)
रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ इस समय हर तरफ छाई हुई है. साल 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक इस प्रोजेक्ट को लेकर ऑडियंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. दुनिया के सबसे पुराने महाकाव्यों में से एक महर्षि वाल्मीकि की ‘रामायण’ पर बनी ये फिल्म लोगों के दिलों को छू रही है. फिल्म में भगवान विष्णु के अवतार श्रीराम की जीवन गाथा को बहुत ही शानदार तरीके से बड़े पर्दे पर उतारा गया है. लंकापति रावण द्वारा माता सीता के हरण और फिर धर्म की जीत के लिए लड़े गए महायुद्ध को देखकर थिएटर्स में बैठे दर्शक तालियां बजाने पर मजबूर हो रहे हैं.
इस मेगा बजट फिल्म को प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश के प्रोडक्शन हाउस मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर तैयार किया है. दो हिस्सों में बन रही इस माइथोलॉजी फिल्म‘रामायण’ में रणबीर कपूर ने भगवान राम के करिदार में, माता सीता के किरदार में साई पल्लवी और कन्नड़ सुपरस्टार यश ने लंकापति रावण का दमदार किरदार निभाकर फैंस का दिल जीत लिया. वहीं, रवि दुबे लक्ष्मण बने हैं. फिल्म की शानदार स्टारकास्ट ने इसे साल 2026 का सबसे बड़ा सिनेमाई इवेंट बना दिया है. बता दें कि मेकर्स अब इसका दूसरा पार्ट दिवाली 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी में हैं.

भले ही अब फिल्म की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई है, लेकिन 23वें दिन रणबीर की ‘रामायण’ ने बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के 23वें दिन यानी शुक्रवार को देशभर में इसके 6,583 शोज चले और रात 11 बजे तक फिल्म ने 8.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इसमें सबसे ज्यादा हिस्सा हिंदी वर्जन का रहा, जिसने 5 करोड़ रुपये कमाए. इसके अलावा कन्नड़ से 1.25 करोड़, तमिल से 1.05 करोड़, मलयालम से 1 करोड़ और तेलुगु वर्जन से 15 लाख रुपये आए. इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन अब 1000.55 करोड़ रुपये हो गया है.
भारत के साथ-साथ इंटरनेशनल मार्केट में भी नितेश तिवारी की ‘रामायण’ का डंका जोर-शोर से बज रहा है. सैकनिल्क के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 23वें दिन ओवरसीज मार्केट में भी इस फिल्म ने 5 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया है. इसके बाद फिल्म का टोटल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन बढ़कर 595.00 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. देश और विदेश की कमाई को मिला दिया जाए, तो ‘रामायण’ का टोटल वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब 1790.10 करोड़ रुपये हो चुका है. हर गुजरते दिन के साथ फिल्म की कमाई में हो रहा ये इजाफा दिखाता है कि ग्लोबल ऑडियंस भी इस भारतीय कहानी को खूब प्यार दे रही है.

सबसे खास बात ये है कि नमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ भारत में 1000 करोड़ का नेट कलेक्शन पार करने वाली भारतीय सिनेमा इतिहास की सिर्फ चौथी फिल्म बन गई है. इससे पहले ये बड़ा कारनामा सिर्फ ‘बाहुबली 2: द कन्क्लूजन’ (1030.42 करोड़), ‘पुष्पा 2: द रूल’ (1234.10 करोड़) और ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ (1149.30 करोड़) ही कर पाई थीं. सबसे दिलचस्प बात ये है कि इसी साल रिलीज हुई ‘धुरंधर 2’ के बाद इस जादुई आंकड़े को छूने वाली ‘रामायण’ साल 2026 की दूसरी हिंदी फिल्म है. एक ही साल में दो फिल्मों का 1000 करोड़ क्लब में जाना इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ी कामयाबी मानी जा रही है.
‘रामायण’ की इस ऐतिहासिक कामयाबी की नींव इसकी रिलीज से पहले ही रख दी गई थी. दशहरे के खास मौके पर, यानी रिलीज से 15 दिन पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग खोली गई थी और रिलीज होने तक दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये के टिकट बिक चुके थे. पहले दिन भारत में 64.85 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेकर यह बॉलीवुड इतिहास की चौथी सबसे बड़ी ओपनर बनी थी. इसके बाद पहले हफ्ते में 564.60 करोड़, दूसरे हफ्ते में 299.15 करोड़ और तीसरे हफ्ते में 128.35 करोड़ रुपये कमाकर इसने बॉक्स ऑफिस पर अपना एकतरफा राज कायम रखा है. इस फिल्म की कमाई ने हर किसो को हैरान कर दिया.