)
Rakhi Sawant Statement On Sunita Ahuja: बॉलीवुड में जब भी कोई बड़ा विवाद होता है, ड्रामा क्वीन राखी सावंत अपनी बेबाक राय देने से पीछे नहीं हटती हैं. इस बार गोविंदा, उनकी पत्नी सुनीता आहूजा और एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार का मामला गर्माया हुआ है. जब से गोविंदा को मुंबई के लालबागचा राजा में अपनी हीरोइन कोमल रानी के साथ देखा गया है, तभी से दोनों के अफेयर और शादी के कयास लगाए जा रहे हैं. अब इस पूरे मामले में राखी सावंत की एंट्री हो चुकी है. राखी ने न सिर्फ सुनीता आहूजा का खुलकर साथ दिया है, बल्कि गोविंदा और कोमल रानी दोनों की जमकर क्लास लगा दी है.
बॉलीवुड के 'हीरो नंबर 1' गोविंदा और उनकी को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार को हाल ही में मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के पंडाल में एक साथ दर्शन करते देखा गया था. इसके बाद से ही दोनों के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें होने लगीं. खबरों की मानें तो गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता के बीच इस बात को लेकर काफी अनबन चल रही है. बात तब और बढ़ गई जब कोमल ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया. इसके बाद राखी सावंत का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मीडिया के सामने आकर जमकर भड़ास निकाली.
मुंबई में मीडिया से बात करते हुए राखी सावंत काफी गुस्से में नजर आईं. एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, उन्होंने मजाकिया और गुस्से वाले अंदाज में कहा कि वह बचपन से गोविंदा की बहुत बड़ी फैन रही हैं. राखी ने कहा, "गोविंदा जी, सबसे पहले आप मेरे 65,999 रुपए वापस कीजिए. मैंने बचपन से आपकी सारी फिल्में थिएटर में टिकट खरीदकर देखी हैं. आप मेरे पसंदीदा हीरो थे, लेकिन अब मुझे अपने सारे टिकट के पैसे वापस चाहिए. आप सुनीता जी के साथ जो भी कर रहे हैं, वो बिल्कुल गलत है. मैं बहुत दुखी हूं."
गोविंदा ने हाल ही में कहा था कि जिनका खुद का तलाक हो चुका है, उन्हें दूसरों के शादीशुदा जीवन पर कमेंट नहीं करना चाहिए. इस बात पर राखी ने गोविंदा को जवाब देते हुए कहा, "मेरी कहानी बहुत दर्दनाक रही है और मेरा तलाक हुआ है. लेकिन आपने अपनी हंसती-खेलती शादीशुदा जिंदगी को छोड़ दिया और कीचड़ में कमल देखने चले गए. चिची भैया, ये सब बातें आपको शोभा नहीं देती हैं."
राखी सावंत ने इस मामले में सीरियस होते हुए कहा कि गोविंदा की इस हरकत से उनके फैंस और पूरा देश बहुत नाराज है. उन्होंने आगे कहा, "जिस महिला ने आपसे शादी की, आपको दो बच्चे दिए और जो 40 सालों से हर सुख-दुख में आपके साथ खड़ी रही, आपने उसे छोड़ दिया. पूरा देश आपसे इस बात पर खफा है."
इसके बाद राखी सावंत का पूरा गुस्सा कोमल रानी पर फूटा. राखी ने सीधे कोमल को आड़े हाथों लेते हुए कहा, "और ये कोमल कौन है? वह मेरी बुराई कर रही है और दूसरे सेलेब्रिटीज के बारे में भी बकवास कर रही है. चिची भैया ने ही उसे ये पंख दिए हैं. सुनो कोमल, मुझसे पंगा लेने की गलती मत करना. मैं सुनीता भाभी नहीं हूं जो चुप बैठ जाऊंगी, मैं तुम्हारे टुकड़े-टुकड़े कर दूंगी. इज्जत से अपनी फिल्में करो चुड़ैल, पति चोर. तुम दूसरों का बसा-बसाया घर उजाड़ रही हो."
राखी ने कोमल पर पैसों के लिए गोविंदा का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया. राखी बोलीं, "तुमने सोचा कि किसी अमीर आदमी को फंसाकर गोल्डीगर बन जाओगी, उसके पैसे से फिल्में बनाओगी और उसके नाम का सिंदूर माथे पर लगाओगी. लेकिन एक बात याद रखो, जो गोविंदा 40 साल तक सुनीता का वफादार नहीं रह सका, वो तुम्हारा वफादार कैसे रहेगा?"
हाल ही में गोविंदा के साथ लालबागचा राजा जाने पर हो रही आलोचनाओं पर कोमल ने करारा जवाब देते हुए एक नोट जारी किया है. उन्होंने बिना नाम लिए उन बॉलीवुड एक्ट्रेसेस पर हमला बोला, जिनका करियर खत्म हो चुका है और जिनकी फिल्में अब नहीं चलती हैं. कोमल ने लिखा कि ये फ्लॉप एक्ट्रेसेस दूसरों के विवादों में फालतू की टांग अड़ाकर लाइमलाइट में रहने की नाकाम कोशिश कर रही हैं. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जो औरतें खुद सिंदूर का मजाक उड़ाती हैं, जिनकी खुद की शादीशुदा जिंदगी टूट चुकी है और जो अपनी शादी की मर्यादा तक नहीं संभाल पाईं, उनसे मुझे सिंदूर, शादी या भारतीय संस्कृति-परंपरा पर ज्ञान लेने की कोई जरूरत नहीं है.
यह विवाद सिर्फ राखी तक सीमित नहीं है. गोविंदा के भांजे कृष्णा अभिषेक की पत्नी कश्मीरा शाह ने भी बिना नाम लिए सोशल मीडिया पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया था. उन्होंने 'होमब्रेकर' यानी घर तोड़ने वालों पर तंज कसा था. इसके अलावा एक्ट्रेस दिव्या खोसला ने भी इस मामले पर अपनी राय रखी है. फिलहाल गोविंदा की तरफ से इस पूरे नए विवाद पर कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है.