)
पंचायत चुनाव में मिली हार के बाद बीजेपी में लगातार हलचल मची हुई है. एक तरफ पार्टी गांवों में अपनी खोई हुई सियासी जमीन वापस हासिल करने की रणनीति बना रही है, तो दूसरी तरफ चुनाव में हुई हार और पार्टी के भीतर हुई भीतरघात का हिसाब-किताब भी शुरू हो गया है. क्रॉस वोटिंग और अनुशासनहीनता के मामलों में पार्टी ने अब कार्रवाई का रुख अपना लिया है. ब्यावर और पाली के दो जिला परिषद सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है. वहीं, अब गांवों में संगठन को मजबूत करने के लिए बीजेपी टू-वे कम्युनिकेशन पर फोकस करने जा रही है.
पंचायत चुनाव में हार के बाद बीजेपी ने अब पार्टी के भीतर हुई बगावत, भीतरघात और अनुशासनहीनता पर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है. पार्टी उन लोगों से जवाब मांग रही है, जिन्होंने चुनाव में पार्टी के खिलाफ जाकर काम किया या फिर अपने ही नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की. बीजेपी की ओर से ब्यावर और पाली के दो जिला परिषद सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं.
ब्यावर जिला परिषद सदस्य ज्योति चौहान पर जिला प्रमुख चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है. वोटिंग के दौरान रिकॉर्डिंग का वीडियो जारी करने और बीजेपी के अधिकृत प्रत्याशी को वोट नहीं देने की बात कहने का मामला भी सामने आया था. महज एक वोट के अंतर से पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था. प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने ज्योति चौहान को नोटिस जारी कर पांच दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं.
वहीं, पाली जिला परिषद सदस्य चौथाराम मेघवाल को भी बीजेपी ने नोटिस जारी किया है. उन पर जिला प्रमुख पद के उम्मीदवार के चयन के दौरान अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने और पार्टी पदाधिकारियों के खिलाफ अभद्र भाषा बोलने का आरोप है. पार्टी के चुनाव चिह्न पर निर्वाचित होने के बावजूद अनुशासन तोड़ने के मामले में उनसे भी पांच दिन में जवाब मांगा गया है. बीजेपी का कहना है कि जिला प्रमुख चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने और पार्टी के खिलाफ काम करने वाले सभी लोगों से जवाब तलब किया जा रहा है. माना जा रहा है कि जवाब मिलने के बाद पार्टी कुछ लोगों के खिलाफ निष्कासन जैसी कार्रवाई भी कर सकती है.
एक तरफ बीजेपी पार्टी के भीतर अनुशासनहीनता करने वालों पर कार्रवाई कर रही है, तो दूसरी तरफ गांवों में अपनी खोई हुई सियासी जमीन वापस हासिल करने की तैयारी भी शुरू कर दी है. पंचायत चुनाव में हार के बाद अब बीजेपी टू-वे कम्युनिकेशन पर फोकस करेगी. गांवों में पार्टी का झंडा लेकर चलने वाले कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया जाएगा. पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पूरी होते ही संगठन प्रदेशभर में सक्रिय होगा.
पार्टी के बड़े नेता कार्यकर्ताओं तक पहुंचेंगे और गांवों में संगठन को फिर से मजबूत करने की रणनीति पर काम करेंगे. बीजेपी का मानना है कि जहां कमी रही है, उसमें सुधार किया जाएगा और आने वाले समय में संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा. कुल मिलाकर पंचायत चुनाव में मिली हार के बाद बीजेपी अब दो मोर्चों पर काम कर रही है. एक तरफ क्रॉस वोटिंग, भीतरघात और अनुशासनहीनता करने वालों पर कार्रवाई की तैयारी है, तो दूसरी तरफ गांवों में संगठन को मजबूत कर खोई हुई सियासी जमीन वापस हासिल करने की रणनीति बनाई जा रही है.
भीनमाल पंचायत समिति प्रधान पद के लिए चुनाव हुआ जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी पद्मिनी कंवर ने दो वोटो से जीत दर्ज करते हुए भाजपा प्रत्याशी को हराया. बता दें कि भीनमाल पंचायत समिति के 23 वार्ड में पंचायत समिति सदस्य के लिए हुए निर्वाचन में कांग्रेस को 13 सीट मिली थी, जबकि भाजपा को 10 सीट मिली थी, वहीं आज प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को 12 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 10 मत मिले. वहीं एक मत खारिज हुआ, जिस पर भीनमाल के वर्तमान विधायक डॉ. समरजीत सिंह के भाई की पत्नी और कांग्रेस की प्रत्याशी पद्मिनी कंवर ने जीत दर्ज करते हुए प्रधान पद हासिल किया. वहीं जीत के बाद कांग्रेस समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगाते हुए जीत का जश्न मनाया. वर्तमान विधायक डॉ. समरजीत सिंह राठौड़ जिंदाबाद के नारे लगाते हुए खुशी जाहिर की.
चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार में जहां पंचायत समिति प्रधान पद पर भाजपा ने जीत दर्ज की है. भाजपा प्रत्याशी कैलाश देवी रेगर ने कांग्रेस की काली बाई सालवी को एक मत से हराकर प्रधान पद पर कब्जा जमाया. प्रधान पद के लिए हुए मतदान में पंचायत समिति के सभी 17 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतगणना में कैलाश देवी रेगर को 9 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी काली बाई सालवी को 8 मत प्राप्त हुए. जीत की घोषणा एसडीएम नेहा मिश्रा ने की. इसके बाद नवनिर्वाचित प्रधान को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपकर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. भाजपा की जीत के बाद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई.
चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं में जहां पंचायत समिति प्रधान पद पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है. कांग्रेस प्रत्याशी शंकर लाल एकमत से प्रधान निर्वाचित हुए हैं. प्रधान पद के लिए भाजपा की ओर से चंदन वाला और कांग्रेस की ओर से शंकर लाल ने दावेदारी पेश की थी. बेगूं पंचायत समिति के कुल 17 सदस्यों में कांग्रेस के 9 और भाजपा के 8 सदस्य निर्वाचित हुए थे. मतदान के दौरान पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी कांग्रेस के सभी 9 सदस्यों को लेकर मतदान केंद्र पहुंचे. रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया ने शंकर लाल के निर्वाचन की पुष्टि की. जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया.
झालावाड़ जिले के अकलेरा पंचायत समिति में शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला. पंचायत समिति में पूर्ण बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस को प्रधान पद के चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा. वहीं, भाजपा की इंदिरा बाई मीणा ने प्रधान पद पर जीत दर्ज कर ली. अकलेरा पंचायत समिति के कुल 23 सदस्यों में कांग्रेस के पास 12 सदस्य, भाजपा के पास 10 सदस्य तथा आम आदमी पार्टी का एक सदस्य था. इस तरह कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था. इसके बावजूद मतदान के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में केवल 8 वोट पड़े, जबकि भाजपा प्रत्याशी इंदिरा बाई मीणा को 10 मत प्राप्त हुए। वहीं 2 वोट नोटा और 3 मत निरस्त घोषित किए गए. इस परिणाम के बाद भाजपा की इंदिरा बाई मीणा को अकलेरा पंचायत समिति का प्रधान निर्वाचित घोषित किया गया. बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी को केवल 8 मत मिलने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. वहीं कांग्रेस प्रत्याशी ने चुनाव परिणाम को लेकर धांधली के गंभीर आरोप लगाए हैं.
वहीं, बीकानेर के खाजूवाला में पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंदराम मेघवाल की गाड़ी से निर्दलीय प्रत्याशी कलावती सिंवर के उतरते समय झड़प हो गई. गोविंदराम मेघवाल के 10 मतदाताओं को लेकर पहुंचने पर बवाल मच गया. प्रत्याशी को गाड़ी से उतारने के दौरान दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हुई. तनावपूर्ण हालात को देखते हुए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया.
टोंक पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने अपना परचम लहराया है. कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता हंसराज फागना प्रधान निर्वाचित हुई हैं. 17 सदस्यीय टोंक पंचायत समिति में कांग्रेस के पास 14 सदस्यों का स्पष्ट बहुमत था, जबकि भाजपा के पास मात्र 2 सदस्य थे. मतदान के दौरान भाजपा के पक्ष में क्रॉस वोटिंग होने से राजनीतिक समीकरण और दिलचस्प हो गए। चुनाव में एक वोट खारिज भी हुआ. सुनीता हंसराज फागना के प्रधान निर्वाचित होने के साथ ही पंचायत समिति टोंक में कांग्रेस का बोर्ड बन गया है. उनकी जीत को कांग्रेस के मजबूत बहुमत और संगठन की एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है.