रियलिटी शो के स्टेज पर कब पुराने रिश्ते दोबारा जिंदा हो जाएं और सोशल मीडिया पर तहलका मचा दें, इसका कुछ पता नहीं. इन दिनों 'रोडीज रीबर्थ' का एक एपिसोड सोशल मीडिया पर हॉट टॉपिक बना हुआ है, जिसके पीछे की वजह कोई और नहीं, बल्कि रिएलिटी किंग प्रिंस नरूला और करिश्मा तलवार हैं, जो इस शो में एक बार फिर आमने-सामने आए हैं. जैसे ही करिश्मा ने शो के ऑडिशन राउंड में एंट्री की और होस्ट रणविजय सिंह ने उनके 'स्प्लिट्सविला 8' के पुराने दिनों का जिक्र किया, इंटरनेट पर ओल्ड वीडियोज की बाढ़ आ गई. फैंस ने बिना समय गवाए सोशल मीडिया पर दोनों के पुराने दिनों को याद करते हुए रोमांटिक वीडियो और फैन-एडिट्स की झड़ी लगा दी, जिससे ये मामला तूल पकड़ गया.

फैन-एडिट्स और सोशल मीडिया पर चल रही इन हरकतों से प्रिंस नरूला काफी अनकंफर्टेबल हो गए, जिसके बाद उन्होंने सिचुएशन को संभालते हुए अपने सोशल मीडिया पर एक स्पेशल नोट शेयर किया और फैंस से एक खास अपील की. प्रिंस ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साफ शब्दों में लिखा कि फैंस को उनकी पर्सनल लाइफ और रील लाइफ का थोड़ा लिहाज करें.
प्रिंस ने अपने इस पोस्ट में कहा कि अगर वो उनके दूसरे वीडियो एडिट करना चाहते हैं, तो ठीक है, लेकिन करिश्मा के साथ उनके नाम को जोड़कर रोमांटिक वीडियो बनाना अब बंद कर देना चाहिए. उन्होंने अपने गुस्से और निराशा को जाहिर करते हुए अपनी फैमिली का हवाला दिया. प्रिंस ने रिक्वेस्ट करते हुए फैंस को याद दिलाया कि वो एक शादीशुदा इंसान हैं.
प्रिंस ने पोस्ट में लिखा, 'मैं एक खुशहाल शादीशुदा आदमी हूं और मेरी एक पत्नी और बेटी है. मैं बिल्कुल नहीं चाहता कि मेरी बेटी बड़ी होकर ये बिना मतलब के एडिट्स देखे.' उन्होंने माना कि रियलिटी शो की जर्नी में ऑडियंस का प्यार मिलना अच्छी बात है, लेकिन इस तरह की बेकार एडिटिंग से उनके परिवार पर असर पड़ता है और समाज में गलत मैसेज जाता है.
इस पूरे विवाद के बीच प्रिंस ने उस सबसे बड़ी गलतफहमी को भी दूर किया जिसमें करिश्मा को उनकी एक्स-गर्लफ्रेंड कहा जा रहा है. प्रिंस ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर जो दावे किए जा रहे हैं, वो पूरी तरह गलत हैं. उन्होंने याद दिलाया कि 'स्प्लिट्सविला 8' के दिनों में करिश्मा सिर्फ शो में उनकी एक 'कनेक्शन' थीं, न कि उनकी गर्लफ्रेंड. शो खत्म होने के बाद दोनों की अपनी-अपनी जिंदगी आगे बढ़ चुकी थी, लेकिन पुराने शो के हवाले से उन्हें अब एक्स-गर्लफ्रेंड का टैग देना पूरी तरह गलत है.
'रोडीज रीबर्थ' के स्टेज पर हुआ ये आमना-सामना शो की टीआरपी के लिए भले ही मसालेदार रहा हो, लेकिन प्रिंस नरूला ने ये कर दिया है कि रील और रियल लाइफ के बीच एक बाउंड्री होती है. पुरानी यादों को आज की खुशहाल जिंदगी पर हावी नहीं होने देना चाहिए. प्रिंस का ये मैसेज उनके फैंस के लिए एक साफ इशारा है कि वो पुरानी ऑन-स्क्रीन जोड़ियों के ख्यालों से बाहर निकलकर किसी के परिवार और उनकी भावनाओं का सम्मान करना सीखें.