)
विशाल सिंह/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2027) के तहत आज यानी 21 नवंबर और कल 22 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जा रहा है. प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) मौजूद रहेंगे. इस अभियान का मकसद एक ही है-कोई भी पात्र नागरिक वोटर लिस्ट से बाहर नहीं रहे. अगर आपका नाम लिस्ट में नहीं है, गलत है या पता बदल गया है, तो यही सही समय है उसे ठीक कराने का.
विशेष अभियान के दौरान हर मतदान केंद्र पर 17 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट वोटर लिस्ट उपलब्ध रहेगी. मतदाता वहां जाकर अपना नाम चेक कर सकते हैं. इसके साथ ही बीएलओ के पास फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भी पर्याप्त संख्या में रखे जाएंगे.
फॉर्म-6: वोटर लिस्ट में नया नाम जुड़वाने के लिए है. अगर आप 18 साल के हो गए हैं और आपका नाम अभी तक लिस्ट में नहीं है, तो इसी फॉर्म से आवेदन करें.
फॉर्म-7: वोटर लिस्ट से नाम हटवाने या किसी गलत नाम के शामिल होने पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए है.
फॉर्म-8: नाम, पता, उम्र, फोटो या अन्य किसी विवरण में संशोधन कराने के लिए है. अगर आपने मकान बदला है या नाम की स्पेलिंग गलत है, तो यही फॉर्म काम आएगा.
हर मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई गई है, जहां मतदाताओं को आवेदन भरने और वोटर लिस्ट से जुड़ी पूरी जानकारी दी जा रही है. इसके अलावा जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 भी सक्रिय है.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि अभियान की जानकारी हर घर तक पहुंचाई जाए. खासतौर पर पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है. इसके लिए राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA), ग्राम प्रधान, पार्षद और स्थानीय स्वयंसेवकों की मदद ली जा रही है. प्रशासन चाहता है कि गांव-गांव, मोहल्ला-मोहल्ला कोई भी पात्र व्यक्ति छूटे नहीं.
अगर आप भी अपना नाम चेक करना या जुड़वाना चाहते हैं, तो अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचें.
तारीख: 21 और 22 नवंबर 2026
समय: सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक
स्थान: प्रदेश के सभी मतदान केंद्र
हेल्पलाइन: 1950
आधार कार्ड, निवास प्रमाण और एक पासपोर्ट साइज फोटो
अधिकारियों का कहना है कि SIR-2027 के बाद जो फाइनल वोटर लिस्ट बनेगी, उसी के आधार पर आगे के चुनाव होंगे. इसलिए नाम चेक करना और समय रहते सुधार कराना बेहद जरूरी है. दो दिन का यह विशेष अभियान आपके लिए ही है, इसका फायदा जरूर उठाएं.