)
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक रोमांटिक पंजाबी गाना हर तरफ छाया हुआ है और लोग इस पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं. इस गाने में आकांक्षा चौधरी और योगेश रावत की खूबसूरत केमिस्ट्री देखने को मिल रही है, जो सीधे फैंस के दिलों को छू रही है. इसी बीच मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से दोनों का एक बड़ा ही प्यार वीडियो पोस्ट किया है, जो इंटरनेट पर आते ही आग की तरह फैल गया. दरअसल, इस गाने का नाम ‘ना पुछदे’ है, जिसे खुद नेहा कक्कड़ ने अपनी मीठी सी आवाज में गाया है. रिलीज होते ही इस गाने ने यूट्यूब पर 6 मिलियन से ज्यादा व्यूज बटोर लिए हैं और इंस्टाग्राम पर तो फैंस धड़ाधड़ रील्स बना रहे हैं.
नेहा कक्कड़ ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें भी आकांक्षा चौधरी और योगेश रावत बेहद प्यारे और रोमांटिक अंदाज में गाने को रीक्रिएट करते नजर आ रहे हैं. साथ ही नेहा ने इस वीडियो के कैप्शन में दोनों को टैग भी किया है, जिसे देखकर फैंस खुशी से झूम उठे हैं. कमेंट सेक्शन में लोग इन दोनों की जोड़ी की जमकर तारीफ कर रहे हैं और उनके बीच के प्यार भरे तालमेल को सबसे बेहतरीन बता रहे हैं. सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि दोनों साथ में बेहद प्यारे लगते हैं. ऑनस्क्रीन हो या सोशल मीडिया, दोनों का ये रोमांटिक अंदाज हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींच रहा है. दोनों की जोड़ी एक बार फिर इंटरनेट का सबसे बड़ा बज बन चुकी है.
योगेश रावत और आकांक्षा चौधरी दोनों ही किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. इससे पहले दोनों रियलिटी शो ‘स्प्लिट्सविला X6’ में अपने रोमांटिक रिलेशनशिप को लेकर खूब चर्चा बटोर चुके हैं, जिसके बाद ये एक्स-कपल एक बार फिर रिएलिटी शो ‘लॉकअप 2’ में साथ नजर आए थे और देखते ही देखते सुर्खियों में छा गए. शो के प्रीमियर के समय से ही दोनों की केमिस्ट्री पर सबकी नजरें टिकी हुई थीं. हैरान करने वाली बात ये थी कि शो में मशहूर इन्फ्लुएंसर उर्फी जावेद ने सबके सामने दोनों के रिश्ते पर कई सवाल खड़े किए थे. उर्फी के इस खुलासे के बाद से ही फैंस के साथ-साथ शो की ऑडियंस को भी हैरान कर दिया था. हर कोई इनके रिश्ते का सच जानना चाहता है.
‘लॉकअप 2’ से बाहर आने के बाद ये एक्स-कपल अब फेमस सिंगर नेहा कक्कड़ के नए रोमांटिक ट्रैक ‘ना पुछदे’ में एक साथ दिखाई दे रहे हैं. इस म्यूजिक वीडियो में दोनों के बीच की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री बेहद शानदार लग रही है और फैंस को उनका ये प्यार भरा अंदाज काफी पसंद भी आ रहा है. गाने के लिरिक्स दीप क्लेयर और हर्ष नुस्सी ने लिखे हैं, साथ ही इसका म्यूजिक भी इन्हीं दोनों ने मिलकर तैयार किया है. वहीं, ब्रह्म ने इस रोमांटिक गाने को प्रोड्यूस किया है. ये गाना 5 सितंबर को रिलीज किया गया था और सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. फैंस लगातार इस गाने पर अपना प्यार लुटा रहे हैं और जमकर रील्स बना रहे हैं.
बता दें, इन दोनों की लव स्टोरी ‘स्प्लिट्सविला X6’ के मंच पर शुरुआत हुई थी. हालांकि, बाद में शो में रूरू ठाकुर की एंट्री होते ही तीनों के रिश्ते में काफी कड़वाहट और गलतफहमियां बढ़ गई थीं. शो खत्म होने के बाद योगेश और आकांक्षा ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया था कि अब उनके बीच कोई रिश्ता नहीं है और वे अलग हो चुके हैं. लेकिन बाद में उर्फी जावेद ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया था कि ब्रेकअप के बाद भी दोनों चोरी-छिपे एक-दूसरे से मिलते रहे थे. अब ‘लॉकअप 2’ के बाद इस गाने में दोनों की बढ़ती नजदीकियां देखकर फैंस कयास लगा रहे हैं कि शायद ये कपल एक बार फिर हमेशा के लिए एक हो सकते हैं, जिसको लेकर फैंस एक्साइटेड भी हैं.