रणबीर कपूर की आने वाली फिल्म ‘रामायण’ को लेकर पूरे देश में जबरदस्त बज देखने को मिल रहा है. सिनेमाघरों में इस मेगा बजट फिल्म की रिलीज का दर्शक बड़ी बेसब्री से राह देख रहे हैं. इसी बीच पश्चिम बंगाल से फिल्म फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ऐलान किया है कि रणबीर की ‘रामायण’ को पूरे राज्य में टैक्स फ्री किया जाएगा. त्योहार के इस खास मौके पर सरकार का ये फैसला फैंस और फिल्म की पूरी टीम के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है.
इस ऐलान के बाद दर्शकों के बीच हलचल काफी तेज हो गई है. ANI से बात करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने इस फैसले की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि जिस तरह पहले ‘द केरला स्टोरी’, ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘द बंगाल फाइल्स’ जैसी फिल्मों को राज्य में टैक्स छूट दी गई थी, ठीक उसी तरह रणबीर कपूर की ‘रामायण’ पर भी ये नियम लागू रहेगा. इतना ही नहीं, उन्होंने आगे ये भी कहा कि आने वाले समय में अगर भगवान श्री कृष्ण और अर्जुन पर कोई अच्छी फिल्म बनती है, तो उसे भी राज्य में टैक्स फ्री किया जाएगा.
#WATCH | Kolkata: West Bengal CM Suvendu Adhikari says, "The Ramayana film has been made tax-free. The Kerala Story, The Kashmir Files, and The Bengal Files—all of these will be (or have been) made tax-free, and the same will apply to Ramayana. In the days to come, we will see films on Shri Krishna and Arjuna, as well as the Mahabharata..." He also says, "We also carry a deep pain in our hearts regarding the incident at the Durga Puja pandal in Chorbagan area. From this very stage, we offered prayers for those affected as well. We observed a moment of silence. Everyone stands with the grieving family."
— ANI (@ANI) October 20, 2026
ये फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास की अब तक की सबसे महंगी और बड़ी फिल्म मानी जा रही है. फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के मुताबिक ये फिल्म दोनों पार्ट्स में रिलीज होगी और इसको बनाने में करीब 4000 करोड़ रुपये का बड़ा बजट लगा है. पहले पार्ट में भगवान राम के जन्म से लेकर माता सीता के हरण तक की कहानी दिखाई जाएगी. पहला पार्ट 5 नवंबर को दीवाली के खास मौके पर दुनियाभर के थिएटर्स में रिलीज होगा. वहीं, कहानी का पार्ट साल 2027 की दीवाली पर बड़े पर्दे पर दस्तक देगा.
रिलीज से ठीक 15 दिन पहले फिल्म की एडवांस बुकिंग खोल दी गई और पहले ही दिन इसने तगड़ी कमाई की. शुरुआती आंकड़ों की मानें तो फिल्म ने पहले ही दिन 7.30 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया. टिकटों की बिक्री के मामले में सबसे शानदार रिस्पॉन्स नॉर्थ अमेरिका से देखने को मिला. अकेले वहां से फिल्म ने 5 करोड़ से ज्यादा जुटा लिए. इसके अलावा ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में भी लोग एडवांस में धड़ाधड़ टिकट खरीद रहे हैं. ऐसे में ये उम्मीद लगाई जा रही है कि फिल्म पहले दिन जबरदस्त कमाई कर लेगी.
इस महागाथा का डायरेक्शन जाने-माने डायरेक्टर नितेश तिवारी ने किया है. फिल्म को ग्लोबली रूप देने के लिए इंटरनेशनल टेक्नीशियन की मदद ली गई है. ट्रेलर में नजर आए सीन्स और स्पेशल इफेक्ट्स ने ऑडियंस का दिल जीत लिया है. हर कोई फिल्म के शानदार सीन्स और बड़े सेट्स की जमकर तारीफ कर रहा है. सोशल मीडिया से लेकर क्रिटिक्स तक हर कोई बस इसी फिल्म के बारे में बातें कर रहा है. पर्दे पर ‘रामायण’ के अलग-अलग प्रसंगों को जिस संजीदगी से ढाला गया है, उसकी झलक देखकर लोगों का उत्साह कई गुना बढ़ चुका है.
फिल्म में सुपरस्टार यश को रावण के अवतार में देखकर दर्शक बेहद इंप्रेस हुए और उनके लुक की खूब चर्चा हो रही है. उनका ये रूप पर्दे पर आते ही छा गया है और फैंस उनके अभिनय को देखने के लिए बेताब हैं. रणबीर कपूर का सौम्य अंदाज और यश की दमदार मौजूदगी फिल्म में जबरदस्त टकराव की ओर इशारा कर रही है. इंटरनेट पर फिल्म से जुड़े पोस्टर और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं. अब हर किसी की निगाहें 5 नवंबर पर टिकी हैं, जब ये 4000 करोड़ी ग्रैंड सिनेमैटिक एक्सपीरियंस थिएटर्स में दस्तक देगी.