)
गीतकार और लेखक जावेद अख्तर अपने बेबाक बयान के लिए जाने जाते हैं. हाल ही में उन्होंने शराब की लत के खिलाफ अपनी लड़ाई के बारे में खुलकर बात की है. उन्होंने स्वीकार किया कि उनके जीवन में एक दौर ऐसा भी था जब वे बहुत अधिक शराब पीते थे. लेकिन फिर उन्होंने इसे पूरी तरह छोड़ने का फैसला किया, क्योंकि वे एक लंबा और स्वस्थ जीवन जीना चाहते थे.
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में जावेद ने अपने जीवन के उस दौर को याद किया और बताया कि उन्हें अपनी जिंदगी में कई पछतावे हैं, जिनमें से सबसे बड़ा पछतावा शराब पीने की उनकी आदत है. जावेद अख्तर ने कहा, 'मुझे कई बातों का पछतावा है.'
उन्होंने आगे कहा कि किसी भी स्वस्थ इंसान के लिए पछतावा होना स्वाभाविक है, क्योंकि इससे इंसान पीछे मुड़कर देख सकता है और सोच सकता है कि क्या कुछ अलग तरीके से किया जा सकता था. उन्होंने बताया कि अपनी जिंदगी के 80 सालों में से उन्हें लगता है कि उन्होंने लगभग 15 साल अपनी शराब पीने की आदत और गैर-जिम्मेदाराना रवैये की वजह से बर्बाद कर दिए. उन्होंने यह भी कहा कि वे म्यूजिक या नई भाषाएं सीख सकते थे और अपनी जिंदगी में कुछ लोगों के प्रति अधिक संवेदनशील हो सकते थे.
जावेद अख्तर ने बताया कि एक समय वे नियमित रूप से और बहुत ज़्यादा शराब पीते थे. हर रात लगभग एक बोतल शराब पी जाते थे. हालांकि, 31 जुलाई 1991 को उन्होंने आखिरी बार शराब पी थी. तब से उन्होंने शराब को हाथ तक नहीं लगाया है.
पीछे मुड़कर देखते हुए जावेद ने कहा कि अपनी एडल्ट लाइफ में उन्होंने जो भी बड़ी गलतियां कीं, उनमें से ज़्यादातर शराब के नशे में ही की थीं. उन्होंने यह भी साफ किया कि उन्होंने अपने बचपन के दुखी होने की वजह से शराब पीना शुरू नहीं किया था. उस समय बस उन्हें शराब पीना अच्छा लगता था. लेकिन आखिरकार उन्होंने शराब छोड़ने का फैसला किया.
जावेद अख्तर की पहली पत्नी और स्क्रिप्टराइटर हनी ईरानी ने विक्की लालवानी के साथ एक इंटरव्यू में उनकी शराब पीने की आदत के बारे में बात की थी. उन्होंने इसे अपनी शादी में एक बड़ी समस्या बताया. उस दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा था कि जावेद को अपने करियर में सफलता मिल रही थी और वे अक्सर अपनी शामें दोस्तों के साथ बिताते थे. उन्होंने यह भी बताया कि जावेद ने कई बार शराब छोड़ने की कोशिश भी की थी.
जावेद ने पहले ही यह मान लिया था कि उनकी शराब पीने की आदत उनकी पहली शादी टूटने की वक वजह हो सकती है. उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति नशे में होता है, तो वह अक्सर जल्दबाजी में फैसले ले लेता है और ऐसी बातों पर बहस करने लगता है जो शायद उतनी गंभीर भी नहीं होतीं.