SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'मिर्जापुर' के कालीन भैया का भौकाल! पर्दे पर इतने असली क्यों लगते हैं पंकज त्रिपाठी? उनके किरदारों में छिपा बड़ा राज

Mirzapur Kaleen Bhaiya VS Pankaj Tripathi: कालीन भैया जब कमरे में दाखिल होते हैं तो माहौल बदलने के लिए उन्हें न बंदूक उठानी पड़ती है, न आवाज ऊंची करनी पड़ती है. चेहरे पर वही ठहराव, आवाज में वही धीमी-सी गर्माहट और आंखों में ऐसा भाव, जैसे सामने खड़े इंसान की अगली कई चालें वो पहले ही पढ़ चुके हों. यही कालीन भैया की सबसे बड़ी ताकत है और यही वो वजह भी है, जिसने पंकज त्रिपाठी को इस किरदार में बाकी तमाम गैंगस्टर किरदारों से अलग खड़ा कर दिया.

Written By Jyoti Rajput
Published: Sep 05, 2026, 09:41 AM IST | Updated: Sep 05, 2026, 09:45 AM IST
Join

'मिर्जापुर द मूवी' में पंकज त्रिपाठी का किरदार सिर्फ बंदूक, कारोबार और सत्ता का खेल खेलने वाला बाहुबली नहीं है, वो अपनी खामोशी से डर पैदा करते हैं. दिलचस्प बात ये है कि पर्दे पर इतनी हिंसक दुनिया का बड़ा किरदार बनने वाला ये एक्टर असल जिंदगी में विवादों और टकराव से दूर रहने वाला इंसान है. शायद यहीं से पंकज त्रिपाठी के एक्टिंग का वो रहस्य शुरू होता है, जिसे ऑडियंस स्क्रीन पर महसूस तो करते हैं, लेकिन अक्सर शब्दों में पकड़ नहीं पाते. कालीन भैया की पॉपुलैरिटी का राज सिर्फ उनके डायलॉग में नहीं है, बल्कि उन पलों में है जब वो कुछ कहते ही नहीं.

पंकज त्रिपाठी ने कालीन भैया को किसी ट्रैडिशनल फिल्मी विलेन की तरह नहीं निभाया. उन्होंने उसके गुस्से को चीख में बदलने के बजाय भीतर दबाकर रखा, उसकी ताकत को दिखान के बजाय कंट्रोल किया और उसकी क्रूरता के बीच एक बेहद आम सा व्यवहार कायम किया. खुद त्रिपाठी के मुताबिक, कालीन भैया की शांति दरअसल उसके वर्चस्व से आती है, उसे हर समय खुद को ताकतवर साबित करने की जरूरत नहीं पड़ती है. यही वजह है कि जब वो किसी को आदेश देता है, तो उसके शब्दों से ज्यादा असर उस ठहराव का होता है जिसके साथ वो उन्हें बोलता है.

कालीन भैया का किरदार कैसे बना इतना रियलस्टिक?
 

पंकज त्रिपाठी का असली कमाल ये है कि वो अपने किरदारों को सिर्फ बाहरी हाव-भाव से नहीं बनाते. वो लोगों को देखते हैं, वो कैसे चलते हैं, कैसे बोलते हैं, किस परिस्थिति में कैसा रिएक्शन देते हैं और उनके चेहरे के पीछे क्या चल रहा हो सकता है. हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि रोजाना जिंदगी में लोगों को देखना और उनके व्यवहार के पीछे की सोच को समझने की कोशिश करना उनकी एक्टिंग प्रोसेस का अहम हिस्सा है. यही कालीन भैया जैसे किरदार को वो बारीकी देता है, जिसमें हर छोटी नजर, हर विराम और हर मामूली-सी मुस्कान का भी अर्थ दिखाई देने लगता है.

कालीन भैया के किरदार के लिए क्या न करना जरूरी था
 

कालीन भैया को समझने के लिए सिर्फ ये देखना काफी नहीं कि वो क्या करता है, बल्कि ये भी देखना ज्यादा जरूरी है कि वो क्या नहीं करता. वो हर बात पर भड़कता नहीं, हर चुनौती का तुरंत जवाब नहीं देता और हर भावना को चेहरे पर आने नहीं देता. पंकज त्रिपाठी ने खुद कहा है कि उन्होंने इस किरदार को रिएक्ट करने के बजाय रिस्पॉन्ड करने वाला बनाया. यानी सामने की परिस्थिति चाहे जितनी विस्फोटक हो, कालीन भैया पहले उसे देखता है, समझता है और फिर कदम उठाता है. ये संयम ही उसके किरदार को खतरनाक बनाता है. एक एक्टर के तौर पर त्रिपाठी की सबसे बड़ी उपलब्धि शायद यही है कि उन्होंने चुप्पी को भी एक्टिंग की भाषा बना दिया.

अतीत से निकला था कालीन भैया का किरदार 
 

इस एक्टिंग के पीछे उनके अपने एक्सपीरियंस और उस समाज की समझ है, जहां से वो आते हैं. पंकज त्रिपाठी ने पहले भी बताया है कि पूर्वांचल के माहौल और वहां के लोगों की बोलचाल, व्यवहार और तौर-तरीकों से उनकी परिचितता ने कालीन भैया की भाषा और अंदाज को पकड़ने में मदद की. लेकिन उन्होंने असल जिंदगी के किसी एक व्यक्ति की नकल करने के बजाय अपने एक्सपीरियंस को किरदार में मिलाया. यही कारण है कि कालीन भैया किसी एक असली व्यक्ति की कॉपी नहीं लगता, बल्कि एक ऐसा किरदार बन जाता है जो अपने आसपास की दुनिया से निकला हुआ महसूस होता है.

पर्दे पर भौकाल, असल में बिल्कुल शांत
 

शायद यही मुख्य वजह है कि जहां कालीन भैया और पंकज त्रिपाठी के बीच सबसे दिलचस्प अंतर पैदा होता है. असल जिंदगी में टकराव से बचने वाला एक्टर स्क्रीन पर स्ट्रगल से भरे किरदारों को इतनी सही ढंग से कैसे जी लेता है? पंकज इस पर बात करते हुए अक्सर ये कहते हैं कि एक्टिंग के लिए स्ट्रगल जरूरी है, जिंदगी के लिए नहीं. वो मानते हैं कि किरदारों के भीतर मौजूद लालच, गुस्सा, लोभ, डर और कमजोरी जैसे भाव इंसानी एक्सपीरियंस का ही हिस्सा हैं. एक्टर का काम उन भावनाओं को समझना और उन्हें सही तरीके से जीना है, इसी प्रोसेस में उन्होंने कालीन भैया जैसे किरदार के भीतर छिपे दबे हुए गुस्से और सत्ता के लिए उसकी सोच को भी तलाशा था.

पंकज त्रिपाठी की दमदार एक्टिंग का राज
 

पंकज त्रिपाठी की एक्टिंग का असली राज आखिर क्या है? शायद कोई एक तकनीक नहीं, बल्कि तीन चीजों का मेल है, बारीकी से लोगों को देखना, किरदार को भीतर से समझना और जरूरत से ज्यादा एक्टिंग न करना. कालीन भैया की खामोशी इसलिए असरदार है क्योंकि उसके पीछे एक्टर का कंट्रोल है, उसकी आंखों का ठहराव इसलिए डराता है क्योंकि उसमें बिना कहे भावों की पूरी दुनिया छिपी है. यही पंकज त्रिपाठी की खासियत है कि वो हर किरदार को बड़ा दिखाने के लिए एक्टिंग नहीं करते, बल्कि उसे इतना आसान बना देते हैं कि लोग उसकी दुनिया पर विश्वास करने लगते हैं. कालीन भैया के रूप में उनकी वापसी ने एक बार फिर यही साबित किया है कि कभी-कभी पर्दे पर सबसे खतरनाक आवाज वो होती है, जो सबसे धीमी होती है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES