फैंस संग न लें सेल्फी! टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद मुंबई पुलिस का सख्त फरमान, बॉलीवुड स्टार्स को भीड़भाड़ से दूर रहने की चेतावनी
मुंबई पुलिस ने टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग और कई सेलिब्रिटीज के घरों के बाहर संदिग्ध नजर रखने की खबरों के बाद बॉलीवुड एक्टर्स के लिए नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है, जिसमें उन्हें भीड़भाड़ वाली जगहों और फैंस से दूर रहने की सलाह दी गई है.
एक्टर टाइगर श्रॉफ के साथ हुई फायरिंग की घटना और कई जाने-माने सितारों के घरों के बाहर संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट्स के बाद अब पुलिस पूरी तरह हरकत में आ गई है. मुंबई पुलिस ने सभी बॉलीवुड स्टार्स के लिए एक खास सुरक्षा सलाह जारी की है, जिसमें उन्हें भीड़भाड़ से बचने और फैंस के बीच जाने से परहेज करने को कहा गया है.
मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड के तमाम बड़े कलाकारों के लिए एक जरूरी चेतावनी जारी की है. यह कदम हाल ही में एक्टर टाइगर श्रॉफ के साथ हुई फायरिंग की घटना के बाद उठाया गया है. इसके अलावा कई सेलिब्रिटीज के घरों के बाहर संदिग्ध लोगों के चक्कर काटने और जासूसी की खबरें भी सामने आ रही थीं, जिसके बाद पुलिस कोई भी रिस्क लेना नहीं चाहती है.
भीड़भाड़ वाली जगहों से दूरी
न्यूज एजेंसी आईएएनएस ने मुबंई पुलिस सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि जब तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाते, तब तक एक्टर्स को बहुत संभलकर रहना होगा. एडवाइजरी के तहत कलाकारों को यह सलाह दी गई है कि वे भीड़भाड़ वाली पब्लिक जगहों पर जाने से बचें. इसके अलावा फैंस के साथ सीधे मिलने-जुलने वाले कार्यक्रमों और पब्लिक इंटरेक्शन पर भी फिलहाल रोक लगाने या सावधानी बरतने की बात कही गई है.
क्यों उठाया गया यह कदम?
जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे इनपुट मिले थे जिनसे यह साफ हुआ कि कुछ बड़े स्टार्स के घरों के बाहर रेकी या निगरानी की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह किसी खतरे की घंटी से कम नहीं था. इसी बात को ध्यान में रखते हुए सीनियर पुलिस अधिकारियों ने बिना किसी देरी के यह एहतियाती कदम उठाया है ताकि किसी भी अनहोनी घटना को समय रहते रोका जा सके.
बॉलीवुड में अक्सर फिल्मों के प्रमोशन या इवेंट्स के दौरान भारी भीड़ उमड़ पड़ती है, जहां फैंस अपने पसंदीदा स्टार्स को देखने के लिए बेताब रहते हैं और सेल्फी लेने तक की रिक्वेस्ट करते हैं. लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए अब इन इवेंट्स की सिक्योरिटी पर भी बड़ा सवालिया निशान लग गया है. पुलिस का यह कड़ा निर्देश है कि सेलिब्रिटीज की जान और माल की सुरक्षा इस वक्त प्रशासन के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता बन चुकी है.
पुलिस की जांच में क्या-क्या मिला?
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने से पहले बॉलीवुड के दूसरे कलाकारों की गतिविधियों पर भी नजर रखी थी. आरोपियों ने सोशल मीडिया पर मौजूद वीडियो और रील्स के जरिए कलाकारों की दिनचर्या, उनकी गाड़ियों और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी जुटाई थी. रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान भी आरोपियों के संभावित निशाने पर थे लेकिन उनके घर के बाहर कड़ी सुरक्षा होने के कारण आरोपी आगे नहीं बढ़ पाए. इसके बाद उन्होंने दूसरे कलाकारों के घरों और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने की कोशिश की.
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) की धाराएं भी लगाई हैं. 3 नवंबर तक इस मामले में 13 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई, बॉलीवुड के कलाकारों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर लगातार धमकियां मिल रही हैं. सलमान खान को पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं.
किन एक्टर्स को मिलती रही हैं धमकियां?
वहीं, एक्टर आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर धमकी भरे ऑडियो संदेश भेजे जाने की खबर सामने आई थी. मुंबई पुलिस ने इस मामले में बेंगलुरु के एक युवक वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था. जांच में उस पर गैंग का सदस्य बनकर कलाकारों को धमकी देने का आरोप है. इससे पहले फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर भी फायरिंग की घटना सामने आ चुकी है. वहीं, टाइगर श्रॉफ मामले के बाद अमिताभ बच्चन भी अपने घर के बाहर फैंस से बुलेटप्रूफ कांच के पीछे से मिलते नजर आए थे. इन घटनाओं ने फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
(इनपुट आईएएनएस से भी)