लव रंजन ने फिर खेला बड़ा दांव: 'पहला प्यार दूसरी बार' का पहला पोस्टर आउट, 6 नए चेहरे मचाएंगे गदर
लव रंजन अपनी नई फिल्म 'पहला प्यार दूसरी बार' लेकर आ रहे हैं. इस फिल्म से 6 नए चेहरे डेब्यू कर रहे हैं. फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज हो चुका है, जानिए फिल्म की रिलीज डेट और स्टार कास्ट की पूरी डिटेल.
Pehla Pyaar Doosri Baar: लव रंजन एक बार फिर दर्शकों के लिए एक बेहद अतरंगी और मजेदार यूथ-सेंट्रिक फिल्म लेकर आ चुके हैं. उनकी आने वाली नई फिल्म 'पहला प्यार दूसरी बार' का पहला पोस्टर आधिकारिक रूप से जारी कर दिया गया है. इस पोस्टर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस का एक्साइटमेंट चरम पर पहुंच चुका है.
बॉलीवुड़ में जब भी यूथ, लव स्टोरी, ब्रेकअप और दोस्तों के ड्रामे पर फिल्में बनाने की बात आती है तो लव रंजन का नाम सबसे पहले दिमाग में आता है. 'प्यार का पंचनामा', 'सोनू के टीटू की स्वीटी' और 'तू झूठी मैं मक्कार' जैसी हिट फिल्में देने के बाद अब वह एक और धमाकेदार प्रोजेक्ट के साथ तैयार हैं. उनकी नई फिल्म का नाम 'पहला प्यार दूसरी बार' है. लव रंजन के टाइटल हमेशा से ही काफी लंबे और हटकर होते हैं जो दर्शकों का ध्यान तुरंत अपनी तरफ खींच लेते हैं. इस बार भी उन्होंने एक ऐसा नाम चुना है जो आज के युवाओं से सीधा कनेक्ट करता है.
एक साथ लॉन्च हो रहे हैं 6 नए चेहरे
फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने बताया कि इस फिल्म की सबसे बड़ी और खास बात यह है कि लव रंजन और मेकर्स इसमें 6 नए चेहरे लॉन्च कर रहे हैं. फिल्म इंडस्ट्री में एक साथ 6 न्यूकमर्स को मौका देना काफी बड़ा कदम माना जा रहा है. जिन कलाकारों को इस फिल्म के जरिए बड़ा ब्रेक मिल रहा है उनके नाम अलिषा चोपड़ा, स्पर्श वालिया, साक्षी वैद्य, कुणाल वैद, सरगुन कौर लूथरा और तुषार छिब्बर हैं. जारी किए गए पहले पोस्टर में ये सभी 6 कलाकार काफी कूल, वाइब्रेंट और एनर्जेटिक लुक में नजर आ रहे हैं. पोस्टर को देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म में बहुत सारा ड्रामा और यूथफुल वाइब्स देखने को मिलने वाली हैं.
रेड फ्लैग्स, पुराने क्रश और पापी दोस्तों की कहानी
फिल्म मेकर्स और टी-सीरीज ने इस पोस्टर को शेयर करते हुए एक काफी मजेदार कैप्शन भी लिखा है. कैप्शन में लिखा, "पुराने क्रश, पापी दोस्त और पहला प्यार. रेड फ्लैग्स ही रेड फ्लैग्स". यह कैप्शन आज के यूथ की रिलेशनशिप लाइफ को एकदम सटीक तरीके से बयां करता है. आज के दौर में टॉक्सिक रिलेशनशिप्स, फ्रेंड्स और प्यार के चक्कर में जो ड्रामे होते हैं, शायद यह फिल्म उसी की एक झलक पेश करने वाली है.
इस फिल्म का निर्देशन अनुज सैनी कर रहे हैं. फिल्म की कहानी को लव रंजन, जेहान हांडा और अनुज सैनी ने मिलकर लिखा है. वहीं प्रोडक्शन की बात करें तो इसे लव रंजन और अंकुर गर्ग मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. टी-सीरीज के बैनर तले बन रही यह फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज के लिए पूरी तरह से तैयार की जा रही है. लव रंजन के प्रोडक्शन हाउस की फिल्मों में हमेशा म्यूजिक और डायलॉग्स काफी शानदार होते हैं, इसलिए इस फिल्म से भी लोगों को बहुत सारी उम्मीदें हैं.
कब रिलीज होगी यह फिल्म?
अगर आप भी इस मजेदार यूथ ड्रामा को देखने का इंतजार कर रहे हैं तो आपको अपनी कैलेंडर में डेट नोट कर लेनी चाहिए. फिल्म 'पहला प्यार दूसरी बार' 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए शेड्यूल की गई है. टी-सीरीज और पेन मरुधर मिलकर इसे थिएटर्स में डिस्ट्रीब्यूट करेंगे. अब देखना यह होगा कि क्या लव रंजन के ये 6 नए स्टार्स दर्शकों के दिलों पर राज करने में कामयाब हो पाते हैं या नहीं.