App

दिवाली पर क्रेडिट कार्ड से धड़ल्ले से हुई शॉपिंग, ढाई लाख करोड़ की खरीदारी और 14 लाख नए कार्ड हुए जारी

दिवाली के मौके पर बैंकों की तरफ से 14 लाख नए क्रेडिट कार्ड जारी किये गए. इसके साथ देश में एक्टिव क्रेडिट कार्ड की संख्या बढ़कर 12.67 करोड़ पर पहुंच गई. इस बार इनसे होने वाले खर्च का आंकड़ा बढ़कर ढाई लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया.

दिवाली पर क्रेडिट कार्ड से धड़ल्ले से हुई शॉपिंग, ढाई लाख करोड़ की खरीदारी और 14 लाख नए कार्ड हुए जारी
Image Credit: (File Pic) ऑनलाइन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिये 1.54 लाख करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन हुए.

भारत में दिवाली के मौके पर भारतीय घरों में जमकर खरीदारी होती है. इसी का असर है कि दिवाली से पहले फेस्टिव सीजन के दौरान खरीदारी में तेजी आने के बीच अक्टूबर महीने में भारत में क्रेडिट कार्ड से खर्च में जबरदस्त ग्रोथ दर्ज की गई. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के आंकड़ों के अनुसार इस दौरान कुल ट्रांजेक्शन वैल्यू मंथली बेस पर करीब 20 प्रतिशत बढ़कर 2.45 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई. सितंबर में क्रेडिट कार्ड से ट्रांजेक्शन 2.04 लाख करोड़ रुपये का रहा था. अक्टूबर के महीने में हुआ खर्च पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 14.4 प्रतिशत ज्यादा रहा. इस आंकड़े से साफ है कि कंज्यूमर खर्च में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.

बैंकों ने अक्टूबर में कुल मिलाकर 14 लाख नए क्रेडिट कार्ड जारी किये, जिससे इंडस्ट्री में एक्टिव क्रेडिट कार्ड की संख्या बढ़कर 12.67 करोड़ हो गई. सितंबर में यह संख्या 12.53 करोड़ थी. डिजिटल मोड से खरीदारी का दबदबा लगातार बना हुआ है. ऑनलाइन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिये 1.54 लाख करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन हुए, जो कुल क्रेडिट कार्ड खर्च का करीब 63 प्रतिशत है. वहीं, प्वाइंट ऑफ सेल (PoS) के जरिये ट्रांजेक्शन 90,562 करोड़ रुपये रहा.

पिछले महीने के मुकाबले 7.6 फीसदी की ग्रोथ

देश के सबसे बड़े क्रेडिट कार्ड जारी करने वाले एचडीएफसी बैंक ने खर्च के मामले में अपनी दमदार स्थिति को बरकरार रखा है. बैंक के क्रेडिट कार्ड के जरिये महीने के दौरान 70,115 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ, जो पिछले महीने के मुकाबले 7.6 फीसदी की ग्रोथ दर्शाता है. हालांकि, प्रमुख कार्ड जारीकर्ताओं में एसबीआई कार्ड और आईसीआईसीआई बैंक ने भी दमदार ग्रोथ दर्ज की है. एसबीआई कार्ड के जरिये 45,797 करोड़ रुपये का खर्च हुआ, जो सितंबर के मुकाबले 31 प्रतिशत ज्यादा है. वहीं, आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड लेनदेन का मूल्य 37 प्रतिशत बढ़कर 42,295 करोड़ रुपए हो गया.

इन बैंकों का क्या रहा हाल?

एक्सिस बैंक ने क्रेडिट कार्ड से 30,211 करोड़ रुपये के खर्च की जानकारी दी, जो मंथली बेस पर 30.5 प्रतिशत की ग्रोथ है. इसके अलावा, क्रेडिट कार्ड ट्रांजेक्शन की संख्या सालाना बेस पर 32 प्रतिशत बढ़कर 68.3 करोड़ हो गई, जो लेनदेन के कुल दाम में ग्रोथ की तुलना में ज्यादा है. हालांकि, प्रति ट्रांजेक्शन एवरेज खर्च एक साल पहले के 4,133 रुपये से घटकर करीब 3,585 रुपये रह गया. रुपे क्रेडिट कार्ड के जरिये किये जाने वाले कम दाम के लेनदेन सहित रोजमर्रा की खरीदारी में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल बढ़ रहा है. यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) से जुड़े रुपे क्रेडिट कार्ड ने रोजाना पेमेंट में क्रेडिट कार्ड के यूज का दायरा बढ़ाया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More