रणबीर कपूर का जन्मदिन इस बार उनके फैंस के लिए भी खास बन गया, जब नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड और मोस्ट पॉपुलर फिल्म ‘रामायण’ की टीम ने एक्टर को एक खास सरप्राइज दिया. रणबीर के जन्मदिन के मौके पर मेकर्स ने फिल्म का बिहाइंड द सीन्स वीडियो शेयर किया, जिसमें फिल्म की बड़ी दुनिया के साथ रणबीर के भगवान राम के रूप में ट्रांसफॉर्म होने की झलक देखने को मिली. इस वीडियो के साथ लिखा गया, THIS IS OUR RAM ‘ये हमारे राम हैं’. इस एक लाइन ने फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और बढ़ा दी. वहीं इस वीडियो में रणबीर का लुक, उनकी तैयारी और सेट पर उनके किरदार में ढलने की जर्नी नजर आई.
इस वीडियो की सबसे खास बात अरुण गोविल की मौजूदगी और रणबीर को लेकर उनकी कही बातें रहीं. रामानंद सागर की ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अरुण गोविल अब नितेश तिवारी की फिल्म में राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं. रणबीर को राम के रूप में देखकर उन्होंने कहा, 'जो मैं सोचता था कि राम ऐसे चलते होंगे, ऐसे बैठते होंगे, ऐसे देखते होंगे, बात करते होंगे, वे सभी गुण मुझे उनमें दिखाई देते हैं.'

अरुण गोविल ने इस वीडियो में आगे कहा कि आमतौर पर आप ये उम्मीद नहीं करते कि कोई स्टार आकर आपके पैर छुएगा, लेकिन रणबीर ने हमेशा उनके पैरा छुए. उन्होंने रणबीर की कास्टिंग को लेकर भी अपनी राय खुलकर रखी. अरुण गोविल ने कहा, 'इस समय सभी यंग स्टार्स में से, रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभाने के लिए सबसे सही हैं.'
अरुण के ये शब्द इसलिए भी मायने रखते हैं क्योंकि उन्होंने खुद भगवान राम के किरदार को पर्दे पर निभाया है और आज भी लोगों के बीच उस इमेज से गहराई से जुड़े हुए हैं. फिल्म के बिहाइंड द सीन्स वीडियो में रणबीर के लिए उनका सम्मान और कलाकार का अपने किरदार के लिए समर्पण साफ नजर आता है. वीडियो इस बात की झलक देता है कि पर्दे पर राम को जिंदा करने के लिए रणबीर किस तरह तैयारी कर रहे हैं.
रणबीर के राम वाले अवतार ने फिल्म की सीता यानी साई पल्लवी को भी इंप्रेस किया. बिहाइंड द सीन्स वीडियो में साई पल्लवी ने बताया कि जब उन्होंने रणबीर को सेट पर भगवान राम के रूप में ट्रांसफॉर्म होते देखा तो वो दंग रह गईं. उनके लिए ये सिर्फ एक एक्टर का लुक बदलना नहीं था, बल्कि रणबीर का धीरे-धीरे उस किरदार में समा जाना था. फिल्म में राम और सीता की जोड़ी को लेकर पहले से ही ऑडियंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है और ये वीडियो उस एक्साइटमेंट को दोगुना करता हुआ नजर आ रहा है.

फिल्म में लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे रवि दुबे ने भी रणबीर की एक्टिंग और उनकी मेहनत की तारीफ की. बिहाइंड द सीन्स में कलाकारों की बातों से साफ झलकता है कि रणबीर ने राम के किरदार को निभाने के लिए केवल अपने लुक पर ही नहीं, बल्कि चाल-ढाल, भाव और व्यक्तित्व पर भी खास काम किया है. फिल्म की टीम के लिए रणबीर का ये ट्रांसफॉर्मेशन एक एक्टर के किरदार में उतरने के प्रोसेस से कहीं ज्यादा बड़ा एक्सपीरियंस दिखाई दे रहा है. इसी वजह से वीडियो में उन्हें ‘हमारे राम’ कहकर पेश करना खास बन जाता है.

‘रामायण’ का पहला टीजर सामने आने के बाद रणबीर की कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह का रिएक्शन सामने आए. कुछ लोगों ने उन्हें भगवान राम की भूमिका के लिए सही नहीं बताया था. हालांकि, फिल्म से जुड़े कलाकारों की बातों ने तस्वीर का दूसरा पहलू सामने रखा है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर भगवान राम और भगवान परशुराम की दोहरी भूमिका निभा रहे हैं. ऐसे में जन्मदिन पर जारी किया गया ‘ये हमारे राम हैं’ वाला वीडियो सिर्फ एक बर्थडे सरप्राइज नहीं, बल्कि फिल्म की टीम की नजर में रणबीर के राम बनने की जर्नी की पहली झलक भी बन गया है.