बॉक्स ऑफिस हिलाने के बाद अब ऑस्कर की दौड़ में शामिल हुई 'रामायण', मेकर्स ने 99वें एकेडमी अवार्ड के लिए भेजी एंट्री
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'रामायण' को मेकर्स ने 99वें एकेडमी अवार्ड्स (ऑस्कर) के लिए सबमिट कर दिया है. 800 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाने वाली इस फिल्म की एंट्री से भारतीय फैंस में भारी उत्साह है.
भारतीय सिनेमा के लिए यह बेहद गर्व और खुशी का पल है. थिएटर्स में रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही फिल्म 'रामायण' अब ग्लोबल लेवल पर अपनी धाक जमाने के लिए तैयार है. खबर सामने आई है कि फिल्म के मेकर्स ने 'रामायण' को 99वें अकादमी पुरस्कारों यानी ऑस्कर के लिए सबमिट कर दिया है. भले ही मराठी फिल्म 'गोंधल' को इस साल भारत की तरफ से ऑफिशियल एंट्री के तौर पर चुना गया है, लेकिन इसके बावजूद 'रामायण' इंडिपेंडेंट रूट से ऑस्कर की दौड़ में शामिल हो गई है.
कैसे मिलती है ऑस्कर में इंडिपेंडेंट एंट्री?
बहुत से लोगों को लगता है कि केवल देश की ऑफिशियल एंट्री ही ऑस्कर में जा सकती है, लेकिन ऐसा नहीं है. एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, एकेडमी के रूल्स के मुताबिक कोई भी फिल्म जो उनके नियमों को पूरा करती है, वह सीधे ऑस्कर के लिए अप्लाई कर सकती है. इसके लिए फिल्म को अमेरिका के प्रमुख शहरों जैसे लॉस एंजिल्स, न्यूयॉर्क या शिकागो के सिनेमाघरों में कम से कम सात दिनों तक लगातार चलना जरूरी होता है. इन शर्तों को पूरा करने के बाद मेकर्स अपनी फिल्म को जनरल एंट्री के तहत सबमिट कर सकते हैं.
6 दिनों में कमाए 800 करोड़ रुपये
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी 'रामायण: पार्ट 1' को 5 नवंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज किया गया था. रिलीज होते ही इस फिल्म ने कमाई के कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. फिल्म ने केवल 6 दिनों के अंदर भारत में ₹440.45 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है. वहीं दुनिया भर में इसकी कुल कमाई ₹823.50 करोड़ के आंकड़े को पार कर चुकी है. फिल्म की इस तूफानी सफलता के बाद मेकर्स ने इसे ऑस्कर के लिए भेजने का फैसला किया है.
रणबीर, साई पल्लवी और यश का शानदार काम
फिल्म में रणबीर कपूर ने भगवान राम का रोल निभाया है, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आ रही हैं. वहीं साउथ सुपरस्टार यश ने रावण का दमदार रोल प्ले किया है. दर्शकों को फिल्म के वीएफएक्स, म्यूजिक और स्टार कास्ट की एक्टिंग खूब पसंद आ रही है. अब देखना होगा कि बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ने के बाद यह फिल्म ऑस्कर के मंच पर कितना बड़ा कमाल दिखा पाती है.
यह भी पढ़ें: एक बिहारी सौ पर भारी... 'मातृभूमि' ट्रेलर में डायलॉग्स सुन गदगद हुए फैंस, बोले- ये तो 'बॉर्डर 2' से 100 गुना अच्छी