)
बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख ने हाल ही में पैपराजी से जुड़ा एक बेहद दिल छू लेने वाला किस्सा शेयर किया. कई बार हमारे साथ ऐसा होता है कि हम घर से बाहर निकलते हैं और जेब में बिल्कुल कैश नहीं होता. कुछ ऐसा ही रितेश के साथ भी हुआ, जब मुंबई के एक रेस्टोरेंट से बाहर निकलते वक्त एक छोटे बच्चे ने उनसे सामान खरीदने की गुजारिश की. रितेश उस बच्चे की मदद करना चाहते थे और सामान भी खरीदना चाहते थे, लेकिन उनकी जेब में एक रुपया भी कैश नहीं था. आजकल ज्यादातर लोग ऑनलाइन पेमेंट पर करते हैं, जिसकी वजह से लोगों के पास कैश नहीं होता.
उस बच्चे के पास जो सामान था उसकी कीमत महज 100 रुपये थी. रितेश ने तुरंत उससे पूछा कि क्या वो गूगल पे लेता है? लेकिन उस मासूम बच्चे ने साफ मना कर दिया, क्योंकि उसके पास ऑनलाइन पेमेंट की कोई सुविधा नहीं थी. रितेश कुछ समझ पाते कि अब क्या करें, तभी वहां उनकी तस्वीरें खींच रहे एक पैपराजी ने तुरंत आगे बढ़कर कहा, ‘मैं देता हूं’. ये बात रितेश के दिल को छू गई. अपने हालिया इंटरव्यू में ये बात बताते हुए रितेश ने कहा, ‘हम डिजिटल दुनिया में इतने खो गए हैं कि कैश रखना ही भूल जाते हैं. उस वक्त उस पैपराजी का वो हैल्पिंग स्टेप बहुत मायने रखता था’.
रितेश ने स्क्रीन को दिए इंटरव्यू में बताया कि उन्हें पहले उस पैपराजी का नाम नहीं पता था, लेकिन बाद में मालूम हुआ कि उनका नाम सुशील मोहिते है. रितेश ने कहा कि अगर वो नाम लेने में कोई गलती कर रहे हों तो माफी चाहते हैं. सुशील ने बिना सोचे-समझे तुरंत अपनी जेब से 100 रुपये निकालकर उस बच्चे को दे दिए ताकि वो सामान रितेश को मिल सके. उस वक्त सड़क पर हमेशा की तरह काफी भीड़भाड़ और अफरा-तफरी का माहौल था. रितेश ने उस पैपराजी के साथ एक तस्वीर खिंचवाई और फिर अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से अपने घर के लिए रवाना हो गए.
घर पहुंचने के बाद रितेश देशमुख ने ये पूरा वाकया अपनी पत्नी जेनेलिया डिसूजा को बताया. दोनों को लगा कि उस पैपराजी के पैसे जल्द से जल्द लौटाने चाहिए, क्योंकि उसने बहुत बड़ा दिल दिखाया था. परेशानी ये थी कि रितेश के पास उस पैपराजी का कोई फोन नंबर या संपर्क सूत्र नहीं था. इस उलझन को सुलझाने के लिए रितेश ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी का सहारा लिया. उन्होंने सोशल मीडिया पर इस पूरी घटना को शेयर किया ताकि किसी तरह उस कैमरामैन तक पहुंचा जा सके. सोशल मीडिया की मदद से आखिरकार रितेश ने उस पैपराजी को ढूंढ ही निकाला और सम्मान के साथ उसके पैसे वापस कर दिए.
इस घटना को याद करते हुए रितेश काफी इमोशनल नजर आए. उन्होंने कहा, ‘पैपराजी ने जिस तरह की काइंडनेस और बिलॉन्गिंग दिखाया, वो सच में बहुत बड़ी बात है. सड़क पर आते-जाते वक्त अक्सर अफरा-तफरी मची रहती है और मीडिया वाले सिर्फ अपना काम कर रहे होते हैं. हम अक्सर यही सोचते हैं कि वे बस हमारी तस्वीरें लेना चाहते हैं या अपनी जरूरतों के लिए दौड़-भाग कर रहे हैं, लेकिन हम ये महसूस नहीं कर पाते कि जिंदगी में ऐसे भी खूबसूरत लम्हे आते हैं, जब वही लोग इंसानियत की खातिर बिना किसी स्वार्थ के आपकी मदद के लिए सबसे आगे खड़े हो जाते हैं’.
रितेश देशमुख के काम की बात करें तो वे हाल ही में कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ में बड़े पर्दे पर नजर आए थे. इस फिल्म में उनके कॉमिक अंदाज को लोगों ने काफी पसंद किया. इसके अलावा वे नेटफ्लिक्स के फेमस रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ को फराह खान के साथ मिलकर होस्ट भी कर चुके हैं. अपनी शानदार अदाकारी के साथ-साथ रितेश अपने जमीन से जुड़े व्यवहार के लिए जाने जाते हैं. पैपराजी सुशील मोहिते के साथ घटी ये घटना साबित करती है कि रितेश सिर्फ रील लाइफ में ही नहीं, बल्कि रियल लाइफ में भी लोगों के अच्छे कामों और उनकी इंसानियत की पूरी कदर करते हैं.