Rise & Fall 2: कपड़े फटे, हुई धक्का-मुक्की... हाथापाई के बाद भी शहजाद पूनावाला ने मेकर्स से क्यों की स्वेत को माफ करने की अपील?
Rise and Fall Season 2: एमएक्स प्लेयर के शो 'राइज एंड फॉल 2' के दूसरे ही एपिसोड में शहजाद पूनावाला और स्वेत तोमर के बीच हाथापाई हो गई, जिसके बाद स्वेत को बाहर कर दिया गया. हालांकि, शहजाद ने मेकर्स से अपील की कि वो स्वेत को माफ कर दें और किसी नए लड़के का काम या रोजी-रोटी न छीनें.
एक्स-पॉलिटिशियन शहजाद पूनावाला इन दिनों रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' में कंटेस्टेंट बनकर शामिल हुए हैं. शो अभी शुरू ही हुआ है, लेकिन शहजाद के बयानों और कंटेस्टेंट्स के साथ हो रहे विवादों ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा रखा है. पहले 'रोडीज' फेम स्वेत तोमर के साथ हाथापाई और अब टीवी एक्ट्रेस प्रियंका चाहर चौधरी के साथ हुआ उनका विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का टॉपिक बना हुआ है. हालिया एपिसोड में शहजाद ने इरिना रुदाकोवा के साथ बातचीत में शो छोड़ने का इरादा जताया और इसी दौरान उन्होंने स्वेत तोमर से जुड़े उस बड़े कांड का सच भी बयां किया, जिसने सबको हैरान कर दिया है.
दरअसल, शो के दौरान शहजाद पूनावाला और प्रियंका चाहर चौधरी के बीच काफी तीखी बहस हो गई थी, जिसमें शहजाद ने प्रियंका को पैसे के लिए शादी करने वाली कह दिया. इसके बाद जब मामला बढ़ा, तो शहजाद इरिना रुदाकोवा के पास बैठकर काफी परेशान दिखे. उन्होंने कहा कि वो इस शो को छोड़ना चाहते हैं क्योंकि उन्हें बाहर अपनी पॉलिटिक और पर्सनल इमेज की चिंता सता रही है. शहजाद ने प्रियंका को अनस्टेबल बताते हुए डर जताया कि वो उन पर ऐसे आरोप लगा सकती हैं, जिनका इस्तेमाल बाहर उनके पॉलिटिकल राइवल उनकी इमेज खराब करने के लिए कर सकते हैं.
'समझौता हमेशा मुझे ही क्यों करना पड़ता है?'
जब इरिना ने शहजाद को समझाते हुए शांत रहने और प्रियंका से माफी मांगकर मामला खत्म करने की सलाह दी, तो शहजाद थोड़े इमोशनल और नाराज हो गए. उन्होंने तर्क दिया कि हर बार झुकना और समझौता करना सिर्फ उनकी ही जिम्मेदारी क्यों बन जाती है? शहजाद का मानना था कि जब उन्होंने कुछ गलत किया ही नहीं है, तो उनसे जबरदस्ती माफी क्यों मंगवाई जा रही है. अपनी बात साबित करने के लिए शहजाद ने शो के दूसरे एपिसोड में हुए स्वेत तोमर विवाद का जिक्र किया
पिटाई के बाद भी दिखाई दरियादिली
शहजाद ने इमोशनल होकर इरिना को बताया कि जब स्वेत ने उन पर शारीरिक हमला किया और उनका इलाज चल रहा था, तब भी उन्होंने बदला लेने की नहीं सोची. शहजाद ने खुलासा किया, 'जब मेरी पिटाई हुई और इलाज के दौरान मुझे दो घंटे बाहर रखा गया, तो मैंने तुरंत मेकर्स से कहा कि उसे बाहर मत निकालो, उसे शो में ही रखो और माफ कर दो.'
'उसकी रोजी-रोटी का सवाल था'
जब इरिना ने उनसे पूछा कि इतना बड़ा हमला होने के बाद भी उन्होंने स्वेत को माफ क्यों किया, तो शहजाद ने दिल छू लेने वाली वजह बताई. उन्होंने कहा, 'वो लड़का अभी सिर्फ 29-30 साल का है. ये शो उसका करियर और उसकी रोजी-रोटी है, मेरी नहीं. मेरे पास बाहर अपनी पहचान है. तो जब मैं खुद पर हमला करने वाले स्वेत को माफ कर सकता हूं, तो क्या आपको लगता है कि मुझे प्रियंका से माफी मांगने में कोई गुरेज होगा?'
गलत ठहराए जाने का है दुख
शहजाद ने साफ किया कि उन्हें प्रियंका से बात करने में आपत्ति नहीं है, बल्कि इस बात का दुख है कि बिना गलती के उन्हें गलत ठहराया जा रहा है. हालांकि मेकर्स ने नियमों का हवाला देकर स्वेत को शो से बाहर कर दिया था, लेकिन शहजाद के इस खुलासे से उनका एक अलग ही रूप लोगों के सामने आया है. अब देखना ये होगा कि क्या शहजाद अपनी इमेज बचाते हुए शो में टिके रहते हैं या इसे अलविदा कहते हैं.