)
Karthigai Deepam: तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपाथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम का दीया न जलाने को लेकर मदुरै जिला कलेक्टर की ओर से सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की गई. मामले को लेकर कलेक्टर की तरफ से पेश हुए सीनियर वकील गोपाल शंकरनारायणन ने जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की पीठ को बताया कि सभी नियमों का पालन किया गया फिर भी दीपक को विवादित जगह पर नहीं जलाया गया.
सुप्रीम कोर्ट की ओर से बीते 24 नवंबर 2026 को आदेश जारी किया गया था, जिसमें विवादित दीपाथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी गई थी. हालांकि, उस स्थल पर दीपम नहीं जलाया गया, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट में यह स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की गई.
मामले को लेकर वकील गोपाल शंकरनारायणन ने दाखिल स्टेटस रिपोर्ट में कहा कि जो कुछ भी हुआ, उसके लिए मुझे स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करनी थी. उन्होंने कोर्ट से कहा,' आप इस पर विचार कर सकते हैं, क्योंकि दुर्भाग्य से दीपाथून में यह मामला सामने नहीं आ पाया था. कलेक्टर के तौर पर मैंने उन सभी प्रक्रियाओं का पालन किया है, जिनका मुझे पालन करना था. इसलिए हमने वह रिपोर्ट दाखिल कर दी है. इस पर विचार किया जाए.'
जस्टिस अरविंद कुमार ने दाखिल रिपोर्ट को लेकर कहा,' सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक, कलेक्टर को इवेंट के 3 दिन बाद स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करनी है.' इसको लेकर सीनियर वकील ने कहा कि बेहतर होगा कि प्रतिवादियों की ओर से इस मुद्दे को उठाने से खुद पहले ही कलेक्टर अदालत के ध्यान में यह मामला लाएं. वकील ने कहा,' मुझे भरोसा है है कि दूसरी ओर के लोग इस मुद्दे को उठाएंगे कि वहां दीपम नहीं जलाई गई थी. इसलिए हमने सोचा कि यही ठीक होगा कि हम खुद ही अदालत के ध्यान में यह मुद्दा लाएं.'
दीपाथून पर दीया जलाने की मांग करने वाले पक्ष की तरफ से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता गुरु कृष्णकुमार ने दीया जलाने की अनुमति न मिलने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि एक तरह से यह नियमों के उल्लंघन के लिए अग्रिम उल्लेख मांगने जैसी कोशिश है. कृष्णकुमार ने अदालत को बताया कि मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के नाम से एक बयान जारी किया गया था, जिसमें साफ कहा गया था कि परंपरा के हिसाब से ही उच्चिपिल्लयार मंदिर में दीया जलाया जाना चाहिए. हालांकि, बाद में कई पुजारियों की ओर से इस तरह के बयान जारी करने से साफ मना कर दिया गया.
वरिष्ठ अधिवक्ता गुरु कृष्णकुमार ने आगे कहा कि फैसले को न मानना कोर्ट के आदेश को अनदेखा करने की एक सोची-समझी साजिश है, जिसमें वे सफल भी हो गए. उन्होंने कहा कि यह साफतौर पर कानून का उल्लंघन है. उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने कोर्ट को आदेश मानने का पूरा भरोसा दिलाया, लेकिन आखिरी समय पर इससे मुकर गए. गुरु कृष्णकुमार ने कहा कि अखंड लौ अभी भी उच्चिपिल्लयार मंडपम में जल रही है. ऐसे में कानून का सम्मान करते हुए दीपक को दीपाथून पर स्थापित किया जाना चाहिए.