)
बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ इन दिनों अपनी पोस्टपार्टम बॉडी को लेकर सोशल मीडिया ट्रोलिंग का सामना कर रही हैं. हाल ही में वह पति विक्की कौशल के साथ गणपति समारोह में पहुंची थीं. इस दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद कुछ लोगों ने उनके लुक और शरीर को लेकर आपत्तिजनक कमेंट्स किए. एक्ट्रेस की बॉडी को लेकर हो रही इस ट्रोलिंग पर अब एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने भी नाराजगी जाहिर की है.
उन्होंने महिला कलाकारों के लुक और शरीर को लेकर होने वाली लगातार निगरानी पर सवाल उठाया. परिणीति ने कहा कि खासकर फीमेल एक्टर्स को अपनी शारीरिक बनावट को लेकर सोशल मीडिया पर काफी कुछ सुनना पड़ता है. एक्ट्रेस ने पोस्टपार्टम के दौरान महिलाओं के शरीर के बारे में होने वाली चर्चा को 'अजीब' बताया और सवाल किया कि उन्हें इसका सामना क्यों करना पड़ता है.
कैटरीना की ट्रोलिंग पर भड़कीं परिणीति चोपड़ा
परिणीति ने कहा, 'मैं इस पर ध्यान नहीं देती क्योंकि मैं इसे देखती ही नहीं हूं. सच कहूं तो मुझे इसके बारे में पता भी नहीं चलता, क्योंकि मैं सोशल मीडिया पर ज्यादा समय बिताती ही नहीं हूं और अगर कभी पता चल भी जाए तो इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. मैं अपनी लाइफ को लेकर बहुत सच्ची हूं, मैं अपने समय, परिवार, दोस्तों और अपनी खुद की जिंदगी को लेकर सच्ची हूं.'
एक्ट्रेस ने आगे बताया कि वे सोशल मीडिया ट्रोलर्स से परेशान नहीं होती हैं. उन्होंने कहा, "मैं उन अनजान लोगों की बातों से परेशान नहीं होने वाली जो मेरे बारे में बात करते हैं. इसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है और मेरे पास इसके लिए समय भी नहीं है."
पोस्टपार्टम में वजन बढ़ने को लेकर कैटरीना कैफ की ट्रोलिंग पर परिणीति ने कहा कि इस तरह की बातें उन्हें अनपढ़ों वाली लगती हैं. उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा, "2026 में भी महिलाओं को बॉडी शेम किया जाता है तो मुझे ये बहुत ही अनपढ़ता वाली और अजीब बात लगती है कि खासकर उन महिलाओं के बारे में बात की जाती है जो अभी मां बनी हैं. मैं समझ नहीं पाती कि ऐसा क्यों होता है."
ट्रोलर्स को दिया मुंहतोड़ जवाब
परिणीति ने कहा, "मुझे सच में समझ नहीं आता कि अगर एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया है तो उसके शरीर पर जो निशान हैं, उसमें निगेटिव क्या है. ये तो खूबसूरत निशान हैं. जैसे आप मालदीव जाते हैं और आपकी स्किन टैन हो जाती है, तो वो इस बात का सबूत है कि आप मालदीव गए थे. आप जिम जाते हैं तो आपके एब्स बनते हैं तो फिर 9 महीने तक एक इंसान को अपने अंदर पालने से आपके शरीर में जो जरूरी बदलाव आते हैं, जो एक हेल्दी बच्चे के लिए जरूरी हैं, उन पर चर्चा क्यों होती है और अगर चर्चा होती भी है तो निगेटिव क्यों होती है."
परिणीति ने अपनी बात को खत्म करते हुए कहा, "मेरे लिए तो बच्चे के जन्म के बाद शरीर में आया हर बदलाव बहुत खूबसूरत है. मैं इसे देखती हूं तो लगता है कि मैंने एक बच्चे को जन्म दिया है और ये कितना सुंदर है."
(आईएएनएस इनपुट)