)
एक्टर और राजनेता रवि किशन ने हाल ही में मुंबई में बिताए अपने मुश्किल दिनों के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने याद किया कि जब वे शहर में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब 'वड़ा पाव' उनका सबसे बड़ा साथी बन गया था. रवि किशन ने यह बात क्विज रियलिटी शो 'कोन होनार करोड़पति' में कही. इस दौरान उन्होंने मुंबई के अपने शुरुआती दिनों और उस सफर के बारे में बताया, जिसने उन्हें एक संघर्षरत कलाकार से एक सफल अभिनेता और सांसद बना दिया.
उन्होंने याद किया कि कैसे संघर्ष के दिनों में वड़ा पाव ही उनका लगातार साथी बन गया था. उन्होंने कहा, "वो बहुत खूबसूरत दिन थे. मेरे संघर्ष के दिनों में वड़ा पाव ही मेरा सच्चा साथी था. मैंने पूरा मुंबई पैदल घूमा है, तब जब इसे बॉम्बे कहा जाता था. लोग चलकर आगे बढ़ते हैं लेकिन मैं आज जहां हूं, वहां रेंगकर पहुंचा हूं. मैं धीरे-धीरे ऊपर उठा हूं."
रवि ने ये भी याद किया कि मुंबई से उनका नाता एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में करियर शुरू होने से काफी पहले से जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि उनका जन्म बांद्रा में हुआ था और बाद में हालात बदलने पर वो अपने परिवार के साथ वापस बनारस चले गए थे.
उन्होंने यह बताया कि उनके पिता दूध का बिजनेस करते थे और मुंबई में बचपन के दौरान वो गणपति विसर्जन की झांकियां देखते थे. इन्हीं झांकियों में नाचते हुए उन्हें डांस में दिलचस्पी पैदा हुई थी. रवि किशन ने कहा कि उनके मुश्किल भरे वो साल एक कलाकार के तौर उनके सफर का एक अहम हिस्सा बन गए थे.
रवि किशन की बात करें, तो वह अपने बेहतरीन अभिनय के साथ-साथ सोशल मीडिया पर वायरल मीम्स और ट्रेंड्स के बीच भी नजर आते हैं. अभिनेता ने कहा कि वह अपने वायरल मीम्स को बहुत पसंद और इंजॉय भी करते हैं.
अभिनेता रवि किशन जल्द ही अनुपम खेर की फिल्म खोसला का घोसला-2 में नजर आएंगे. यह फिल्म एक बार फिर मध्यमवर्गीय परिवार के संघर्ष, जमीन-जायदाद से जुड़े विवादों और एक बड़े ठग की वजह से पैदा होने वाली उलझनों के इर्द-गिर्द घूमती नजर आएंगी. इस फिल्म का निर्देशन प्रशांत भागिया ने किया है और इसमें पुरानी कास्ट के साथ कुछ नए चेहरे भी नजर आएंगे.
(आईएएनएस इनपुट के साथ)