)
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से आने वाली डॉक्यूमेंट्री 'लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' पर अपना पक्ष साफ करने को कहा है. यह डॉक्यूमेंट्री 18 दिसंबर से स्ट्रीम होने वाली है. यह कदम एक ऐसी शिकायत के बाद उठाया गया है, जिसमें सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ चल रहे आपराधिक मुकदमों के बीच इस डॉक्यूमेंट्री को रिलीज करने पर आपत्ति जताई गई है.
27 नवंबर 2026 को जारी एक पत्र के जरिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म को सुकेश चंद्रशेखर की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत भेजी है. यह शिकायत दिल्ली की मंडोली जेल में बंद सुकेश की तरफ से एडवोकेट अनंत मलिक ने की थी. मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म से कहा है कि वह शिकायत में उठाए गए मुद्दों की जांच आईटी (इंटरमीडियरी गाइडलाइंस एंड डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड) नियम, 2021 और भारत के अन्य लागू कानूनों के तहत करे. साथ ही पत्र मिलने के सात दिनों के भीतर अपना जवाब मंत्रालय को सौंपे.
इस पत्र में OTT प्लेटफॉर्म का ध्यान डिजिटल समाचार प्रकाशकों और OTT प्लेटफॉर्म के लिए बनी 'आचार संहिता' (Code of Ethics) की ओर भी दिलाया गया है. इसमें आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ी शिकायतों को सुलझाने के लिए तीन-स्तरीय व्यवस्था बनाई गई है. मंत्रालय ने इस बात पर भी जोर दिया कि OTT प्लेटफॉर्म को कानून द्वारा प्रतिबंधित कंटेंट को स्ट्रीम नहीं करना चाहिए और उन्हें पूरी सावधानी और समझदारी से काम लेना चाहिए. उप निदेशक (डिजिटल मीडिया) क्षितिज अग्रवाल द्वारा साइन इस पत्र में कहा गया है कि इसे मंजूरी के बाद जारी किया गया है.
इस मामले ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी है कि जिन लोगों पर आपराधिक मामले चल रहे हैं. उन्हें OTT प्लेटफॉर्म पर किस तरह दिखाया जाना चाहिए. इस मुद्दे में क्रिएटिविटी आजादी, लोगों की दिलचस्पी, आरोपी को दोषी साबित होने तक निर्दोष मानने का सिद्धांत और निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार जैसे कई पहलू शामिल हैं. जैसे-जैसे सच्ची अपराध कहानियों पर आधारित शोज ऑनलाइन पॉपुलर हो रहे हैं, जिम्मेदार कहानी कहने और मीडिया ट्रायल को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं.
मंत्रालय का यह कदम प्रीमियर से कुछ ही हफ्ते पहले उठाया गया है. हालांकि, मंत्रालय ने सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है. लेकिन इस पत्र में फिलहाल डॉक्यूमेंट्री की रिलीज पर कोई रोक, प्रतिबंध या उसे टालने का आदेश नहीं दिया गया है. अब यह देखना बाकी है कि नेटफ्लिक्स क्या जवाब देता है और आगे क्या होता है.