)
बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने आधिकारिक तौर पर यूट्यूब पर डेब्यू किया है. इससे उनके फैंस को उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल जिंदगी को फॉलो करने के लिए एक और प्लेटफॉर्म मिल गया है. एक्टर ने शुक्रवार को एक मजेदार टीजर के साथ अपने ऑफिशियल चैनल के लॉन्च किया और वादा किया कि फैंस को वहां पर्सनल, प्रोफेशनल और बिहाइंड-द-सीन्स कंटेंट की सारी जानकारी देंगे.
एक्टर ने एक वीडियो शेयर किया है, इसमें वह अल्फाबेट बोलते हुए नजर आ रहे हैं. साथ ही सलमान ने लिखा, 'शुरू से शुरू करते हैं... मेरा ऑफिशियल यूट्यूब चैनल. A से Z तक सब यहां मिलेगा.' सलमान खान ने यूट्यूब पर डेब्यू किया है. सलमान के ऑफिशियल चैनल के बायो में लिखा है, 'फिल्म एक्टर. आर्टिस्ट. पेंटर. समाजसेवी. यह मेरा ऑफिशियल चैनल है.'
रिपोर्ट के मुताबिक, ऐलान के तुरंत बाद ही चैनल के सब्सक्राइबर्स तेजी से बढ़ने लगे और पहले घंटे में ही इनकी संख्या 6,000 के पार पहुंच गई. हालांकि, इस चैनल पर अभी कई शॉर्ट्स मौजूद हैं और फैंस अब यह देखने का इंतजार कर रहे हैं कि क्या सलमान व्लॉग, बिहाइंड-द-सीन फुटेज, पर्सनल पल या फिल्म सेट की झलकियां शेयर करेंगे. फैंस सलमान खान की जिंदगी के ऐसे पल देखना चाहते हैं जो पहले कभी नहीं देखे गए. इस लॉन्च ने उन फैंस के बीच उत्साह पैदा किया है, जो लंबे समय से फिल्मों, टेलीविजन और सोशल मीडिया पर सलमान को फॉलो करते आ रहे हैं. यूट्यूब के जरिए अब एक्टर के पास लंबे वीडियो शेयर करने और सिनेमा से हटकर अपने काम, रोजमर्रा की जिंदगी और अपनी पसंद-नापसंद की झलक दिखाने का मौका है.
बता दें कि कई बॉलीवुड सेलेब्रिटीज पहले से ही पर्सनल वीडियो, ट्रैवल कंटेंट, फिटनेस रूटीन और बिहाइंड-द-सीन्स फुटेज के जरिए दर्शकों से सीधे जुड़ने के लिए यूट्यूब का इस्तेमाल कर रहे हैं. अब सलमान भी इस बढ़ती लिस्ट में शामिल हो गए हैं. सलमान खान अभी बिग बॉस 20 होस्ट कर रहे हैं, जो इस रियलिटी शो के साथ उनके लंबे जुड़ाव का एक और सीजन है. एक्टर के पास कई फिल्म प्रोजेक्ट्स भी पाइपलाइन में हैं.
एक्टर जल्द ही फिल्म 'मातृभूमि' में नजर आएंगे, जिसका पहले नाम 'बैटल ऑफ गलवान' था. अपूर्व लाखिया के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी हैं. हालांकि, इसकी नई रिलीज डेट का ऐलान अभी नहीं हुआ है. सलमान खान के पास SVC63 भी पाइपलाइन में है. सलमान SVC63 के लिए साउथ के फिल्ममेकर वामशी पेडिपल्ली के साथ भी काम करने वाले हैं, जिसका नाम कथित तौर पर 'मॉन्स्टर' रखा गया है.
इस फिल्म में नयनतारा भी हैं और इसे अभी ईद 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज करने का प्लान है. फिलहाल, फैंस इस बात को लेकर बहुत उत्सुक हैं कि सलमान अपने नए लॉन्च किए गए यूट्यूब चैनल पर क्या अपलोड करेंगे, क्योंकि उन्होंने हिंट दिया है कि A से Z तक सब यहां मिलेगा.'