App

दिसंबर में होगा सबसे बड़ा क्लैश: लेकिन क्यों शाहरुख खान की KING से ज्यादा इंडियन ऑडियंस में दिख रहा Doctor Doom का क्रेज?

दिसंबर में बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ा मुकाबला होने जा रहा है. एक तरफ शाहरुख खान अपनी बेटी सुहाना के साथ ‘किंग’ लेकर आ रहे हैं, तो दूसरी तरफ मार्वल की ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ है, लेकिन कमाल की बात ये है कि इस बार इंडियन ऑडियंस के बीच हॉलीवुड फिल्म का बज देखने को मिल रहा है, जो एडवांस बुकिंग में रिकॉर्ड तोड़ रही है. क्यों इंडियन ऑडियंस शाहरुख खान से ज्यादा डॉक्टर डूम के दीवाने हो रहे हैं?

दिसंबर में होगा सबसे बड़ा क्लैश: लेकिन क्यों शाहरुख खान की KING से ज्यादा इंडियन ऑडियंस में दिख रहा Doctor Doom का क्रेज?
Image Credit: ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ वर्सेस शाहरुख खान की ‘किंग’

नवंबर का महीना अब बस खत्म ही होने वाला है और इसी के साथ ही दिसंबर के बड़े फिल्मी धमाकों की उल्टी गिनती भी शुरू हो चुकी है. साल के इस आखिरी महीने में बॉलीवुड और हॉलीवुड की कई शानदार फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. वैसे तो कई फिल्में आ रही हैं, लेकिन इस वक्त पूरे देश में सिर्फ दो ही फिल्मों का सबसे ज्यादा बज देखने को मिल रहा है. इनमें से पहली फिल्म है शाहरुख खान की ‘किंग’ (KING) और दूसरी है मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ (Avengers Doomsday). इन दोनों बड़ी फिल्मों को लेकर फैंस के बीच गजब का क्रेज और एक्साइटमेंट देखने को मिल रहा है.

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान अपनी आने वाली फिल्म ‘किंग’ के साथ पूरे तीन साल के लंबे इंतजार के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं. अपने पसंदीदा सितारे को फिर से सिनेमाघरों में देखने के लिए फैंस काफी बेताब हैं और उनके लिए ये किसी बड़े सेलिब्रेशन से कम नहीं है. वैसे तो शाहरुख खान का स्टारडम इतना बड़ा है कि वे अकेले अपने दम पर किसी भी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट करा सकते हैं, लेकिन इस बार मामला थोड़ा फंसता दिख रहा है. खबर है कि ‘किंग’ को सिर्फ विदेशों में ही नहीं, बल्कि भारत में भी मार्वल की एक बड़ी फिल्म से सीधा मुकाबला करना पड़ेगा, जिससे कमाई पर असर पड़ सकता है.

Shah Rukh Khan Movie King

‘किंग’ से जुड़ी खास बातें और स्टारकास्ट

‘किंग’ शाहरुख खान के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है, जिसे एक शानदार एक्शन-थ्रिलर के तौर पर तैयार किया जा रहा है. इस फिल्म को डायरेक्ट करने की जिम्मेदारी सिद्धार्थ आनंद के कंधों पर है, जो इससे पहले ‘पठान’ और ‘वॉर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुके हैं. इस प्रोजेक्ट को लेकर फैंस इसलिए भी एक्साइटेड हैं, क्योंकि इसमें किंग खान बेहद स्टाइलिश और दमदार अवतार में नजर आने वाले थे. फिलहाल मेकर्स ने फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर ज्यादा पत्ते नहीं खोले हैं.

लेकिन इसे हिंदी सिनेमा का अगला बड़ा धमाका माना जा रहा है. इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी ये है कि इसमें पहली बार शाहरुख खान अपनी बेटी सुहाना के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे और दीपिका पादुकोण के साथ उनकी छठी फिल्म है. फिल्म को एक हाई-वोल्टेज एंटरटेनर की तरह बनाया गया है, जिसमें एक्शन के साथ-साथ इमोशन और सस्पेंस का तड़का भी होगा. ‘जवान’ और ‘पठान’ की हिस्टोरिकल सक्सेस के बाद फैंस को शाहरुख से एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाने की उम्मीद है.

एडवांस बुकिंग में ही रिकॉर्ड तोड़ रही डूम्सडे

एक तरफ जहां ‘किंग’ का इंतजार हो रहा है, वहीं ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है. इस फिल्म को भारत में रिलीज होने में अभी 27 दिनों का वक्त बाकी है. महज चार दिन पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग खोली गई थी और इसने जो रफ्तार पकड़ी है, वैसा शायद ही किसी हॉलीवुड फिल्म के लिए पहले देखा गया हो. शुरुआती चार दिनों के अंदर ही ‘डूम्सडे’ ने ब्लॉक्ड टिकटों को मिलाकर 40 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस कर लिया है.

ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ये फिल्म पहले दिन 100 करोड़ रुपये से ऊपर की ओपनिंग ले सकती है, जो अपने आप में एक नया इतिहास होगा.  इंडियन ऑडियंस के बीच किसी विदेशी फिल्म को लेकर ऐसी दीवानगी हाल के सालों में बहुत कम देखने को मिली है. खासकर तब, जब पिछले 7 सालों में मार्वल की गिनी-चुनी फिल्में ही ऑडियंस की उम्मीदों पर खरी उतर पाई हैं. ऐसे में ये सवाल उठना लाजमी है कि आखिर ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ में ऐसा क्या खास है, जिसके लिए इंडियन ऑडियंस इस कदर पागल हो रही है.

Avengers Doomsday Movie

क्यों ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ बन चुका है एक इवेंट?

‘एवेंजर्स डूम्सडे’ के लिए इस बेकाबू क्रेज के पीछे सबसे बड़ी वजह एक ही नाम है और वो हैं रॉबर्ट डाउनी जूनियर (RDJ). साल 2019 में आई ‘एवेंजर्स एंडगेम’ के बाद वो सात साल बाद MCU में लौट रहे हैं. खास बात ये है कि पिछली बार जो किरदार एक हीरो बनकर दुनिया को बचाते हुए मारे गए थे, वही चेहरा अब सबसे खतरनाक विलेन बनकर लौट रहा है. जब से ये खबर सामने आई थी कि RDJ ही ‘डॉक्टर डूम’ का रोल निभाने वाले हैं, तभी से मार्वल फैंस की एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर पहुंच गया.

रॉबर्ट डाउनी जूनियर के अलावा इस फिल्म में सुपरहीरोज की पूरी फौज नजर आने वाली है. नई एवेंजर्स टीम के साथ-साथ पुराने कैप्टन अमेरिका यानी स्टीव रॉजर्स, पुरानी एक्स-मेन टीम और फैंटेस्टिक फोर के किरदार भी अपने यूनिवर्स को बचाने के लिए एक साथ लड़ते दिखेंगे. इसके अलावा सोशल मीडिया पर ये भी चर्चा है कि फिल्म में टोबी मैग्वायर के स्पाइडरमैन और डेडपूल-वूलवरीन के बीच जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस देखने को मिल सकता है. मार्वल का मल्टीवर्स खत्म होने की कगार पर है और ये सभी सुपरहीरो अपनी-अपनी दुनिया बचाने की जद्दोजहद में लगे हैं.

इस मेगा प्रोजेक्ट का डायरेक्शन जो और एंथनी रूसो ने किया है, जिन्होंने 7 साल पहले ‘एवेंजर्स एंडगेम’ जैसी कल्ट फिल्म बनाई थी. रूसो ब्रदर्स की वापसी ने भी भारतीय फैंस की उम्मीदों को दोगुना कर दिया है. ये फिल्म 17 दिसंबर को भारतीय सिनेमाघरों में दस्तक देगी और देखना दिलचस्प होगा कि ये कमाई के कौन-कौन से नए रिकॉर्ड बनाने और पुराने रिकॉर्ड तोड़कर नया इतिहास रचने को तैयार है. 

KING से ज्यादा क्यों दिख रहा Doctor Doom का क्रेज?

भले ही शाहरुख खान की ‘किंग’ को लेकर भारतीय फैंस में अच्छा-खासा उत्साह है, लेकिन मौजूदा माहौल में ‘डॉक्टर डूम’ का पलड़ा भारी नजर आ रहा है. इसके पीछे सबसे बड़ी वजह ये है कि डॉक्टर डूम सिर्फ एक फिल्मी किरदार नहीं है, बल्कि कॉमिक्स की दुनिया का एक बेहद मशहूर सुपरविलेन है. फैंस लंबे समय से इस किरदार को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे थे और ऊपर से रॉबर्ट डाउनी जूनियर का इससे जुड़ना सोने पर सुहागा साबित हुआ है.

वहीं दूसरी तरफ, ‘किंग’ की पूरी जिम्मेदारी लीड तौर पर शाहरुख खान के कंधों और उनके स्टारडम पर टिकी है. जबकि ‘डॉक्टर डूम’ के साथ पूरी मार्वल फ्रेंचाइजी की विरासत और उसका बड़ा ग्लोबल फैनबेस जुड़ा हुआ है. यही वजह है कि इंटरनेट से लेकर टिकट काउंटर तक मार्वल की इस फिल्म का शोर ज्यादा सुनाई दे रहा है. बता दें, एडवांस बुकिंग के मामले में Avengers: Doomsday ने भारत में रिलीज से पहले लगभग 46.78 करोड़ (ग्रॉस) सेल कर ली है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More