा है कि फिल्म ओपनिंग डे पर नया रिकॉर्ड बना सकती है.