App

पीछे पड़े हैं OTT वाले: जिस ओटीटी प्लेटफॉर्म ने दुत्कारा, आज वही 'हनुमान अंश' के आगे टेके घुटने! जानिए 300 करोड़ की ब्लॉकबस्टर का सच

डॉक्टर से डायरेक्टर बने विशाल चतुर्वेदी की फिल्म 'हनुमान अंश' आज वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर रही है. लेकिन एक वक्त था जब दुनिया के सबसे बड़े OTT प्लेटफॉर्म ने इस फिल्म के कांसेप्ट को रिजेक्ट कर दिया था. जानिए कैसे एक रिजेक्शन ने बदली इस फिल्म की किस्मत.

पीछे पड़े हैं OTT वाले: जिस ओटीटी प्लेटफॉर्म ने दुत्कारा, आज वही 'हनुमान अंश' के आगे टेके घुटने! जानिए 300 करोड़ की ब्लॉकबस्टर का सच
Image Credit: hanuman ansh ott platform

Hanuman Ansh OTT Rejection: फिल्म इंडस्ट्री में किस्मत बदलते देर नहीं लगती. जो फिल्म कभी एक-एक दर्शक के लिए तरस रही थी और जिसे OTT प्लेटफॉर्म्स ने सीधे मुंह लगाने से मना कर दिया था, आज वही फिल्म वर्ल्ड वाइड बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रच चुकी है. हम बात कर रहे हैं नीम करौली बाबा के जीवन और हनुमान जी की महिमा पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' की. डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी की 14 साल की कड़ी मेहनत और जिद का नतीजा आज पूरे देश के सामने है. जो OTT प्लेटफॉर्म्स पहले इस कहानी को खारिज कर चुके थे, आज वही इसके डिजिटल राइट्स खरीदने के लिए मेकर्स के चक्कर काट रहे हैं.

10 लाख की मामूली शुरुआत से 300 करोड़ का ऐतिहासिक सफर

डॉक्टरी छोड़कर फिल्म मेकिंग में कदम रखने वाले विशाल चतुर्वेदी की फिल्म 'हनुमान अंश' जब पहले दिन सिनेमाघरों में रिलीज हुई, तो इसने केवल 10 लाख रुपये का बिजनेस किया था. शुरुआती दो हफ्तों तक ऐसा लग रहा था कि फिल्म को दर्शक ही नहीं मिल रहे हैं. लेकिन दर्शकों के वर्ड ऑफ माउथ के दम पर इस फिल्म ने ऐसी वापसी की जो भारतीय सिनेमा के इतिहास में कम ही देखने को मिलती है. हफ्ते दर हफ्ते फिल्म की कमाई बढ़ती गई और 41 दिनों के अंदर इसने भारत में 291 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली, जबकि वर्ल्डवाइड आंकड़ा 300 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया.

जब दुनिया के सबसे बड़े OTT ने कर दिया था रिजेक्ट

इस फिल्म की थिएटर्स में आने की कहानी बहुत ही इमोशनल और हैरान कर देने वाली है. इंडियन थिंग से बात करते हुए फिल्म डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि जब वे अपनी फिल्म का आईडिया लेकर दुनिया के सबसे बड़े स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के पास गए थे, तो उनके साथ बहुत ही रूखा व्यवहार किया गया था. विशाल ने बताया कि वे नीम करौली बाबा की कहानी बताते-बताते खुद रो पड़े थे. उन्होंने OTT प्लेटफॉर्म की महिला अधिकारियों को बताया था कि कैसे स्टीव जॉब्स और मार्क जुकरबर्ग जैसे ग्लोबल टेक दिग्गजों ने नीम करौली बाबा के आश्रम से प्रेरणा ली थी. लेकिन वहां मौजूद सीनियर एग्जीक्यूटिव ने बहुत ही बेरुखी से कह दिया, "हमें इस तरह के कांसेप्ट की जरूरत नहीं है."

कोरोना महामारी में मिला था फिल्म बनाने का विचार

विशाल चतुर्वेदी ने सिनेमा इंडस्ट्री में अपने 14 साल के लंबे संघर्ष को याद करते हुए बताया कि वे पिछले 20 सालों से हनुमान जी और नीम करौली बाबा की कहानी अपने दिल में बसाए घूम रहे थे. डॉक्टरी छोड़ने के बाद कई प्रोजेक्ट्स बने और बिगड़े. फिर जब कोविड महामारी की दूसरी लहर आई, तो उन्होंने अपने कई करीबियों को खो दिया. इस दुख से उबरने और लोगों को हिम्मत देने के लिए उन्होंने क्लबहाउस ऐप पर 'हनुमान चालीसा' नाम का एक ग्रुप शुरू किया, जहां दुनिया भर से लोग जुड़ने लगे. इसी सकारात्मक ऊर्जा ने उन्हें 'हनुमान अंश' बनाने की हिम्मत दी.

100 करोड़ के OTT ऑफर पर प्रोड्यूसर का बड़ा खुलासा

बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की बंपर सफलता के बाद मीडिया में खबरें उड़ने लगीं कि 'हनुमान अंश' को 100 करोड़ रुपये का भारी-भरकम OTT ऑफर मिला है. हालांकि, फिल्म की प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने इन खबरों का पूरी तरह से खंडन किया है. एक इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा कि इन अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है और उनके पास फिलहाल ऐसा कोई ऑफर नहीं आया है. उन्होंने कहा कि मेकर्स का पूरा ध्यान अभी इस बात पर है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस फिल्म को थिएटर्स में जाकर देखें.

थिएटर्स के बाद अब OTT के लिए करना होगा इंतजार

रागिनी सोना के मुताबिक, फिल्म की सफलता को देखते हुए कई स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स ने अब उनसे संपर्क साधना शुरू कर दिया है. जो प्लेटफॉर्म कभी इस आईडिया को खारिज कर रहे थे, आज वही इसके पीछे पड़े हैं. लेकिन मेकर्स का कहना है कि वे डिजिटल राइट्स को लेकर कोई भी फैसला जल्दबाजी में नहीं लेंगे. शोभिनव सत्या, विहान शेड्गे, चंदन के. आनंद और अनिल रस्तोगी जैसे कलाकारों से सजी यह फिल्म अभी भी सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी हुई है. ऐसे में जो दर्शक इसे घर पर OTT पर देखने का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें अभी आधिकारिक घोषणा के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More