)
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. इसे लेकर सांगठनिक ढांचे को धार देने और चुनावी कसौटियों पर पकड़ मजबूत करने के लिए बीजेपी शनिवार को एक अहम बैठक करने जा रही है. यह बैठक शनिवार, सुबह 11 बजे लखनऊ स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित की जाएगी. इसका लक्ष्य कार्यसमिति की बैठक में हुई चर्चाओं और निर्णयों को जमीनी धरातल पर उतारना है.
इस सांगठनिक महामंथन की अध्यक्षता बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी करेंगे. उनके साथ पार्टी के प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह भी शामिल होंगे. इतना ही नहीं, इस बैठक में उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी विनोद तावड़े और चारों सह-प्रभारी भी मौजूद रहेंगे. इसके अलावा, प्रदेश भर के सभी प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी और जिलाध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे.
बताया जा रहा है कि इस बैठक में कार्यसमिति की बैठक में हुई चर्चा के आधार पर आगामी संगठनात्मक रूपरेखा तैयार की जाएगी. इसमें सबसे ज्यादा फोकस संगठन के काम को बूथ स्तर तक पहुंचाने और बूथ मजबूती पर रहेगा. बीजेपी की रणनीति हमेशा से अपने बूथ प्रबंधन को अभेद्य बनाने की रही है. इसी कड़ी में प्रदेश नेतृत्व से लेकर जिला और मंडल स्तर तक के नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी कि कार्यसमिति में तय किए गए राजनीतिक और सामाजिक एजेंडे को सीधे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और आम जनता तक पहुंचाया जाए.
इस बैठक के दौरान सभी जिलों की सांगठनिक प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी. जिलों के प्रभारियों और अध्यक्षों को उनके क्षेत्रों के लिए अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. इसके अलावा, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, नए मतदाताओं को जोड़ने और संगठन के विस्तार के लिए मंथन किया जा सकता है. बीजेपी बूथ स्तर पर मजबूत ढांचा को हर राजनीतिक चुनौती से निपटने का सबसे कारगर हथियार मान रही है. माना जा रहा है कि यह बैठक यूपी बीजेपी के आगामी सांगठनिक रोडमैप की दिशा तय करने में बेहद निर्णायक साबित होगी.