App

'हर दिन नया झूठ बोलना राहुल गांधी की रणनीति, संविधान का सबसे बड़ा अपमान कांग्रेस ने किया': विपक्ष पर क्यों बरसे देवेंद्र फडणवीस?

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बेलगावी में 'संविधान बचाओ' कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने यह बयान परिसीमन के मुद्दे पर देश भर में चल रही राजनीतिक सरगर्मी के बीच दिया है.

'हर दिन नया झूठ बोलना राहुल गांधी की रणनीति, संविधान का सबसे बड़ा अपमान कांग्रेस ने किया': विपक्ष पर क्यों बरसे देवेंद्र फडणवीस?
Image Credit: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बेलगाम में 'संविधान बचाओ' कार्यक्रम में शिरकत की.

इस वक्त देश में परिसीमन बिल के मुद्दे पर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. विपक्ष इसे जहां लोकतंत्र की हत्या बता रहा है तो वहीं सरकार इसे लोकतंत्र में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम बता रही है. इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बेलगाम में 'संविधान बचाओ' कार्यक्रम में शिरकत की. इस मंच से उन्होंने कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला.

सीएम फडणवीस का आरोप है कि विपक्ष देश में अराजकता फैलाना चाहता है. वे भारत में नेपाल और बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करने की फिराक में हैं. उनका मकसद सिर्फ सरकार बदलना नहीं, बल्कि पूरी संवैधानिक व्यवस्था को खत्म करना है. फडणवीस ने गरीबी और अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर पिछली सरकारों को घेरा.

'नेपाल और बांग्लादेश जैसे हालात बनाना चाहती है कांग्रेस'

देवेंद्र फडणवीस ने पड़ोसी देशों का उदाहरण देते हुए कहा, 'कांग्रेस भारत में नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका और पाकिस्तान जैसी स्थिति कायम करना चाहती है.' उन्होंने कहा, 'इन देशों में दंगे हुए, वहां सरकार को नहीं बल्कि संविधान को खत्म कर नया संविधान लागू किया गया. वहां सोशल मीडिया एल्गोरिदम का इस्तेमाल कर लोगों को जाल में फंसाया गया और कंट्रोल में लिया गया. भारत में भी संविधान को खत्म कर वैसी ही नई व्यवस्था लाने की कोशिश चल रही है.'

राहुल गांधी और लाल संविधान पर निशाना

मुख्यमंत्री फडणवीस ने राहुल गांधी की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा, 'राहुल हर दिन एक नया झूठ बोलते हैं, क्योंकि उनकी रणनीति है कि लगातार झूठ बोलने से लोग उसे सच मान लेंगे.' फडणवीस ने आगे कहा, 'राहुल लाल रंग का संविधान लेकर घूमते हैं, जबकि संसद में रखे मूल संविधान की प्रति नीले रंग की है. वे संवैधानिक पदों और संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं और वामपंथ की ओर मुड़ रहे हैं.'

कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए फडणवीस ने आरोप लगाया कि डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के संविधान का सबसे बड़ा अपमान कांग्रेस ने ही किया है. 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को लेकर याचिका दायर होने के बाद कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाया, नेताओं को जेल में डाला और प्रधानमंत्री पद को संविधान के दायरे से बाहर कर दिया, जबकि भाजपा ने कभी संविधान में बदलाव नहीं किया.

गरीबी उन्मूलन और अर्थव्यवस्था को लेकर कांग्रेस पर वार

देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस को आर्थिक मोर्चे पर भी घेरा. उन्होंने कहा, 'कांग्रेस ने 60-70 वर्षों तक केवल गरीबी उन्मूलन का नारा दिया, लेकिन उस दौर में 50 करोड़ लोगों को दिन में दो वक्त का खाना भी नसीब नहीं होता था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को घोर गरीबी से बाहर निकाला गया है.'

फडणवीस ने विश्व बैंक (World Bank) और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा, 'जो विश्व बैंक कभी भारत की आलोचना करता था, आज उसी की रिपोर्ट कहती है कि भारत ने चमत्कार कर दिखाया है और अब देश में केवल 2.7 प्रतिशत लोग ही घोर गरीबी में जी रहे हैं. आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और तीसरा सबसे शक्तिशाली देश है. 2027 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प पूरा होगा.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ashwini Kumar Pandey

Ashwini Kumar Pandey

अश्विनी कुमार पांडेय Zee News में पॉलिटिकल एडिटर हैं. उन्हें 19 साल का अनुभव है. महाराष्ट्र से ताल्लुक रखने वाले अश्विनी को पॉलिटिकल स्टोरीज में महारत हासिल है. महाराष्ट्र में शिवसेना में टूट की खबर ब्रेक की थी, इस टूट के बाद उद्धव ठाकरे की सरकार गिर गई थी. महाराष्ट्र के नाशिक में बांस की लकड़ी पर चलकर नदी पार करने वाले गांव वालो की स्टोरी के बाद महाराष्ट्र सरकार ने गांव वालों के लिए नदी पर तत्काल पुल बनवाया, जिसके चलते गांव वालों की परेशानी खत्म हुई. इस कवरेज के लिए उनको बेस्ट रूरल रिपोर्टिंग कैटेगरी में गोल्ड अवॉर्ड मिला था. अश्विनी कुमार पांडेय ने BMM, MBA और एलएलबी भी किया है.
Read More