पंजाब और बॉलीवुड के मशहूर सिंगर दलेर मेहंदी द्वारा उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में नवरात्रि के दौरान परफॉर्मेंस दी गई, जो एक समय के बाद बड़े विवाद में बदल गई, जब राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल अचानक स्टेज पर पहुंच गए. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद म्यूजिक इंडस्ट्री और राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई. दरअसल, मंत्री जी ने सिंगर पर आरोप लगाया कि वो स्टेज पर नशे की हालत में गा रहे थे और लाइव गाने के बजाए लिप-सिंक कर रहे थे. इतना ही नहीं, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी पर निशाना साधते हुए कहा कि नवरात्रि के पवित्र मौके पर इस तरह का बर्ताव बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है.
मंत्री जी ने अपनी सफाई पेश करते हुए कहा, 'नवरात्रि के लिए दुर्गा माता का एक प्रोग्राम है और आप शराब पीकर उस प्रोग्राम में गा रहे हैं, जो सही नहीं है.' इसके साथ ही मंत्री ने सिंगर की बोलने की क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा, ' आप से बोला तो जा नहीं रहा, आप गाना क्या गाओगे?' बाद में एएनआई को दिए इंटरव्यू में मंत्री जी ने ये भी दावा किया कि इस परफॉर्मेंस के लिए सिंगर को 35 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद, उन्होंने सही से परफॉर्म नहीं किया.
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद दलेर मेहंदी के भाई और पॉपुलर सिंगर मीका सिंह खुलकर उनके सपोर्ट में मैदान पर उतर आए हैं. 21 अक्टूबर, 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नया वीडियो और पोस्ट शेयर करते हुए मीका ने मंत्री सुबोध उनियाल से पब्लिकली माफी मांगने की मांग की है. मीका सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा, 'सत श्री अकाल, सभी को! बॉलीवुड से लेकर पंजाब तक के सभी सिंगर्स, फैंस, दोस्तों, परिवार और शुभचिंतकों को आपके प्यार और सपोर्ट के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. मेरा पॉइंट सिंपल है, दलेर मेहंदी जी शराब नहीं पीते हैं, और उन पर ऐसे आरोप लगाना पूरी तरह से गलत है'.
Sat Sri Akal, everyone! 🙏❤️ Thank you so much to all the singers from Bollywood to Punjab, fans, friends, family, and well-wishers for your love and support. My point is simple: Daler Mehndi ji does not drink alcohol, and making such allegations against him is completely wrong. आज अगर कोई टीचर स्कूल या कॉलेज में किसी बच्चे को डांटता है, तो भी बड़ा मुद्दा बन जाता है। फिर एक इतने बड़े कलाकार को मंच पर सबके सामने इस तरह डांटना और अपमानित करना कहाँ तक सही है? I believe an apology is due. The person responsible should acknowledge that the allegations about Daler Mehndi ji drinking alcohol were wrong and apologise for the way he was treated. Cabinet minister @SubodhUniyal1 Thank you, everyone, for standing with Daler Mehndi ji. ❤️🙏
— King Mika Singh (@MikaSingh) October 21, 2026
मीका सिंह ने उत्तराखंड के मंत्री द्वारा स्टेज पर सबके सामने दलेर मेहंदी को रोकने और डांटने की घटना पर अपनी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने अपने पोस्ट में सवाल उठाते हुए कहा, 'आज, अगर कोई टीचर स्कूल या कॉलेज में किसी बच्चे को डांट भी दे, तो ये एक बड़ा मुद्दा बन जाता है. तो, इतने बड़े और फेमस कलाकार को मंच पर सबके सामने डांटना और अपमानित करना कैसे सही है?'. उन्होंने आगे कहा कि जिम्मेदार मंत्री को अपनी गलती मानते हुए दलेर मेहंदी पर लगाए गए झूठे आरोपों और उनके साथ हुए इस गलत व्यवहार के लिए माफी मांगनी चाहिए. साथ ही, उन्होंने मुश्किल समय में उनके परिवार का साथ देने वाले सभी सेलेब्स और फैंस का आभार जताया है.
सिंगर दलेर मेहंदी के सपोर्ट में सिर्फ म्यूजिक इंडस्ट्री के लोग ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड एक्टर्स भी सामने आए हैं. अनुपम खेर के बाद, अब एक्टर राजपाल यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर मंत्री जी की खिंचाई कर दी है. उन्होंने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'कलाकार का अपमान मतलब कला का अपमान और कला का अपना एक कद्द है और कद्द कभी पैसो से नहीं तोला जा सकता.'
इतना ही नहीं, राजपाल यादव ने वीडियो में आगे कहा, ऐसे निंदनीय शब्दों का प्रयोग और व्यवहार मंत्री जी कर रहे थे और सीनियर सिंगर के सामने मारपीट का उदाहरण दे रहे थे, मंत्री जी आपको ये सब शोभा नहीं देता. ऐसा लगता है मानो आपने कला को खरीद लिया हो. कला को कभी भी खरीदा नहीं जा सकता, कला एक जीवन है, इसलिए कला का सम्मान करिए.' अपनी बात को आगे बढ़ाते और दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए राजपाल ने कहा, 'पद आते हैं, जाते हैं. लेकिन कद हमेशा रहता है और कला का कद हजारों सालों से है. कला के कद का सम्मान करिए. भगवान आपका भला करे.'
सिंगर दलेर मेहंदी के सपोर्ट में सिर्फ मीका सिंह ही नहीं, बल्कि पूरी फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री के लोग एक साथ आ गए हैं. इस विवाद के तूल पकड़ते ही सिंगर पलाश सेन, हर्षदीप कौर, अलीशा चिनॉय, कॉमेडियन कपिल शर्मा, एक्टर राजपाल यादव और कई दूसरे जाने-माने सितारों ने दलेर मेहंदी का साइड लिया. सभी का यही कहना है कि दलेर मेहंदी अपनी सेहत के चलते पिछले दो साल से काफी स्ट्रगल कर रहे हैं और शराब पीने के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और झूठे हैं. फिलहाल, ये विवाद लगातार सोशल मीडिया पर सुर्खियों में बना हुआ है.