)
अर्जुन तंवर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के एक उभरते हुए कलाकार हैं, जिन्होंने एक्टिंग, थिएटर और म्यूजिक तीनों ही फील्ड में अपनी खास जगह बनाई है. अपने करियर की शुरुआत में उन्होंने मशहूर थिएटर शो ‘डिस्को डांसर द म्यूजिकल’ में जिमी का दमदार किरदार निभाया था, जिसके बाद उन्होंने फिल्मों की तरफ कदम बढ़ाया. अर्जुन को असली पहचान दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘डिटेक्टिव शेरदिल’ से मिली, जिसमें उन्होंने पुरव (जो न सुन सकता है और न बोल सकता है) का रोल निभाया था. इस किरदार को उनके शुरुआती फिल्मी सफर की सबसे बड़ी कामयाबी माना जाता है.
अर्जुन तंवर इन दिनों अरनी नई फिल्म ‘पार्टी एनिमल्स’ को लेकर हर तरफ छाए हुए हैं. हाल ही में उन्होंने Zee News के साथ खास बातचीत में अपने अब तक के सफर और पर्सनल लाइफ से जुड़ी कई मजेदार बातें शेयर की हैं. इस फिल्म में अर्जुन ‘अरमान खन्ना’ नाम के एक ऐसे लड़के का रोल कर रहे हैं, जो खुद को बहुत बड़ा सुपरस्टार मानता है और अपनी अजीब हरकतों से सबको खूब हंसाता है. अर्जुन ने बताया कि ये किरदार निभाना उनके लिए काफी मजेदार होने के साथ ही एक बड़ा चैलेंज भी था. उनके मुताबिक एक्टिंग, म्यूजिक और थिएटर के लिए उनका प्यार ही उन्हें हमेशा कुछ नया करने की हिम्मत देता है.
सवाल - आपके फादर फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा रहे हैं और उन्होंने ‘चक दे! इंडिया’ और ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी बड़ी फिल्मों में काम किया है. आपने बचपन से ही फिल्मी माहौल देखा है.. एक्टिंग की तरफ आपका झुकाव कैसे हुआ, क्या कभी डॉक्टर या इंजीनियर बनने का ख्याल नहीं आया?
अर्जुन तंवर: आपने मेरे सवाल का जवाब खुद ही दे दिया. बचपन से ही मेरे पापा फिल्म इंडस्ट्री में थे, इसलिए वे घर आकर सेट के किस्से सुनाते थे और बताते थे कि किस एक्टर ने कितनी बेहतरीन परफॉर्मेंस दी. अमिताभ बच्चन जी उनके सबसे पसंदीदा एक्टर हैं और वे हमेशा कहते हैं कि अमिताभ बच्चन जैसा कलाकार सदियों में एक बार पैदा होता है. जब मैं ऐसी बातें सुनता था, तो मेरे अंदर भी एक जोश आता था कि लोग मेरे बारे में भी ऐसी ही बातें करें. बचपन से ही मैं सेट पर जाता था और एक्टर्स को कैमरे का सामना करते और लोगों का प्यार पाते देखता था. तभी से मन में ठान लिया था कि एक दिन मुझे भी लेजेंडरी एक्टर बनना है.
सवाल - बचपन से आपका सबसे पसंदीदा स्टार कौन रहा है?
अर्जुन तंवर: मेरे लिए मेरे असली स्टार मेरे पिताजी ही हैं, क्योंकि उन्होंने जिस तरह से अपनी जिंदगी जी है और मुझे पाला है, वैसा कोई और नहीं कर सकता. मेरे सुपरहीरो मेरे पापा हैं. उनके बाद एक्टिंग की दुनिया में मेरे पसंदीदा रणबीर कपूर हैं. मैंने उनकी एक्टिंग से इतना कुछ सीखा है जिसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता.
सवाल- आपने फिल्म ‘83’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर भी काम किया है. कैमरे के पीछे काम करने के एक्सपीरियंस ने आपको कैमरे के सामने एक बेहतर एक्टर बनने में कितनी मदद की?
अर्जुन तंवर: इसने मेरी बहुत मदद की. जब हम कैमरे के पीछे होते हैं, तो हमें साफ दिखता है कि एक्टर कहां चूक रहा है और कहां सुधार की गुंजाइश है. जब डायरेक्टर किसी सीन को अलग तरह से करने को कहते हैं, तो दो-तीन टेक के बाद समझ आ जाता है कि डायरेक्टर को असल में क्या चाहिए. कैमरे के पीछे रहने के एक्सपीरियंस ने मुझे ये सिखाया कि कैमरे के सामने अपने इमोशंस को कैसे रखना है. ये बिल्कुल थ्योरी पढ़ने के बाद प्रैक्टिकल एग्जाम देने जैसा था.
सवाल - आप एक सिंगर, डांसर और थिएटर आर्टिस्ट भी हैं. क्या आपको लगता है कि इन तीनों कलाओं का एक्सपीरियंस आपकी एक्टिंग को और बेहतर बनाता है?
अर्जुन तंवर: डेफिनेटली, ये मेरी एक्टिंग को बहुत बेहतर बनाता है. जब आप तीन अलग-अलग कलाएं सीखते हैं, तो आपको जिंदगी के लिए तीन अलग-अलग नजरिए मिलते हैं. मैं खुद को खुशनसीब मानता हूं कि ईश्वर ने मुझे गाने, नाचने और एक्टिंग करने का हुनर दिया है. इन तीनों फील्ड्स के अलग-अलग लोगों और कम्युनिटी से मिलने पर आपका एक्सपीरियंस मजबूत होता है, जो आपको एक बेहतर इंसान और एक बेहतर कलाकार बनाता है.
सवाल - दिलजीत दोसांझ के साथ ‘डिटेक्टिव शेरदिल’ में आपने ऐसा किरदार निभाया था, जो न सुन सकता है और न बोल. बिना डायलॉग्स के सिर्फ एक्सप्रेशन्स से अपने इमोशन्स दिखाना आपके लिए कितना चैलेंजिग रहा?
अर्जुन तंवर: ये किरदार मेरे लिए बहुत दिलचस्प था और मेरे अंदर खुद को साबित करने की बहुत भूख थी. जैसा मौका रणबीर कपूर को ‘बर्फी’ में चार-पांच फिल्मों के बाद मिला था, मुझे वैसा जबरदस्त किरदार शुरुआत में ही मिल गया. मैंने इसे मुश्किल मानने के बजाय अपनी जिंदगी के चार-पांच महीने इसकी तैयारी में लगा दिए. जब वो किरदार मेरे अंदर उतर गया, तो मुझे कुछ अलग से करने की जरूरत नहीं पड़ी; वो मेरी शख्सियत का हिस्सा बन गया था. डायरेक्टर रवि छाबड़िया जी और मैंने घंटों बैठकर इस किरदार को गढ़ा था.
सवाल - आज आपकी कॉमेडी फिल्म ‘पार्टी एनिमल्स’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. फिल्म में आपका किरदार अरमान खन्ना असल जिंदगी के अर्जुन तंवर से कितना मिलता-जुलता है और इस रोल के लिए आपने हां क्यों कहा?
अर्जुन तंवर: ये किरदार काफी हद तक मेरी असल जिंदगी से मिलता है. इसमें कई चीजें ऐसी हैं, जिनसे मैं खुद को सीधे जोड़ पाता हूं, जैसे सिमरन के साथ उसकी बॉन्डिंग और प्यार को लेकर उसकी ईमानदारी. इसके अलावा, जैसे अरमान अपने पिता के सामने खुद को साबित करने की कोशिश करता है, वैसे ही मैं भी आज तक अपने पिता को प्राउड फील करने की कोशिश करता हूं. बस फर्क इतना है कि फिल्म में उसके पिता उस पर बहुत दबाव डालते हैं, जबकि मेरे पिता ने मुझ पर कभी किसी चीज का प्रेशर कभी नहीं डाला.
सवाल - इस फिल्म में विराज घेलानी और कई फेमस डिजिटल क्रिएटर्स भी हैं. सेट पर शूटिंग का माहौल कैसा था और क्या ऑफ-कैमरा भी आप लोग उतने ही बड़े ‘पार्टी एनिमल्स’ थे?
अर्जुन तंवर: सेट का माहौल बहुत ही मजेदार था, क्योंकि सब अलग-अलग फील्ड्स से आए थे और मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला. विराज भाई हाजिरजवाबी में माहिर हैं, वे अचानक कुछ ऐसा बोल देते थे कि हंसी छूट जाती थी. वहीं, मोजेस कौल, जो पेशे से गिटारिस्ट हैं, उन्होंने भी शानदार एक्टिंग की. साथ ही अनिल चरणजीत सर जैसे एक्सपीरियंस कलाकार भी थे, जिन्हें मैं बचपन से देखता आया हूं. इतने टैलेंटेड लोगों के साथ स्क्रीन शेयर करना मेरे लिए बहुत यादगार एक्सपीरियंस रहा.
सवाल - फिल्म के गाने ‘चा चा चा’ में आपके डांस मूव्स और हुकस्टेप को काफी पसंद किया जा रहा है. इस गाने की शूटिंग या फिल्म का कोई ऐसा सीन या कोई बिहाइंड-द-सीन्स किस्सा है, जो आपको हमेशा याद रहेगा.
अर्जुन तंवर: इस गाने की शूटिंग से दो दिन पहले मैं घोड़े से गिर गया था और घोड़ा सीधे मेरे पैर के ऊपर गिरा था. ऊपरवाले की कृपा और मां की दुआओं से मुझे कोई गंभीर चोट नहीं आई, बस मांसपेशियों में खिंचाव (मसल ट्रॉमा) आया था. मैं लंगड़ा कर चल रहा था और मुझे उसी दर्द में इस गाने की मुश्किल कोरियोग्राफी सीखनी थी. मैंने ठान लिया था कि इस चैलेंज को पार करना है. शूटिंग के दिन मेरे पापा भी सेट पर थे, जिन्होंने हर शॉट के बाद मेरे पैर पर आइसिंग (बर्फ से सिकाई) की. गाने में आपको बिल्कुल पता नहीं चलेगा कि मुझे चोट लगी थी, हालांकि हर टेक के बाद मैं लंगड़ाने लगता था.
सवाल - इसके अलावा आपका गाना ‘दिलरुबा दिलनशी’ गाना काफी ट्रेंड कर रहा है, तो आपको कैसा फील हो रहा है लोग उस गाने पर रील्स बना रहे हैं?
अर्जुन तंवर: ये बिल्कुल किसी जादू जैसा है. कहते हैं ना कि भगवान जब देता है तो छप्पर फाड़ के देता है. हमने ये गाना बहुत प्यार और मस्ती के साथ बनाया था, लेकिन ये अंदाजा नहीं था कि ये इतना बड़ा हिट हो जाएगा. आज लोग इस पर रील्स बना रहे हैं और इसे इतना प्यार दे रहे हैं, ये देखकर मैं खुद को बहुत खुशनसीब मानता हूं.
सवाल: क्या आप असल जिंदगी में चमत्कारों (Miracles) पर विश्वास करते हैं?
अर्जुन तंवर: जी हां, बिल्कुल करता हूं. घोड़े से गिरने के दो दिन बाद मैंने स्टेज पर डांस किया, ये किसी चमत्कार से कम नहीं है. एक नॉन-सिंगर होने के बावजूद मैंने स्टेज पर नौ गाने गाए हैं, ये भी एक चमत्कार ही है. बल्कि इस दुनिया में मेरा जन्म होना ही अपने आप में एक बड़ा चमत्कार है.
सवाल - आज फिल्म का पहला दिन है सुबह से ऑडियंस और दोस्तों के किस तरह के रिएक्शन आ रहे हैं?
अर्जुन तंवर: सभी लोग सोशल मीडिया पर स्टोरीज शेयर कर रहे हैं और इसे अपनी जीत मान रहे हैं, क्योंकि उन्होंने बचपन से मेरी मेहनत देखी है. मेरी मम्मी और पापा सबसे ज्यादा एक्साइटेड हैं. मेरा बेस्ट फ्रेंड प्रीतविंदर सिंह संधू खास तौर पर मोहाली से मेरे प्रीमियर के लिए आया है. वो मेरे हर छोटे-बड़े प्रोजेक्ट की रिलीज पर मेरे साथ खड़ा रहता है. इतने प्यार और सपोर्ट के लिए मैं सबका शुक्रगुजार हूं.
सवाल - क्या ये सच है कि आपके पिता ने फिल्म ‘करण अर्जुन’ से इंस्पायर होकर आपका नाम ‘अर्जुन’ रखा था. असल जिंदगी में आपकी लाइफ में ‘करण’ का रोल (यानी सबसे करीबी दोस्त या भाई) को प्ले करता है?
अर्जुन तंवर: जी हां, ये बात बिल्कुल सच है और मेरी असल जिंदगी के ‘करण’ मेरे छोटे भाई हैं, जिनका नाम सचमुच करण है. मजेदार बात ये है कि वे इस फिल्म के सिनेमैटोग्राफर (DOP) भी हैं, तो हम दोनों भाई ‘करण-अर्जुन’ की तरह इस फिल्म में भी साथ ही थे.
सवाल - आप अपनी फिटनेस और डांस प्रैक्टिस को लेकर काफी डिसिप्लिन रहते हैं. जब आप शूटिंग या म्यूजिक से दूर होते हैं, तो आपका एक नॉर्मल सा दिन कैसा बीतता है?
अर्जुन तंवर: जब मैं शूटिंग नहीं कर रहा होता, तो या तो मैं अपने अगले काम की तैयारी करता हूं या वर्कआउट करता हूं. अब फिटनेस मेरे लिए सिर्फ शौक नहीं, बल्कि मेरे प्रोफेशन की जरूरत बन चुकी है.
सवाल: ज्यादातर स्टार्स को वेकेशन पर जाना पसंद होता है. आपकी पसंदीदा छुट्टियां बिताने की जगह कौन सी है?
अर्जुन तंवर: मुझे ट्रेवलिंग बहुत पसंद है, लेकिन अब तक मैंने जितनी भी फॉरेन ट्रिप्स की हैं (जैसे लंदन, बुडापेस्ट, दुबई या थाईलैंड), वे सब काम के सिलसिले में ही हुई हैं. मेरा असली वेकेशन ट्रिप अभी बाकी है. मेरी इच्छा है कि मैं अपने दो बेस्ट फ्रेंड्स के साथ स्पेन जाऊं और फिल्म ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ की तरह वहां के मशहूर ‘टोमाटीना फेस्टिवल’ का एक्सपीरियंस लूं. हालांकि, अपनी पर्सनल लाइफ और रिलेशनशिप स्टेटस पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया.