)
Bigg Boss 20 Qazi Touqeer: साल 2005 में सिंगिंग रियलिटी शो फेम गुरुकुल जीतने वाले काजी तौकीर पूरे 20 साल बाद टीवी की दुनिया में धमाकेदार वापसी कर चुके हैं. सलमान खान द्वारा होस्ट किए जाने वाले रियलिटी शो बिग बॉस 20 में काजी तौकीर अपने बिंदास और मस्तीखोर अंदाज से दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे हैं. अपनी बेहतरीन गायकी के साथ-साथ उनका यूनीक स्टाइल फैंस को खूब भा रहा है. शो में उनकी परफॉर्मेंस की लगातार तारीफ हो रही है और उन्हें जनता का बेशुमार सपोर्ट मिल रहा है. काजी के भाई और परिवार ने उनकी निजी जिंदगी और संघर्ष से जुड़े कई अनसुने पहलू शेयर किए हैं.
फेम गुरुकुल जीतने के बाद काजी तौकीर रातों-रात स्टार बन गए थे. उस दौर में जब इंटरनेट या वायरल होने का मतलब लोग ठीक से नहीं समझते थे, तब काजी का नाम हर जुबान पर था. अब 20 साल बाद बिग बॉस 20 में उनकी एंट्री ने पुराने दिनों की यादें ताजा कर दी हैं. बिग बॉस में उनका मजाकिया अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है. काजी किसी भी ग्रुपिज्म का हिस्सा बने बिना अपना इंडिविजुअल गेम खेल रहे हैं, जो लोगों को बहुत भा रहा है.
कश्मीर के इन्फ्लुएंसर नईम राथर ने काजी तौकीर के कश्मीरी घर का दौरा किया और उनके चाचा से बातचीत की. काजी के चाचा ने यह भी बताया कि शो में वह जैसे दिखाई देते हैं, रियल लाइफ में भी बिल्कुल वैसा ही बिहैवियर है. वे बचपन से ही पेड़-पौधों, जानवरों और आसपास के हर शख्स से बातें करते आए हैं. उन्हें लोगों को हंसाना बहुत पसंद है और जब दूसरे उनके चुटकुलों पर हंसते हैं तो उन्हें बेहद खुशी मिलती है. काजी ने श्रीनगर के राजबाग स्थित कॉन्वेंट स्कूल से पढ़ाई करने के बाद अमर सिंह कॉलेज से अपनी शिक्षा पूरी की है.
काजी के चाचा ने यह भी बताया कि एक रॉकस्टार बनने के सफर के पीछे उनकी बहुत मेहनत और स्ट्रगल है. 2005 में शो जीतने के बाद काजी ने कभी खाली बैठकर समय बर्बाद नहीं किया. उन्होंने अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और सिंगापुर जैसे कई देशों में लाइव शोज किए और दुनिया भर में परफॉर्म किया. उनके परिवार का मानना है कि यदि जनता का ऐसा ही सपोर्ट मिलता रहा तो काजी इस शो को जरूर जीतेंगे.
काजी के भाई तौफूक ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनके भाई के दिल में हमेशा से एक एक्टर छुपा हुआ है. हालांकि लोग उन्हें सिंगर के रूप में जानते हैं, लेकिन वे बेहतरीन अभिनय भी करना जानते थे. हालांकि कुछ प्रोजेक्ट्स बीच में बंद हो जाने के कारण उनके दो-तीन साल खराब जरूर हुए, लेकिन उनकी विल पॉवर बहुत मजबूत है और वे कभी हार नहीं मानते. तौफूक ने यह भी बताया कि काजी और मशहूर गायक अरिजीत सिंह गहरे दोस्त हैं और दोनों एक साथ मिलकर किसी बहुत बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं. इस प्रोजेक्ट का कुछ हिस्सा पूरा हो चुका है जबकि मुख्य काम अभी होना बाकी है.
काजी के भाई ने यह भी बताया कि इस मुश्किल सफर में काजी की पत्नी उनकी सबसे बड़ी ताकत बनकर खड़ी रही हैं. जब शो के दौरान काजी को किसी ने कुछ कहा या उन पर निशाना साधा तो परिवार को दुख जरूर हुआ, लेकिन उन्हें इस बात पर गर्व है कि काजी अकेले दम पर शानदार खेल दिखा रहे हैं. काजी को मिल रहे इस जबरदस्त समर्थन से पूरा परिवार हैरान और खुश है.