SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

फिर टूटा Miss Universe के ताज का सपना! क्यों चंद कदमों की दूरी पर आकर ही थम जाते हैं कदम; 40 बार टॉप कट से बाहर हो चुका है भारत

मिस यूनिवर्स 2026 में भारत की काजिया लिज मेजो का सफर टॉप-30 में ही थम गया है और ये ताज प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने अपने नाम किया. हालांकि, इससे पहले भी कई बार ये ताज भारत के हाथ से निकल चुका है. चलिए बताते हैं काजिया से पहले कब-कब भारत को इस बड़े मंच पर निराशा हाथ लगी. आखिर बार ये ताज 2021 में हरनाज संधू जीतकर भारत लाई थीं.

Written By Vandana Saini
Published: Nov 25, 2026, 12:02 IST | Updated: Nov 25, 2026, 13:44 IST
Image Credit: भारत के हाथ आते-आते रह गया ‘मिस यूनिवर्स’ ताज
Join

मिस यूनिवर्स 2026 के बडे मंच पर भारत का नाम रोशन करने पहुंचीं काजिया लिज मेजो टॉप-30 तक तो आसानी से पहुंच गईं, लेकिन इसके आगे नहीं बढ पाईं. जब टॉप-12 के नामों का ऐलान हुआ, तब हर भारतीय को यही आस थी कि हमारा देश एक बार फिर फाइनल के करीब जाएगा, मगर ऐसा हो नहीं सका. केरल की रहने वाली 19 साल की काजिया ने अपने गजब के कॉन्फिडेंस, खूबसूरती और ग्लैमर से पूरी दुनिया के लोगों का दिल तो खूब जीता, लेकिन जजों की आखिरी लिस्ट में अपनी जगह बनाने से चूक गईं. उनके इस बाहर होने से भारतीय फैंस को थोडी निराशा जरूर हुई है.

हालांकि, भारत के लिए ये सिर्फ एक कंटेस्टेंट के कॉम्पिटिशन से बाहर होना भर नहीं है. ये उस लंबे इंतजार की भी याद दिलाता है, जो साल 2021 में हरनाज संधू की शानदार जीत के बाद एक बार फिर शुरू हो गया है. जब भी भारत की कोई बेटी इतने बड़े ग्लोबल मंच पर कदम रखती है, तो उसके साथ देश के करोड़ों लोगों की उम्मीदें और भावनाएं जुड़ जाती हैं. फैंस को इस बार काजिया से भी कुछ ऐसी ही बड़ी उम्मीदें थीं. हालांकि, उनका ये बेहतरीन सफर तय वक्त से थोड़ा पहले ही थम गया और ये भी नहीं कि ऐसा पहली बार हुआ है. 2021 के बाद से कई बार ताज भारत के हाथ से निकल चुका है.

भारत की उम्मीदों को लगा एक और झटका

मिस यूनिवर्स 2026 के मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं केर की रहने वाली 19 साल की काजिया लिज मेजो का टॉप-12 में न पहुंच पाना हर किसी के लिए चौंकाने वाला रहा. दरअसल, हाल के सालों में काजिया उन चुनिंदा इंडियन ब्यूटी में शामिल थीं, जिनसे ताज जीतने की सबसे ज्यादा उम्मीद लगाई जा रही थी. मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीतने के बाद से ही वे लगातार सुर्खियों में बनी हुई थीं.  

इंटरनेशनल स्टेज पर भी काजिया ने जिस कॉन्फिडेंस के साथ खुद को पेश किया, उसे देखकर ब्यूटी पेजेंट के जानकार भी यही मान रहे थे कि वे कम से कम फाइनलिस्ट राउंड तक का सफर तो आसानी से तय कर ही लेंगी, लेकिन जब आखिरी नतीजों का ऐलान हुआ और टॉप-12 की लिस्ट में उनका नाम नहीं आया, तो भारतीय फैंस के हाथ सिर्फ निराशा ही लगी. इसके साथ ही भारत के लिए चौथे मिस यूनिवर्स ताज का इंतजार एक बार फिर लंबा खिंच गया है.

खत्म हुआ 20 साल का इंतजार! अपने ही घर की धरती पर जेनिफर बैरेटो ने रचा इतिहास, कौन हैं नई मिस यूनिवर्स 2026?

जीत के बाद क्यों लड़खड़ाई भारत की रफ्तार?

इस सफर की सबसे दिलचस्प बात ये रही है कि भारत ने जितनी बड़ी कामयाबी हासिल की, उसके ठीक बाद उतना ही लंबा इंतजार भी करना पड़ा. साल 2000 में जब लारा दत्ता ने ये ताज जीता, तो हर किसी को यही लगा कि अब भारत का दबदबा लगातार बना रहेगा, लेकिन असल में कहानी कुछ और ही निकली. बीच-बीच में कुछ भारतीय लड़कियों ने अच्छा परफॉर्म जरूर किया, पर ज्यादातर मौकों पर भारत की दावेदारी फाइनल राउंड से पहले ही खत्म हो गई.

साल 2001 में सेलिना जेटली ने ‘टॉप-5’ में जगह बनाकर देश की उम्मीदों को थोड़ा जिंदा जरूर रखा था. मगर इसके बाद के कई सालों तक भारत आखिरी राउंड तक पहुंचने के लिए भी तरसता रहा. यही वजह है कि आज भी जब कोई नई इंडियन पार्टिसिपेंट इस बड़े मंच पर कदम रखती है, तो पुराने रिकॉर्ड और वो उतार-चढ़ाव अपने आप चर्चा में आ जाते हैं और भारत के लोगों को उसके साथ ये उम्मीद भी बंध जाती है कि इस बार ताज जरूर भारत आएगा. 

ये रहे भारत के मुश्किल साल

मिस यूनिवर्स जैसे बड़े मंच पर भारत का सफर हमेशा एक जैसा नहीं रहा है. पुराने रिकॉर्ड्स देखें तो साल 2003 से 2006 तक का समय भारत के लिए काफी मुश्किल भरा रहा था. इन लगातार चार सालों में भारत की तरफ से गईं कंटेस्टेंट्स टॉप सेमीफाइनलिस्ट की लिस्ट तक में जगह नहीं बना पाई थीं. इसके बाद साल 2008 से 2014 के बीच भी कई मौके ऐसे आए, जब भारतीय सुंदरियां शुरुआती राउंड में ही बाहर हो गईं और ऑडियंस के हाथ निराशा ही लगी.

अगर हम पिछले कुछ सालों की परफॉर्मेंस पर नजर डालें तो तस्वीर ज्यादा बदली हुई नजर नहीं आती है. साल 2017, 2018 और 2019 में भी भारत फाइनलिस्ट बनने की दौड़ से काफी पीछे रह गया था. इसके बाद साल 2022 और 2023 में भी देश की रिप्रेजेंटेटिव्स से जितनी उम्मीदें लगाई जा रही थीं, वे मंच पर वैसा जादू नहीं चला सकीं. अब साल 2026 में काजिया का टॉप-12 की लिस्ट से बाहर हो जाना, भारत की उन पुरानी और निराशाजनक यादों में नया चैप्टर जोड़ गया है.

काजिया की खास अचीवमेंट्स, जिसे भूलना नहीं चाहिए

भले ही काजिया कॉम्पिटिशन में आगे नहीं बढ़ पाईं, जिसे एक निराशाजनक नतीजा माना जा रहा है, लेकिन उनके इस पूरे सफर की अपनी एक अलग अहमियत है. वे 'मिस यूनिवर्स इंडिया' का बड़ा खिताब जीतने वाली केरल की पहली महिला बनी हैं, जो अपने आप में एक बहुत बड़ी बात और कामयाबी है. इस मुकाम तक पहुंचकर उन्होंने अपने राज्य और देश का नाम रोशन किया है. 

इस पूरे इवेंट के दौरान उन्होंने जिस तरह से खुद को पेश किया, उसने हर किसी का दिल जीत लिया. खासतौर पर ट्रेडिशनल कसावु साड़ी से इंस्पायर उनकी शानदार प्रेजेंटेशन की हर तरफ खूब तारीफें हुई. ग्लोबल मंच पर भारतीय संस्कृति को इतने खूबसूरत अंदाज में दिखाने के लिए लोगों के दिल को भा गया, जिसके लिए उनकी लोगों ने दिल खोलकर जमकर तारीफ की. 

यही वजह है कि भले ही वे मिस यूनिवर्स के टॉप-12 की रेस में अपनी जगह न बना पाई हों, लेकिन उन्होंने दुनिया भर के लोगों के बीच अपनी एक खास और मजबूत पहचान बना ली है. उनका ये कॉन्फिडेंस और अंदाज आने वाली कई लड़कियों के लिए एक बड़ी इंस्पिरेशन बन गया है. आने वाले दिनों में भारत को और भी मौके मिलेंगे ये ताज अपने सिर सजाने के. 

पहले से ज्यादा मुश्किल हो गया है कॉम्पिटिशन?

ब्यूटी पेजेंट की दुनिया को करीब से समझने वाले लोगों का कहना है कि पिछले दस सालों में मिस यूनिवर्स कॉम्पिटिशन का पूरा अंदाज ही बदल गया है. पहले इस बड़े मंच पर सिर्फ कुछ गिने-चुने देशों का ही बोलबाला रहता था और उन्हीं के जीतने की उम्मीद ज्यादा होती थी, लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है, क्योंकि लैटिन अमेरिका, यूरोप, अफ्रीका और एशिया के कई छोटे-बड़े देश भी हर साल एक से बढ़कर एक मजबूत कंटेस्टेंट भेज रहे हैं. इससे हर देश के बीच जीत के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिलती है.

आज के समय में सिर्फ अच्छी शक्ल-सूरत या शानदार रैंप वॉक के भरोसे ताज जीतना मुमकिन नहीं रह गया है. अब जजों की नजर कंटेस्टेंट्स की पर्सनैलिटी, लोगों से जुड़ने की कला, सोशल मीडिया पर उनकी मौजूदगी और समाज के लिए उनकी सोच पर ज्यादा रहती है. आज ब्यूटी पेजेंट के मंच पर कॉन्फिडेंस के साथ अपनी बात रखना भी बहुत ज्यादा मायने रखता है. यही बड़ी वजह है कि शानदार रिकॉर्ड होने के बावजूद भारत जैसे देश के लिए भी हर साल जीत पक्की मान लेना अब आसान नहीं रहा है.

ताज के लिए भारत का इंतजार अभी भी जारी

ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में भारत का नाम हमेशा से काफी बड़ा रहा है. सुष्मिता सेन ने साल 1994 में इस जीत की शुरुआत की थी और उनके बाद लारा दत्ता और हरनाज संधू ने साल 2021 में देश को ये खास सम्मान दिलाया. इन तीनों ने दुनिया के सामने भारत की एक अलग ही पहचान बनाई है, लेकिन साल 2026 में काजिया का सफर रुकने के बाद एक बात साफ हो गई है कि देश के चौथे मिस यूनिवर्स ताज का इंतजार अभी थोड़ा और लंबा खिंचेगा.

केरल की रहने वाली 19 साल की काजिया लिज मेजो ने टॉप-30 में अपनी जगह बनाकर कमाल जरूर दिखाया, पर भारतीय फैंस को उनसे इससे भी बड़ी जीत की उम्मीद थी. उनके बाहर होने से लोग थोड़े मायूस जरूर हुए हैं. अब सबकी नजरें अगले साल होने वाले मुकाबले और भारत की नई दावेदार पर टिकी हैं. फैंस बस यही दुआ कर रहे हैं कि अगली सुंदरी इस सूखे को खत्म करे और भारत को फिर से नंबर एक की कुर्सी पर बैठाए. 

आखिर कितनी बार टॉप कट से बाहर हुआ भारत?

भारत ने 1983 में पहली बार मिस यूनिवर्स में हिस्सा लिया था. तब से लेकर 2026 तक भारत ने सिर्फ 3 बार खिताब जीता है और कुछ मौकों पर टॉप-5, टॉप-10 या सेमीफाइनल तक पहुंचा है, लेकिन बड़ी तस्वीर ये है कि ज्यादातर सालों में भारतीय कंटेस्टेंट्स टॉप कट में जगह नहीं बना सकीं. अगर 1994 (सुष्मिता सेन), 2000 (लारा दत्ता) और 2021 (हरनाज संधू) ताज अपने नाम करने वाली हसीनाओं को छोड़ दें, तो भारत का रिकॉर्ड काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. 1983 से 2026 के बीच 40 से ज्यादा बार ऐसा हुआ जब भारतीय कंटेस्टेंट्स फाइनल या सेमीफाइनल कट तक नहीं पहुंच सकीं.

पिछले 25 सालों का रिकॉर्ड -

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES