रणबीर कपूर की Ramayana को CBFC से मिली हरी झंडी, रनटाइम ने उड़ाए होश; एडवांस बुकिंग में रचा नया इतिहास
नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ बड़े पर्दे पर आने के लिए पूरी तरह तैयार है. सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिलने के बाद अब इसके रनटाइम और एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़े भी सामने आ चुके हैं. थिएटर्स में आने से पहले ही फिल्म को लेकर फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है.
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी ‘रामायण’ जल्द ही दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है, जिसको लेकर फैंस की एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर है. अब फिल्म के सर्टिफिकेशन और उसके रनटाइम से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है. फेमस फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श के मुताबिक, सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने इस फिल्म को बिना किसी बड़ी रुकावट के ‘U’ सर्टिफिकेट देकर पास कर दिया है. सेंसर बोर्ड से शुक्रवार को ये मंजूरी मिलने के बाद अब फिल्म की रिलीज का रास्ता पूरी तरह साफ हो चुका है.
इस माइथोलॉजिकल फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में, साई पल्लवी माता सीता के किरदार में, कन्नड़ सुपरस्टार यश रावण के दमदार रोल में और टीवी स्टार रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे. हालांकि, फैंस के मन सबसे ज्यादा एक्साइटमेंट सनी देओल के रोल को लेकर बनी हुई है, जो राम भक्त हनुमान के किरदार में नजर आएंगे. मेकर्स की ओर से अभी तक उनके रोल और लुक को लेकर कोई बड़ा अपडेट सामने नहीं आया है, जिसके चलते उनके किरदार को लेकर लोगों के बीच काफी बज और एक्साइटमेंट बनी हुई है.
लॉस एंजिल्स में हुआ खास प्रीमियर
रणबीर कपूर और नितेश तिवारी की ये फिल्म ‘रामायण’ इसी साल दिवाली के खास मौके पर यानी 5 नवंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. हाल ही में लॉस एंजिल्स में इसका एक खास प्रीमियर भी रखा गया था, जहां से लोगों के बहुत शानदार और पॉजिटिव रिएक्शन देखने को मिले थे. इन शुरुआती रिव्यूज ने फिल्म को लेकर ऑडियंस की एक्साइटमेंट को कई गुना बढ़ा दिया. बड़े पर्दे पर इस तरह की ऐतिहासिक कहानी को देखने के लिए हर कोई बेताब नजर आ रहा है. सर्टिफिकेट के साथ इसका रनटाइम भी सामने आ चुका है.
3 घंटे 15 मिनट की होगी फिल्म
अगर फिल्म के टोटल रनटाइम की बात करें तो ये पूरे 195 मिनट (3 घंटे 15 मिनट) की होगी. आज के बदलते सिनेमैटिक ऐरा के हिसाब से ये काफी लंबा रनटाइम माना जा रहा है, लेकिन कहानी की डिटेल और किरदारों की गहराई को देखते हुए मेकर्स ने इसे इतना समय दिया है, ताकि लोग उन किरदारों से जुड़ सके. ‘रामायण’ को दो पार्ट्स में बनाने का प्लान बनाया गया था और ये इस साल रिलीज होने वाला इसका पहला पार्ट है. वहीं, इसका दूसरा पार्ट ‘रामायण: पार्ट 2’ अगले साल 2027 या 2028 की दिवाली के खास मौके पर रिलीज किया जा सकता है.
एडवांस बुकिंग में बनाया बड़ा रिकॉर्ड
रिलीज से कई दिन पहले ही फिल्म ने टिकट काउंटर पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के पहले दिन के लिए अब तक 2 लाख 90 हजार से ज्यादा टिकट सेल किए, जिसमें ब्लॉक की गई सीटें शामिल नहीं हैं. अगर ब्लॉक सीटों को भी जोड़ लिया जाए तो ये आंकड़ा बढ़कर 3 लाख 50 हजार टिकटों के पार पहुंच जाता है. इतनी तेजी से टिकटों का सेल होना ये साबित करता है कि लोग पहले ही दिन थिएटर पहुंचकर इस फिल्म का गवाह बनना चाहते हैं. सोशल मीडिया पर भी इस बुकिंग को लेकर काफी चर्चा हो रही है.
कमाई के मामले में छू लिया नया मुकाम
कमाई के लिहाज से देखें तो फिल्म ने एडवांस बुकिंग में ही तगड़ा कलेक्शन कर लिया है. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, बिना ब्लॉक सीटों के फिल्म ने लगभग 14.75 करोड़ रुपये बटोर लिए हैं. वहीं, अगर ब्लॉक सीटों की कीमत भी मिला दी जाए, तो ये आंकड़ा सीधे 17.67 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है. चूंकि रिलीज की तारीख में अभी कुछ दिनों का समय बाकी है, इसलिए पूरी उम्मीद है कि ये आंकड़ा आने वाले दिनों में और तेजी से ऊपर जाएगा. इंडस्ट्री के जानकार इस बात पर नजर गड़ाए बैठे हैं कि रिलीज के दिन तक ये प्री-सेल कहां जाकर रुकती है.
4000 करोड़ के भारी बजट से तैयार प्रोजेक्ट
इस पूरी फ्रेंचाइजी को भारतीय सिनेमा के इतिहास के सबसे बड़े बजट के साथ तैयार किया जा रहा है. खबरों की मानें तो दोनों पार्ट्स को मिलाकर इसका टोटल बजट लगभग 4000 करोड़ रुपये के आसपास बैठता है. इस हिसाब से पहले पार्ट पर ही करीब 2000 करोड़ रुपये का भारी-भरकम खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है, हालांकि मेकर्स ने अलग-अलग बजट का ऑफिशियल ऐलान नहीं किया. इतने बड़े स्केल पर बनी इस फिल्म के पहले हिस्से की रिलीज अब बस कुछ ही दिन दूर है और सबकी नजरें पहले दिन के ओपनिंग रिकॉर्ड्स पर टिकी हुई हैं.