App

बॉक्स ऑफिस पर धनुष की दहाड़! OM Operation Mole ने तोड़े पुराने सारे रिकॉर्ड; बनी करियर की सबसे बड़ी ओपनर फिल्म

साउथ सुपरस्टार धनुष की नई फिल्म ‘ओम: ऑपरेशन मोल’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. ममूटी और साई पल्लवी के साथ बनी इस फिल्म ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया है. फिल्म ने धनुष की पिछली सभी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़कर उनके करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग हासिल की है.

बॉक्स ऑफिस पर धनुष की दहाड़! OM Operation Mole ने तोड़े पुराने सारे रिकॉर्ड; बनी करियर की सबसे बड़ी ओपनर फिल्म
Image Credit: बॉक्स ऑफिस पर धनुष की फिल्म ने पहले ही दिन रचा नया इतिहास

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार धनुष की मच अवेटेड फिल्म ‘ओम: ऑपरेशन मोल’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. राजकुमार पेरियासामी के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में धनुष के साथ ममूटी और साई पल्लवी भी लीड रोल में नजर आ रहे हैं. फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत मिली और इसने पहले ही दिन कमाई के मामले में धनुष के करियर का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया है. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने भारत में पहले दिन 17.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है, जबकि इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 20.55 करोड़ रुपये रहा है.

फिल्म ने सबसे ज्यादा 13.35 करोड़ रुपये तमिल भाषा में कमाए हैं, वहीं तेलुगु में 4 करोड़ और हिंदी में 35 लाख रुपये का कारोबार किया है. धनुष ने फिल्म की रिलीज से पहले ही कहा था, ‘ओम जितनी तमिल फिल्म है उतनी ही तेलुगु फिल्म भी है’ और पहले दिन के आंकड़ों को देखकर लगता है कि उनकी यह बात सच साबित हुई है. इस फिल्म ने धनुष की इसी साल रिलीज हुई पिछली फिल्म ‘कारा’ की पहले दिन की 6.20 करोड़ रुपये की कमाई को दोगुने से भी ज्यादा अंतर से पीछे छोड़ दिया है. इसके अलावा इसने‘रायन’ (13.65 करोड़) और ‘कुबेर’ (14.75 करोड़) को भी पछाड़ दिया.

OM Operation Mole Box Office Collection Day 1

साउथ की दूसरी बड़ी फिल्मों से मुकाबला

इससे पहले धनुष के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड ‘तेरे इश्क में’ के नाम था, जिसने पहले दिन 16 करोड़ कमाए थे. अगर इस साल रिलीज हुई बाकी तमिल फिल्मों से तुलना करें, तो ‘ओम’ ने सूर्या की ‘करुप्पु’ (15.50 करोड़) को भी पीछे छोड़ दिया. हालांकि, धनुष की ये फिल्म ‘सीन’ (19.15 करोड़) के ओपनिंग कलेक्शन से थोड़ा पीछे रह गई. वहीं, इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों ‘जेलर 2’ (59 करोड़) और ‘जन नायकन’ (42 करोड़) के ओपनिंग रिकॉर्ड से भी काफी पीछे रह गई. वैसे फिल्म को ऑडियंस और क्रिटिक्स से मिक्स रिव्यू मिल रहे हैं, लेकिन पॉजिटिव मिल रहे हैं.

थिएटर में दुलकर सलमान की फिल्म से टक्कर

बॉक्स ऑफिस पर ‘ओम: ऑपरेशन मोल’ के सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं है. सिनेमाघरों में इसका सीधा मुकाबला पवन सादिनेनी के डायरेक्शन में बनी दुलकर सलमान की फिल्म ‘आकाशमलो ओका तारा’ से हो रहा है. तेलुगु और तमिल दोनों भाषाओं में रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 2.17 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. ऐसे में धनुष की फिल्म के पास पूरे वीकेंड में अकेले दम पर अच्छी कमाई करने का शानदार मौका है. पहले इस फिल्म का नाम ‘ओम चैप्टर 1: उधिरम - द ब्लड वुड’ रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर ‘ओम: ऑपरेशन मोल’ कर दिया गया.

शानदार स्टारकास्ट और डायरेक्टर की तिगड़ी

‘ओम: ऑपरेशन मोल’ डायरेक्टर राजकुमार पेरियासामी की तीसरी फिल्म है, इससे पहले वे साल 2017 में ‘रंगून’ और 2024 में ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘अमरन’ बना चुके हैं. वंडरबार फिल्म्स और आरटेक स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म के जरिए राजकुमार ने पहली बार धनुष, ममूटी और श्रीलीला के साथ काम किया है. वहीं, ‘अमरन’ के बाद साई पल्लवी के साथ यह उनकी दूसरी फिल्म है. इन बड़े सितारों के अलावा फिल्म में बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह और मलयालम एक्टर इंद्रांस भी बेहद अहम किरदारों में दिखाई दे रहे हैं, जो कहानी को मजबूती देते हैं.

लाल चंदन की तस्करी पर आधारित है कहानी

फिल्म की कहानी आंध्र प्रदेश में होने वाली लाल चंदन की अवैध तस्करी के इर्द-गिर्द घूमती है. इसमें धनुष ने एजेंट डी-402 उर्फ पझानी का किरदार निभाया है, जो अंडरकवर होकर इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ करने निकलता है. दूसरी तरफ, ममूटी ने बर्मा कार्तिकेयन उर्फ रेड हिल्स कार्तिकेयन नाम के विलेन का दमदार रोल निभाया है, जो इस तस्करी का सरगना है. फिल्म में साई पल्लवी एएसपी नित्या रेड्डी बनी हैं और श्रीलीला ने पझानी की पत्नी का किरदार निभाया है. फिल्म को मिले-जुले रिव्यू मिले हैं, जहां साई पल्लवी की एक्टिंग की खूब तारीफ हो रही है, लेकिन कहानी को कमजोर बताया जा रहा है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More