App

समंदर में दुश्मन की खैर नहीं: नौसेना में शामिल हुआ INS विंध्यगिरि, ब्रह्मोस-बराक-8 से लैस है ये ‘महाबली’

भारतीय नौसेना की ताकत में बड़ा इजाफा हुआ है. अत्याधुनिक युद्धपोत INS विंध्यगिरि की धमाकेदार एंट्री हो चुकी है. करीब 75 फीसदी स्वदेशी यह युद्धपोत भारत की जबरदस्त इंजीनियरिंग क्षमता और आत्मनिर्भरता की मिसाल है. ब्रह्मोस और बराक-8 जैसे हथियार इसकी मारक क्षमता बढ़ाते हैं.

समंदर में दुश्मन की खैर नहीं: नौसेना में शामिल हुआ INS विंध्यगिरि, ब्रह्मोस-बराक-8 से लैस है ये ‘महाबली’
Image Credit: (AI)

भारतीय नौसेना को प्रोजेक्ट 17A का सातवां और आखिरी युद्धपोत INS विंध्यगिरि सौंप दिया गया है. करीब 149 मीटर लंबे और 6,670 टन वजनी युद्धपोत को जब कोलकाता के गार्डनरीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड में डिलीवर किया गया तब वहां का जोशीला माहौल देखने लायक था. कोलकाता में आयोजित समारोह में रियर एडमिरल आरएस धालीवाल ने इसे औपचारिक रूप से स्वीकार किया. यह युद्धपोत ब्रह्मोस और बराक-8 जैसे आधुनिक हथियारों के अलावा ये युद्धपोत रडार और युद्ध प्रबंधन प्रणालियों से लैस है.

इसके साथ ही अब नीलगिरि क्लास के सभी सातों युद्धपोत नौसेना को मिल गए हैं. करीब 45 हजार करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट के तहत 23 महीने में सभी युद्धपोत सौंप दिए गए. यह स्वदेशी युद्धपोत डिजाइन और निर्माण के क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है.

मल्टीपर्पस वॉरशिप INS-विंध्यगिरि

ये डिलीवरी देश की स्वदेशी युद्धपोत निर्माण क्षमता और समुद्री सुरक्षा की तैयारियों को अगले चरण पर ले जाने की हरी झंड़ी दिखाती है. प्रोजेक्ट 17A के फ्रिगेट बहुउद्देश्यीय युद्धपोत हैं, जिन्हें समंदर में मौजूदा और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार किया गया है. इस युद्धपोत का नाम कर्नाटक की विंध्यगिरि पर्वत श्रृंखला के नाम पर रखा गया है. 

यह पुराने INS विंध्यगिरि का नया अवतार है. पुराना INS विंध्यगिरि लीएंडर क्लास का फ्रिगेट था, जो 8 जुलाई 1981 से 11 जून 2012 तक भारतीय नौसेना के बेड़े का हिस्सा रहा और उसने देश की 31 वर्षों तक शानदार सेवा की.

नया विंध्यगिरि अत्याधुनिक तकनीक से लैस फ्रिगेट है. यह नौसैनिक डिजाइन, स्टील्थ यानी दुश्मन की नजर से बचने की क्षमता, मारक क्षमता, ऑटोमेशन और युद्ध में टिके रहने की क्षमता के मामले में पहले के युद्धपोतों से कहीं ज्यादा सक्षम है. ये युद्धपोत देश में वॉरशिप निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की मिसाल भी है.

प्रोजेक्ट 17A के फ्रिगेट को वॉरशिप डिजाइन ब्यूरो ने डिजाइन किया है, जबकि कोलकाता स्थित वॉरशिप ओवरसीइंग टीम ने इसके निर्माण की निगरानी की. ये युद्धपोत स्वदेशी डिजाइन, स्टील्थ, सर्वाइवेबिलिटी यानी युद्ध के दौरान सुरक्षित रहने की क्षमता और लड़ाकू क्षमता के मामले में पिछली पी17 यानी शिवालिक क्लास से एक पीढ़ी आगे हैं.

दुश्मन का काल

इसके आधुनिक हथियार और सेंसर सिस्टम इसे समुद्री युद्ध के कई क्षेत्रों में ज्यादा सक्षम बनाते हैं. इनमें दुश्मन के युद्धपोतों के खिलाफ हमला, हवाई खतरों से निपटना और पनडुब्बियों के खिलाफ कार्रवाई यानी एंटी-सरफेस, एंटी-एयर और एंटी-सबमरीन ऑपरेशन शामिल हैं.

रोजगार और सुरक्षा दोनों सेक्टर कवर 

ये प्रोजेक्ट कुछ और मायनों में भी अहम रहा. इस प्रोजेक्ट ने न सिर्फ रक्षा क्षेत्र में भारत की तैयारियों का डंका बजवाया, बल्कि हजारों लोगों को रोजगार देने में भी इसकी अहम भूमिका रही. 

इस युद्धपोत के निर्माण में 75 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है. इसे बनाने में 200 से ज्यादा MSME कंपनियां शामिल हुईं. इस डिफेंस प्रोजेक्ट से लगभग 4,000 लोगों को सीधे यानी प्रत्यक्ष और 10,000 से ज्यादा लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला है.

इस तरह से देखा जाए तो INS विंध्यगिरि सिर्फ भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल हुआ एक नया युद्धपोत नहीं है, बल्कि ये देश की बढ़ती स्वदेशी रक्षा क्षमता, आधुनिक युद्धपोत डिजाइन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ते कदम का भी प्रतीक है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shwetank Ratnamber

Shwetank Ratnamber

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More