App

4000 करोड़ की ‘रामायण’ Vs 20 मिलियन का ‘गॉडजिला’... VFX की जंग में किसकी हुई जीत; कौन पड़ा किस पर भारी?

बड़े पर्दे पर अब असली मुकाबला विजुअल इफेक्ट्स (VFX) का है. एक तरफ भारत की 4000 करोड़ रुपये की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ है, तो दूसरी तरफ जापान की महज 170 करोड़ रुपये में बनी ‘गॉडजिला माइनस जीरो’. दोनों ही फिल्मों ने अपने शानदार विजुअल्स से दुनिया भर में चर्चा बटोरी है. चलिए बताते हैं तकनीक, बजट और कल्पना की इस जंग में किसने मारी बाजी.

4000 करोड़ की ‘रामायण’ Vs 20 मिलियन का ‘गॉडजिला’... VFX की जंग में किसकी हुई जीत; कौन पड़ा किस पर भारी?
Image Credit: ‘रामायण’ Vs ‘गॉडजिला’ के VFX में हो रही तुलना (AI)

आजकल ऑडियंस को थिएटर तक खींचकर लाने के लिए मेकर्स का सबसे बडा हथियार VFX और फैंटेसी की दुनिया दिखाना बन गया है. खासकर जो फिल्में दुनियाभर के लोगों को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं, उनमें यही कोशिश रहती है कि देखने वालों को ऐसा कमाल का विजुअल एक्सपीरियंस मिले जिससे उनके महंगे टिकट के पूरे पैसे वसूल हो जाएं. काफी समय तक इस मामले में सिर्फ हॉलीवुड का ही राज चलता था और कोई भी इंडस्ट्री उसके आसपास तक नहीं भटकती थी, लेकिन अब वक्त काफी बदल चुका है. अब भारत, जापान और कोरिया जैसे बाकी देशों की फिल्म इंडस्ट्री भी पूरी तैयारी और दमखम के साथ इस बडी रेस में उतर चुकी हैं.

इस वक्त सिनेमा की दुनिया में दो बड़ी फिल्मों की खूब बातें हो रही है. एक तरफ भारत की फेमस माइथोलॉजी फिल्म ‘रामायण’ है, तो दूसरी तरफ जापान की ऑस्कर विनर फिल्म ‘गॉडजिला माइनस वन’ का अगला पार्ट ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ है. इन दोनों ही फिल्मों ने अपने-अपने देश के बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त पकड़ बना ली है और ऑडियंस इन्हें खूब पसंद कर रही है. दोनों फिल्मों की इस बड़ी सक्सेस के पीछे इनके शानदार विजुअल इफेक्ट्स का सबसे बड़ा हाथ माना जा रहा है. ऐसे में अब हर किसी के मन में यही सवाल उठ रहा है कि आखिर विजुअल और VFX एक्सपीरियंस के मामले में इन दोनों में से किस फिल्म को असली विनर माना जाए?

Godzilla Minus Zero vs Ramayana

बजट में जमीन-आसमान का अंतर, फिर भी हो रही तुलना

सच कहें तो इन दोनों फिल्मों को आपस में कंपेयर करना थोड़ा मुश्किल काम है. एक तरफ टोक्यो में बनी वॉर के बाद की कहानी वाली एक मॉन्स्टर फिल्म है, जिसे एक छोटी सी टीम ने सिर्फ 13 से 20 मिलियन डॉलर के बजट में तैयार किया है.

दूसरी तरफ इंडियन सिनेमा की सबसे महंगी फिल्म है, जो सदियों पुरानी माइथोलॉजी को दो पार्ट्स में बड़े पर्दे पर ला रही है. इसका टोटल बजट करीब 500 मिलियन डॉलर बताया जा रहा है और इसके पीछे 8 बार ऑस्कर जीत चुकी मशहूर VFX कंपनी डीएनईजी का हाथ है, जिसने ‘ड्यून’ और ‘इंटरस्टेलर’ जैसी फिल्मों का कमाल दिखाया है.

फिर भी सोशल मीडिया पर दोनों की तुलना खूब हो रही है, क्योंकि नवंबर की शुरुआत में कुछ ही दिनों के गैप पर रिलीज हुई इन फिल्मों ने वर्ल्डवाइड अपनी पहचान बनाई है. सीधे शब्दों में कहें तो यहां कोई एक विनर नहीं है, सब इस बात पर डिपेंड करता है कि ऑडियंस को स्क्रीन पर क्या देखना पसंद आता है?

राउंड वन: किसके किरदार दिखते हैं ज्यादा असली?

  • ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ में मेकर्स ने कहानी को बिल्कुल सिंपल और फोकस रखने के लिए बहुत ही कम कैरेक्टर्स लिए हैं. पूरी फिल्म की स्टोरी मेन तौर पर ‘गॉडजिला’ और ‘किंग गिडोरा’ की जबरदस्त टक्कर के आसपास ही घूमती रहती है. सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि फिल्म का बजट बहुत ज्यादा नहीं है, फिर भी इन दोनों मॉन्स्टर्स की डिटेलिंग और लुक स्क्रीन पर कमाल के लगते हैं. इसकी एक बड़ी वजह डायरेक्टर ताकाशी यामाजाकी का विजन है, जिन्हें  VFX की काफी अच्छी समझ है. उन्होंने बड़े ही स्मार्ट तरीके से लो कैमरा एंगल और लंबे लेंस का इस्तेमाल किया है, जिससे ये मॉन्स्टर्स पर्दे पर काफी विशाल और डरावने नजर आते हैं.
  • दूसरी तरफ ‘रामायण’ का स्केल बिल्कुल अलग लेवल पर है. इसमें ताड़का, सुबाहु, कुंभकर्ण, खर-दूषण और जटायु जैसे कई बड़े कैरेक्टर्स हैं. हालांकि, कुछ असुर थोड़े नकली या एक जैसे लगते हैं, लेकिन जटायु के सीन में फिल्म बाजी मार लेती है. सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार ने बताया कि जटायु को पूरी तरह सीजीआई से बनाया गया है, बस शूट पर यश को आइडिया देने के लिए एक मॉडल रखा गया था. डायरेक्टर नितेश तिवारी को रावण और जटायु का ये सीन फाइनल करने में साढ़े 6 साल लग गए. कुल मिलाकर सफाई में गॉडजिला आगे है, लेकिन बड़े विजन और क्रिएटिविटी में रामायण कहीं ज्यादा दमदार है.

Godzilla Minus Zero VFX

राउंड टू: सेट और लोकेशन दिखाने में कौन आगे?

  • माइथोलॉजी फिल्मों के सामने सबसे बड़ा चैलेंज यही होती है कि पुरानी दुनिया फेक ग्रीन स्क्रीन जैसी न लगे, बल्कि उसमें जान महसूस हो. इस मामले में ‘रामायण’ ने कमाल का काम किया है. इसकी ज्यादातर शूटिंग स्टूडियो में बड़े और असली सेट लगाकर की गई है, जिसे डीएनईजी की टीम ने अपनी डिजिटल तकनीक से और शानदार बना दिया. अयोध्या, मिथिला, दंडकारण्य और लंका हर जगह का अपना अलग रंग और माहौल दिखता है. हालांकि, जंगल के कुछ सीन में लाइटिंग थोड़ी कमजोर लगती है और असली लोकेशन जैसी बात नहीं आ पाती, लेकिन फिर भी एक नई दुनिया गढ़ने में ‘रामायण’ बाजी मार ले जाती है.
  • दूसरी तरफ, ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ की दुनिया काफी लिमिटेड है. जंग से बर्बाद हुए जापान को दिखाने के लिए इसमें असली लोकेशन और प्रैक्टिकल सेट का जबरदस्त इस्तेमाल किया गया है, जिससे फिल्म एकदम असली लगती है. मात्सुमोतो शहर पर गिडोरा का शुरुआती हमला इसका सबसे बढ़िया उदाहरण है. यहां असली सेट और कैमरे की सधी हुई मूवमेंट के बीच कंप्यूटर ग्राफिक्स इतने अच्छे से घुल जाते हैं कि तबाही का हर एक सीन ऑडियंस पर गहरा असर छोड़ता है.

    बॉक्स ऑफिस पर महासंग्राम! एडवांस बुकिंग में एक-दूसरे को जबरदस्त टक्कर दे रही Avengers Doomsday और Dune 3; जानें किसने मारी बाजी

राउंड थ्री: विजुअल इफेक्ट्स और सिमुलेशन की असली जंग

  • टेक्निकल सिमुलेशन के मामले में जापानी फिल्म एक अलग ही लेवल पर नजर आती है और इसका क्रेडिट VFX आर्टिस्ट तात्सुजी नोजिमा को जाता है. पहली फिल्म में पानी के शानदार सीन बनाने के लिए 25 साल की उम्र में ऑस्कर जीतने वाले नोजिमा ने इस सीक्वल में भी कमाल कर दिया है. उफनता समंदर, गॉडजिला की पीठ से फिसलता पानी और गिडोरा की उड़ान के वक्त बिजली से चमकते तूफानी बादल बिल्कुल रियल लगते हैं. शिरोगुमी स्टूडियो की सिर्फ 50 आर्टिस्ट की टीम ने एक सीप्लेन शॉट में पानी के दो अरब पार्टिकल्स का सिमुलेशन किया है.
  • वहीं, दूसरी तरफ नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ ने एक अलग ही चैलेंज पूरा करती दिखी. डीएनईजी की टीम ने बर्फ, पानी, लोगों की भीड़ और जटायु के हजारों पंखों के साथ हवा में उड़ते कपड़ों और पत्तियों पर बारीकी से काम किया है. पुरानी माइथोलॉजी फिल्मों की फेक लेजर बीम्स के बजाय यहां दिव्यास्त्रों को हवा के प्रेशर, गर्मी की लहरों और चिंगारियों से जोड़ा गया है, जिससे धूल उड़ती है और कपड़ों में हलचल दिखती है. दोनों ही स्टूडियो ने कहानी की डिमांड के हिसाब से बेस्ट काम किया है, लेकिन जापानी टीम का काम बेमिसाल है.

    Ramayana Movie VFX

राउंड फोर: दोनों फिल्मों में VFX की असली कसौटी

  • वीएफएक्स की असली परीक्षा तब होती है, जब स्क्रीन पर दिखने वाले डिजिटल जीव आसपास की असली चीजों के साथ पूरी तरह घुलमिल जाएं. जापानी फिल्म ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ के हवा में लड़े जाने वाले एक्शन सीन में फाइटर प्लेन, बड़ा-सा बड़ा-भरकम मॉन्स्टर और तूफानी मौसम एक ही दुनिया का हिस्सा लगते हैं. कॉकपिट के असली सेट और एक्टर्स के चेहरों पर पड़ती बिजली की चमक इस डिजिटल तूफान को इतना रियल बना देती है कि ऑडियंस को सब कुछ सच लगने लगता है.
  • वहीं, दूसरी तरफ ‘रामायण’ का शुरुआती युद्ध वाला सीन भी काफी दमदार है, जहां उड़ती धूल, बर्फ और सूरज की तेज रोशनी के बीच किरदार और भारी भीड़ एकदम जिंदा लगती है. दिन के उजाले में VFX करना सबसे मुश्किल काम होता है, क्योंकि धूप और परछाई का हिसाब बिल्कुल परफेक्ट रखना पड़ता है. जहां ये बैलेंस सही बैठा है वहां सीन कमाल के लग रहे हैं, लेकिन कुछ जगहों पर बैकग्राउंड का आसमान बदलने की वजह से लाइटिंग का फर्क साफ पकड़ में आ जाता है.

राउंड फाइव: विजुअल्स और वीएफएक्स का असली टेस्ट

  • असली टेस्ट तो ये होता है कि क्या ऑडियंस की आंखें उस चीज पर भरोसा कर पाती हैं जो कैमरा दिखा रहा है. ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ में कैमरे को काफी कंट्रोल में रखा गया है और ऐसा कोई भी एंगल नहीं लिया गया, जो रियल लाइफ में पॉसिबल न हो. इससे फिल्म में रियलिज्म तो आता है, लेकिन इसका नुकसान ये हुआ कि खुद गॉडजिला काफी देर तक स्क्रीन से गायब रहता है और गिडोरा के साथ उसकी फाइनल फाइट थोड़ी छोटी लगती है, लेकिन बावजूद इसके लोग सोशल मीडिया पर इस फिल्म में VFX के काम की जमकर तारीफ करते नजर आ रहे हैं.
  • दूसरी तरफ, ‘रामायण’ का स्केल बहुत बड़ा है और करीब 600 दिनों के पोस्ट-प्रोडक्शन में लगभग 9,500 VFX शॉट्स बनाए गए हैं. हालांकि, इसका रिजल्ट थोड़ा मिक्स रहा, क्योंकि महल और बड़े सेट तो शानदार दिखते हैं, लेकिन दिन की रोशनी में डिजिटल भीड़ और कुछ राक्षस थोड़े नकली लगते हैं. स्वयंवर और जंगल की लड़ाई में डिजिटल भीड़ की मूवमेंट उतनी नेचुरल नहीं लग पाती. रावण वाले सीन अयोध्या के शुरुआती सीन्स के मुकाबले ज्यादा बेहतर हैं, जबकि जटायु और पुष्पक विमान के सीन दिखाते हैं कि ये टीम अपने बेस्ट फॉर्म में क्या कमाल कर सकती है.

Ramayana Vs Godzilla Minus Zero

आखिर जीत किसकी हुई?

  • आखिर में जापानी फिल्म ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ अपनी जबरदस्त टेक्निकल बारीकी, मॉन्स्टर्स की नेचुरल मूवमेंट, लाइटिंग और कम बजट में किए गए कमाल के लिए बाजी मार लेती है. हालां,कि फिल्म में इन विशाल जीवों का स्क्रीन टाइम थोड़ा कम है, जिसकी वजह से विजुअल ट्रीट कुछ हद तक लिमिटेड रह जाता है.
  • वहीं, नितेश तिवारी की मेगा बजट ‘रामायण’ अपने बड़े विजन, ग्रैंड इमेजिनेशन और एक पूरा माइथोलॉजिकल यूनिवर्स रचने की हिम्मत के लिए तारीफ की हकदार है. तकनीक की बारीकी में भले ही थोड़ी ऊंच-नीच दिखती हो, लेकिन जटायु, लंका और दिव्यास्त्रों का शानदार प्रेजेंटेशन इसे एक यादगार एक्सपीरियंस बनाता है.

ऐसे में अगर आपको टेक्निकल परफेक्शन चाहिए तो ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ चुनें और ग्रैंड विजन पसंद है तो ‘रामायण’ बेस्ट है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More